वोट प्रतिशत कम होने के बाजवूद भी बड़े मार्जिन से 10 की 10 सीटें जीत रही है भाजपा : बराला

लोकसभा चुनाव में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जी जान से मेहनत की : बराला

4 जून के बाद कांग्रेस ईवीएम पर फोड़ेगी अपनी हार का ठीकरा : बराला

मतदान कम होना राजनीतिक पार्टियों के लिए समीक्षा का विषय

– सुभाष बराला ने प्रचंड गर्मी में मतदान करने के लिए जनता का जताया आभार, कार्यकर्ताओं की भी थपथपाई पीठ

चंडीगढ़ , 29 मई। लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने रोहतक में दावा करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर भाजपा 10 की 10 लोकसभाओं के साथ-साथ करनाल विधानसभा उपचुनाव को बड़े मार्जिन से जीत रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले चुनावों की अपेक्षा इस बार मतदान कम हुआ है यह सभी राजनीतिक पार्टियों के लिए समीक्षा का विषय है। श्री बराला बुधवार को रोहतक स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। यहां श्री बराला ने कांग्रेस पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव में झूठ बोलकर मतदाताओं और समाज को गुमराह करने का खूब प्रयास किया, लेकिन ना तो मतदाता इनके झांसे में आया और ना ही वोटरों ने कांग्रेस की बातों पर विश्वास किया। प्रेसवार्ता के दौरान श्री बराला ने तपती गर्मी में 25 मई को हुए मतदान के लिए जनता का आभार जताया। वहीं उन्होंने मीडियाकर्मियों का भी धन्यवाद किया कि उन्होंने ईमानदारी से काम करते हुए सही बातें लोगों तक पहुंचाई।

सुभाष बराला ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पूरी जी जान से मेहनत की है, इसके लिए सभी कार्यकर्ता धन्यवाद के पात्र हैं। चुनाव प्रबंधन से जु़ड़े कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए श्री बराला ने कहा कि चाहे प्रधानमंत्री मोदी की रैली हो या फिर केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्रियों व मुख्यमंत्री की रैलियों व संगठन से जुड़े कार्यक्रमों को कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक संपन्न कराया है।

कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं का प्रचार किया और घर-घर जाकर मतदान की पर्ची बांटने तक का काम किया है। चुनाव के दौरान हर बूथ पर लगभग 14 हजार 500 बैठकें हुईं इसके अलावा लगभग 16 हजार बूथों पर डोर टू डोर कार्यक्रम संपन्न हुए। कार्यकर्ताओं के कारण जनता का झुकाव भाजपा की तरफ रहा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 10 सालों में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला, व्यापारी सभी के कल्याण के लिए काम किया है।

श्री बराला ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान दुनिया की अर्थव्यवस्था डगमगाई, लेकिन पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई। हमारा आधारभूत ढांचा लगातार मोदी सरकार मजबूत करती रही। हरियाणा में भाजपा सरकार ने पारदर्शी शासन व्यवस्था लागू की जिसका फायदा युवाओं को मिला। बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवा मैरिट के आधार पर नौकरी लगे। उन्होंने कहा कि जनता मोदी सरकार की योजनाओं से खुश है, इसलिए जनता ने और खासकर युवाओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया है।

पत्रकार द्वारा पूछे गए एक सवाल पर बोलते हुए श्री बराला ने कहा कि 2019 के मुकाबले इस बार लगभग 4 प्रतिशत मतदान कम रहा है। हालांकि मतदान ज्यादा होना चाहिए था। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि मतदान कम होने के बावजूद भी भाजपा 10 प्लस एक सीट 100 प्रतिशत जीत रही है। एक अन्य सवाल पर श्री बराला ने कहा कि चुनाव के दौरान कर्मचारियों या अधिकारियों की कोई लापरवाही का मामला है तो जांच के बाद कड़ी कार्रवाई होगी।  

ईवीएम पर पूछे गए एक अन्य सवाल पर बोलते हुए श्री बराला ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि नाच न जाने आंगन टेड़ा वाली बात कांग्रेस पर चरितार्थ हो रही है। देश और प्रदेश में सही तरह से कांग्रेस ने अभियान चलाया नहीं। कौन प्रधानमंत्री बनेगा इसकी चर्चा तक विपक्ष ने नहीं की। अब विपक्ष के पास हार का ठीकरा फोड़ने के लिए ईवीएम ही बची है। झूठ बोलना कांग्रेस की फितरत रही है। चुनाव में कांग्रेस ने खूब झूठा बोला कि भाजपा की सरकार बनी तो संविधान खत्म हो जाएगा, लेकिन जनता कांग्रेस के बहकावे में नहीं आई।

सरपंचों के बारे में पूछे गए सवाल पर सुभाष बराला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी की सरपंच प्रतिनिधियों से बातचीत हुई है। ई-टैंडरिंग के मामले में अगर कोई त्रुटि है तो सरकार उसे दूर करेगी। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास कराने के लिए नायब सरकार प्रतिबद्ध है। इस मौके पर प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका रोहतक के पूर्व महापौर मनमोहन गोयल, जिला उपाध्यक्ष पंकज छाबड़ा, पूर्व नगर निगम पार्षद अमित बंसल, धर्मेंद्र सैनी आदि उपस्थित रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!