लोकसभा के बाद अब विधानसभा चुनाव जीतने की कवायद में जुटी भाजपा

कार्यकर्ता ही हमारी ताकत और कार्यकर्ता ही हमारा गौरव है : नायब सैनी

जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में नायब सैनी ने कहा – हमारी सरकार जनता की सरकार है

चंडीगढ़, 18 जून। लोकसभा चुनाव के बाद अब भाजपा विधानसभा चुनाव को जीतने की तैयारियों में जुट गई है। इसी कड़ी में सोमवार को चंडीगढ़ में जिला अध्यक्षों और प्रदेश प्रभारियों की दो महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें हुईं। हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दोनों बैठकों में आगामी कार्य योजनाओं की रूपरेखा तैयार की। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि आने वाले चुनाव में भाजपा का कार्यकर्ता मजबूत इरादों और ताकत के साथ चुनाव के मैदान में उतरेगा।  

बैठक में श्री सैनी ने सभी पदाधिकारियों से विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश के सभी 313 मंडलों पर योग दिवस मनाया जाएगा जिसमें भाजपा के कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक से अधिक होनी चाहिए।  बैठक में संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, डा. अर्चना गुप्ता, सुरेंद्र पूनिया, सांसद कृष्ण लाल पंवार सहित सभी जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कार्यकर्ता ही हमारी ताकत और कार्यकर्ता ही हमारा गौरव है। कार्यकर्ताओं के पुरुषार्थ और अथक मेहनत से ही भाजपा मजबूती से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनता की सरकार है। हरियाणा में डबल इंजन सरकार हर दिन नए-नए लोक कल्याण के लिए कदम उठा रही है। श्री सैनी ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने जा रही है।

नायब सैनी ने कहा कि कार्यकर्ता लोगों के बीच जाएं और उन्हें सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में बताएं। नायब सैनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने झूठ बोलकर लोगों को भ्रमित कर वोट बटोरे हैं। झूठ बोलकर और लालच देकर कांग्रेस लगातार जनता को ठगती रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाएं और लोगों के सामने कांग्रेस की झूठ और छल कपट की पोल पट्टी भाजपा सरकार की योजनाओं के जरिए खोलें। सैनी ने यह भी कहा कि जनता को यह भी बताए कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है।

नायब सैनी ने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए वे पूरे किए हैं। अंत्योदय की भावना से भाजपा सरकार 10 सालों से गरीबों के उत्थान में जुटी है। 10 वर्षों में जितनी भी योजनाएं बनाई हैं उनका लाभ गरीब लोगों को मिल रहा है। मोदी और डबल इंजन की सरकार ने गरीब लोगों को इलाज की गारंटी दी है। महिलाओं को दूर-दूर से पानी लाने और धूआं से मुक्ति दिलाई है। भाजपा सरकार में गरीब घरों के बच्चे बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरी लग रहे हैं। सरकार गरीब लोगों को रहने के लिए पक्का मकान दे रही है।

नायब सैनी ने कहा कि हमें अपने बूथों को और अधिक मजबूत करना होगा। कार्यकर्ताओं को बूथ और शक्ति केंद्र पर सक्रिय भागीदारी निभाकर भाजपा के वोटों की संख्या को बढ़ाना है। कमजोर बूथों पर और अधिक मेहनत करने की जरूरत है। नायब सैनी ने कहा कि अब विधानसभा चुनाव को प्रचंड बहुमत से जीतने की कवायद में सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुट जाएं। कार्यकर्ताओं की ताकत और जनता जनार्दन के आशीर्वाद से हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बननी तय है।

You May Have Missed

error: Content is protected !!