भाजपा के 44वें स्थापना दिवस पर प्रदेशभर में लाखों कार्यकर्ताओं ने घरों पर फहराया पार्टी का झंडा

नायब सैनी ने फरीदाबाद कार्यालय पर झंड़ा फहराया।

 दो सीटों से यात्रा शुरू करने वाली भाजपा इस बार 400 पार करेगीः नायब सैनी

मनोहर लाल ने सिरसा में बाइक रैली को झंडी दिखाई, तो सुभाष बराला ने गाजूवाला गांव, राम बिलास शर्मा ने पंचकूला में मनाया स्थापना दिवस

प्रदेश में पार्टी के झंडों के साथ निकाली पैदल यात्रा और बाइक रैली

चंडीगढ़, 6 अप्रैल। भाजपा ने अपना 44वां स्थापना दिवस प्रदेशभर में मंडल स्तर पर मनाया। विधानसभा और जिला स्तर पर बाइक रैली और पैदल यात्राएं भी भाजपा के झंडे के साथ प्रदेशभर में निकाली गई।  कार्यकर्ताओं ने पार्टी के संस्थापकों को याद किया और अपने-अपने घरों और कार्यालयों पर पार्टी का झंडा फहराया। खुद मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने फरीदाबाद के अटल कमल कार्यालय पर पहुंचकर पार्टी का झंडा फहराया और उपस्थित कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई दी। यहां केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा सहित अनेक नेता उनके साथ रहे। दूसरी तरफ भाजपा के संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने रोहतक कार्यालय पर पार्टी का झंडा फहराया। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सिरसा में युवा मोर्चा की बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई और कार्यकर्ताओं को भाजपा के स्थापना दिवस की बधाई दी। वहीं पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा ने पंचकूला के भाजपा कार्यालय पंचकमल में पार्टी का झंडा फहराया। इसी तरह राज्य सभा सांसद सुभाष बराला ने भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर गांव गाजूवाला में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता मोहनलाल गाजूवाला के घर पार्टी का झंडा फहराया।

फरीदाबाद में पार्टी का झंड़ा फहराने के बाद मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि संसद में दो सीटों से अपनी यात्रा की शुरुआत करने वाली भाजपा इस बार 400 पार करेगी। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई थी।  दो सीट से शुरू हुई यात्रा 303 पर चली गई है। देश आज एक सुर में बोल रहा है अबकी बार 400 पार। नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने विकास का एक नया आयाम छुआ है। जनता का मैंडेट लेकर तीसरी बार भी हरियाणा में कमल का फूल खिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब वोटिंग तक वे घर में ना बैठें, बल्कि पब्लिक में जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों के दम पर गर्व के साथ जनता के बीच जाएं और वोट मांगे।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी और डबल इंजन की सरकार के कारण आज युवाओं, महिलाओं और किसानों का आत्मविश्वास बढ़ा है।  हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने देश को एक नई दिशा दी।  हमें गर्व है ऐसे प्रधानमंत्री पर जिसने दुनिया में भारत का सम्मान ऊंचा करने का काम किया है।  चाहे सड़कों की बात हो, चाहे रेलवे की बात,  चाहे एयर कनेक्टिविटी की बात हो,  हेल्थ की बात हो, नए एम्स बनाने की बात हो, चाहे बिना पर्ची बिना खर्ची के रोजगार देने की बात हो, भारतीय जनता पार्टी ने नए आयाम को छुआ है।

कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुआ मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हाउस आपका है। आप चाहे रात में 2ः00 बजे भी आयें, मुख्यमंत्री आवास का दरवाजा खुला है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यालय के साथ लगते गुरु के मंदिर गुरूद्वारे में भी मत्था टेका। गुरूद्वारे की अध्यक्षा राणाकौर भट्टी और गुरुद्वारा कमेटी ने शरोपा पहनाकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया और मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह के रूप में तलवार भेंट की। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार फरीदाबाद पहुंचने पर सराय टोल पर विधायक राजेश नागर और ज़िला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा ने सराय टोल पर मुख्यमंत्री का स्वागत अभिनन्दन किया। पार्षद जितेन्द्र यादव, ज़िला मीडिया प्रमुख विनोद गुप्ता, सराय मंडल अध्यक्ष विरेंद्र यादव और सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। क्यूआरजी चौक सेक्टर 16 फरीदाबाद में मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सचिव अजय गौड़ के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और फ़रीदाबाद के गण मान्य लोगों ने नागरिक अभिनंदन किया। बल्लभगढ़ अनाज मंडी, पृथला के देवांश वाटिका के अलावा जगह जगह सीएम का स्वागत किया गया।

राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने गांव गाजूवाला में पार्टी के स्थापना दिवस को मनाया। श्री बराला भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता मोहनलाल गाजूवाला के घर पहुंचे और पार्टी का झंडा फहराया। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए मार्ग पर चलकर भाजपा का हर कार्यकर्ता सच्चे मन से पार्टी और देश की सेवा में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा की स्थापना हुई है, भाजपा ने हमेशा राष्ट्रहित में काम किया है। केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की नायब सरकार लगातार कल्याणकारी नीतियां बनाकर जन सेवा के काम करने में लगी है और देश तथा प्रदेश का विकास कर रही है।

पूरे प्रदेश में भाजपा के मंत्रियों, विधायकों और लोकसभा के प्रत्याशियों के अलावा पदाधिकारियों ने भाजपा का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। लाखों कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर पार्टी के झंडे लगाएं। युवा मोर्चा ने बाइक रैली और महिला मोर्चा ने पैदल यात्राएं निकालीं।

You May Have Missed

error: Content is protected !!