हजारों लोगों के साथ ज्ञान चंद गुप्ता पहुंचे अंबाला, पीएम मोदी ने पूछी परिवार की कुशलक्षेम

मोदी की रैली से उत्साह से लबरेज होकर लौटे भाजपाई

पंचकूला, 18 मई। अंबाला में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विजय संकल्प रैली से पंचकूला के भाजपाई उत्साह से लबरेज होकर लौटे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता करीब 5 हजार लोगों के साथ रैली में पहुंचे। इस दौरान ज्ञान चंद गुप्ता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी और परिवार की कुशलक्षेम भी पूछी। प्रधानमंत्री ने अपना संबोधन पंचकूला की अधिष्ठात्री माता मनसा देवी के स्मरण से किया।

अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि पंचकूला में बड़ी संख्या में सैन्य अधिकारी और पूर्व सैनिक रहते हैं। प्रधानमंत्री ने सेना का गौरव बढ़ाने वाली अनेक उपलब्धियों को अपने भाषण में जगह में दी। उन्होंने कहा कि गत 10 वर्षों में सेना को आत्मनिर्भर बनाया गया है। एक समय था जब भारत बड़ी मात्रा में हथियारों का आयात करता था, लेकिन अब न केवल अपनी आवश्यकता पूरी कर रहा है बल्कि दूसरे देशों को भी हथियार निर्यात करता है। उन्होंने वन रैंक-वन पैंशन की नीति भी लागू की है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा का कुरुक्षेत्र न्याय की जीत का प्रतीक है और हम विकसित भारत का संकल्प लेकर निकले हैं।

ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि रैली में पीएम मोदी ने किसान कल्याण की नीतियां बताते हुए कहा कि कांग्रेस के जमाने में 10 साल में सिर्फ 7.50 लाख करोड़ रुपए का अनाज एमएसपी पर खरीदा जाता था, लेकिन अब पिछले 10 वर्षों में 20 लाख करोड़ रुपए का अनाज एमएसपी पर खरीदा गया है। फसलों का पैसा सीधा किसानों के खाते में जमा होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गन्ना किसानों को सिर्फ और सिर्फ धोखा दिया। आज गाने का रेट 350 रुपए प्रति क्विंटल है, जबकि कांग्रेस के समय में यह मात्र 210 रुपए प्रति क्विंटल था।

आज भारत दुनिया के सामने सुपर फूड लेकर गया है। भारत में विश्व स्तर पर पोषक आहार बनाने की क्षमता है। ज्वार-बाजरा इत्यादि मोटा अनाज हरियाणा का किसान उगता है। मोदी इसे दुनिया तक पहुंचा रहे हैं। आने वाले समय में 2 लाख से ज्यादा गोदाम बनाएंगे, जहां किसानों का अनाज सुरक्षित रखेंगे। आलू, प्याज और टमाटर के किसानों के लिए विशेष क्लस्टर बनाएंगे। गांव की महिलाओं को ड्रोन पायलट की ट्रेनिंग दे रहे हैं। खेती के ड्रोन के इस्तेमाल में हरियाणा सबसे आगे होगा। खेलों की दुनिया में हरियाणा का नाम शीर्ष पर है। बेटियों के लिए भी सेना के दरवाजे खोल दिए गए हैं।

कांग्रेस पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली और हरियाणा में कांग्रेसी झाड़ू उठाए हुए हैं, लेकिन पंजाब में झाड़ू वाले को चोर बताते हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस एससी, बीसी और ओबीसी आरक्षण को धर्म के नाम पर बांटने की बात कर रही है।
ज्ञान चंद गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया वे अगले 7 दिन रात एक कर भाजपा उम्मीदवार बंतो कटारिया को भारी बहुमत से जिताकर नरेंद्र मोदी जी के हाथ मजबूत करें। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को 19 मई को शाम 5 बजे हर मार्केट में जाकर वोट मांगने की अपील की।

error: Content is protected !!