-इस बार भाजपा की टिकट के प्रबल दावेदार हैं जीएल शर्मा
सेवा संकल्प अभियान के जरिए विधानसभा में कर रहे दौरा

गुरुग्राम। भाजपा हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने गुरुग्राम विधानसभा से चुनावी ताल ठोक दी है। जीएल शर्मा इस बार गुरुग्राम विधानसभा से भाजपा की टिकट के प्रबल दावेदार हैं। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत विधानसभा में प्रचार आरंभ कर दिया है। करीब एक सप्ताह से जीएल शर्मा शहर की विभिन्न कॉलोनियों का दौरा मतदाताओं से रूबरू होकर भाजपा की नीतियों और सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचा रहे हैं। शर्मा अभी तक डेढ़ दर्जन कॉलोनियों को दौरा कर चुके हैं। जहां भी जाते हैं, जनसमूह उन्हें सुनने और उनका स्वागत-सत्कार करने उमड़ पड़ता है। उनके कार्यक्रमों में उमड़ रही भीड़ इस बात के साफ संकेत दे रही है कि गुरुग्राम की जनता इस बार जीएल शर्मा को अपना प्रतिनिधित्व सौंपने को आतुर है। विधानसभा के विभिन्न स्थानों और पार्टी के शहरी मंडलों में जीएल शर्मा ने अपने अलग-अलग दफ्तर खोलकर अपने प्रचार को धार देने का काम कर दिया है। इन दफ्तरों में आमजन की छोटी-छोटी समस्याओं के हल के लिए सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें फैमिली आईडी में संशोधन से लेकर अन्य दस्तावेज आसानी से बनाने और उनमें संशोधन का काम किया जा रहा है।

गौर करने वाली बात है कि इससे पूर्व जीएल शर्मा साल 2014 और 2019 में भी पार्टी टिकट के प्रमुख दावेदार थे। लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिल पाया। इस बार उन्होंने फिर से अपना दावा मजबूत कर दिया है। पार्टी ने उन्हें लगातार दूसरी बार प्रदेश उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर उन पर पार्टी के प्रति निष्ठा और सेवा भाव पर भरोसा जता चुकी है। जीएल शर्मा के पास अच्छा खासा अनुभव है। वह तीन साल हरियाणा डेयरी सहकारी विकास प्रसंघ के चेयरमैन भी रहे। हमेशा घाटे में रहने वाला वीटा उनके नेतृत्व में पहली बार 42 करोड़ से अधिक के मुनाफे में आया।
पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी, बखूबी निभाई
जीएल शर्मा को भाजपा ने आज तक जो भी जिम्मेदारी दी है, उसे बखूबी निभाया है। विभिन्न प्रदेशों के विधानसभा चुनाव में जहां-जहां उन्हें चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी मिली, अपने कुशल और कारगर संगठनात्मक अनुभव का लाभ लेते हुए बेहतर प्रबंधन किया। यही कारण रहा है कि जहां उनकी जिम्मेदारी रही, वहां पार्टी के खाते में जीत आई। असम, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान जैसे राज्यों में उन्होंने विधानसभा चुनाव का कुशल प्रबंधन किया है। लोकसभा चुनाव में भी उन्हें चुनाव प्रभारी के तौर पर पार्टी ने कई महत्वपूर्ण सीटों की जिम्मेदारी दी है। साल 2019 में उन्होंने रोहतक जैसे कांग्रेस के गढ़ में बेहतर प्रबंधन से अपने सहयोगियों के साथ भाजपा की जीत की सुनिश्चित की। इस बार भी पार्टी ने उन्हें फरीदाबाद लोकसभा का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया था। भाजपा ने फरीदाबाद में बड़ी जीत दर्ज करने में सफलता हासिल की।
पार्टी की सेवा का फल जरूर मिलेगा – जीएल
अपने प्रचार में जुटे जीएल शर्मा ने कहा कि वह 25 साल से गुरु द्रोण की धरती और मां शीतला की नगरी में रहकर जनसेवा में जुटे हैं। राजनीति उनके लिए सेवा का माध्यम है। उन्होंने हमेशा ही अपनी सामर्थ्य और क्षमता के अनुसार इस शहर और शहर वासियों की सेवा करने का प्रयास किया है। अगर पार्टी ने उन्हें इस बार मौका दिया तो शहर के लोग शहर में बड़ा बदलाव अपनी आंखों से देखेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी इस बार उन्हें निराश नहीं करेगी। जीएल शर्मा ने कहा कि आज गुरुग्राम सरकार की प्राथमिकता में है। पिछले दस सालों कें भाजपा ने गुरुग्राम की तकदीर और तस्वीर बदलने का काम किया है। विकास पुरुष के नाम से प्रदेश में अपनी पहचान बनाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने साढ़े नौ साल में पूरे प्रदेश का बिना भेदभाव विकास किया। उन्होंने जहां से काम छोड़ा, यशस्वी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वहीं से काम आगे बढ़ाया। एक महीने में एक के बाद एक जनकल्याण की योजनाएं धरातल पर उतार कर नायब सैनी ने यह साबित कर दिया कि भाजपा ही प्रदेश को सही मायने में विकास के रास्ते पर लेकर जा सकती है।