राजकीय सम्मान के साथ किया गया विधायक का अंतिम संस्कार

हरियाणा सरकार की ओर से डीसीपी विरेंद्र विज व एसडीएम दर्शन यादव ने पुष्प चक्र अर्पित किया

विधायक सत्यप्रकाश जरावता, बलराज कुंडू व नैनपाल सिंह रावत रहे उपस्थित

गुरूग्राम, 25 मई। बादशाहपुर के विधायक राकेश दौलताबाद का आज शाम गांव दौलताबाद के स्वर्ग आश्रम में गमगीन माहौल के बीच राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनका आज दोपहर अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया था। दौलताबाद में अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ लगी हुई थी।

वर्ष 2019 में बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर विजयी हुए विधायक राकेश दौलताबाद को आज सुबह करीब नौ बजे अचानक दिल का दौरा पड़ गया। जिस कारण उन्हें पालम विहार स्थित मणिपाल अस्पताल में ईलाज के लिए ले जाया गया। लेकिन चिकित्सकों के भरसक प्रयासों के बावजूद उनको बचाया नहीं जा सका।

गांव दौलताबाद में 17 मार्च 1980 को पिता जिले सिंह व माता रोशनी देवी के घर राकेश दौलताबाद का जन्म हुआ था। युवावस्था से ही वह समाजसेवा में सक्रिय हो गए थे। उन्होंने वर्ष 2009, 2014 तथा वर्ष 2019 में तीन बार बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा। जिनमें पिछली बार वे विधायक निर्वाचित हुए। आज अचानक उनके निधन का समाचार सुनकर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव दौलताबाद के स्वर्ग आश्रम में राजकीय सम्मान के साथ विधायक राकेश दौलताबाद के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया।

हरियाणा सरकार की ओर से डीसीपी ट्रैफिक विरेंद्र विज एवं मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव ने दिवंगत नेता के सम्मान में पुष्पचक्र अर्पित किया। हरियाणा पुलिस के जवानों ने हवाई राऊंड फायर कर उन्हें अंतिम सलामी दी। पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता, महम के विधायक बलराज कुंडू व पृथला के विधायक नैनपाल सिंह रावत ने भी दिवंगत विधायक की पाॢथव देह पर श्रद्घासुमन अर्पित किए। विधायक राकेश दौलताबाद के ज्येष्ठ पुत्र मिलिंद जांघू ने चिता को मुखाग्रि दी।

गुड़गांव लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बादशाहपुर से निर्दलीय विधायक राकेश दौलताबाद के अकस्मात निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है।उन्होंने कहा कि राकेश दौलताबाद ने संघर्ष की राजनीति की थी और निर्दलीय जीत कर युवाओं के लिए नया रास्ता प्रशस्त किया था।

राव ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा इस दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं।

गुरूग्राम के उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने भी विधायक राकेश दौलताबाद के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि विधायक राकेश दौलताबाद के चले जाने से क्षेत्र को अपूर्णीय क्षति पहुंची है। स्व. राकेश दौलताबाद के परिवार में पिता जिलेसिंह, माता रोशनी देवी, धर्मपत्नी कुमुदनी, पुत्र मिलिंद जांघू, देव जांघू, भतीजी चारवी जांघु व भतीजा युग जांघू रह गए हैं। उनके छोटे भाई संदीप जांघू का तीन साल पहले वर्ष 2021 में कोविड के दौरान निधन हो गया था। विधायक राकेश दौलताबाद को हजारों अश्रुपूरित नेत्रों ने आज अंतिम विदाई दी।

error: Content is protected !!