होडल की विजय संकल्प रैली में सीएम सैनी ने अधिकारियों को कहा- लोगों का काम करें अफसर

कांग्रेस ने देश के साथ सदा अन्याय किया, जबकि मोदी सरकार ने गारंटी के साथ सबको न्याय दिया : नायब सैनी

चंडीगढ़, 6 अप्रैल।   होड़ल के औरंगाबाद की विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मोदी सरकार को न्याय करने वाली सरकार बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर वर्ग के साथ न्याय किया है और अपनी कल्याणकारी नीतियों से देश को विकास की पटरी पर चढ़ाया है, जबकि कांग्रेस ने कभी भी देश के साथ न्याय नहीं किया। मुख्यमंत्री ने मंच से अधिकारियों को भी कहा कि अफसर जनता का काम करने में कोई कोताही ना बरतें। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुंडागर्दी करने वाले तत्वों को भी स्पष्ट संदेश दिया कि हरियाणा में अब गुंडागर्दी करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।

सीएम एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने सबसे पहले भाजपा के कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमें गर्व हैं कि हम दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के सदस्य हैं, जिसके 18 करोड़ से ज्यादा मेंबर है। नायब सैनी ने कहा कि भाजपा की स्थापना हुई थी तब भाजपा के मात्र 2 सांसद थे। 2019 में देश ने 303 सांसद भाजपा को दिए हैं। श्री सैनी ने कहा कि अब तो देश के साथ-साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिलकार्जुन खड़गें भी बोल रहे हैं अबकी बार 400 पार। उन्होंने कहा कि 6 जून को देश नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बना रहा है।

कांग्रेस को घेरते हुए नायब सैनी ने कहा कांग्रेस ने 55 साल देश में शासन किया और अब कांग्रेस को वोट लेने के लिए गारंटी देनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर काम करती तो उसे गारंटियां देने की जरूरत नहीं पड़ती। देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस को समझ चुकी है। देशवासियों को अब एक ही गारंटी पर भरोसा है और वह गारंटी मोदी की गारंटी है। पीएम मोदी ने रेवाड़ी से पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक, वन पेंशन की गांरटी दी और उसे पूरा किया।

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने मैनीफेस्टों पर न्याय की बात कही है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कांग्रेस ने ना कभी न्याय किया है और ना कभी न्याय कर सकती। कांग्रेस ने सिर्फ लोगों के साथ अन्याय ही अन्याय किया है। कांग्रेस ने गरीब महिलाओं को गैस सिलेंडर से वंचित रखा। देश जानता है कि कांग्रेस ने वोट लेने के बाद लोगों को तीन-तीन दिनों तक गैस के लिए लाइनों में खड़ा करके अन्याय किया है। नायब सैनी ने मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गैस सिलेंडर के लिए लगने वाली लाइन को खत्म किया और आज सिलेंडर घर-घर पहुंच रहे हैं।

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के समय जवानों के साथ भी अन्याय होता था। शहीद होने पर हमारे जवानों के शव उनके परिजनों तक नहीं पहुंचते थे। इस अन्याय को पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी ने खत्म किया। वाजपेयी जी ने कानून बनाकर बार्डर पर शहीद होने वाले जवानों को सम्मान दिया और 20 लाख एक्सग्रेसियां ग्रांट दी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि एक्सग्रेसिया ग्रांट को बढ़ाकर मोदी सरकार ने एक करोड़ किया है।

कांग्रेस पर लगातार हमला बोलते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने तो महिलाओं के साथ सदैव अन्याय ही किया है। 2014 से पहले महिलाएं एक-एक किलोमीटर से सिर पर मटका रखकर पानी लाती थी। शौच के लिए सूरज ढलने का इंतजार किया जाता था। श्री सैनी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने हर घर नल से जल और शौचालय बनाकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। कांग्रेस के समय में बच्चों को नौकरी के लिए मंत्रियों, विधायकों के दरबारों में चक्कर लगाने पड़ते थे।  भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने युवाओं के साथ न्याय किया है। पर्ची और खर्ची का सिस्टम खत्म किया। भाजपा सरकार में युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं।

कांग्रेस पर गरजते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस व कांग्रेस के नेता किस मुंह से न्याय की बात करते हैं। कांग्रेस के शासनकाल में हमारे जवानों पर पत्थरबाजी होती थी। श्री सैनी ने कहा कि मोदी सरकार बनने के बाद अब ना तो पत्थरबाजी हो रही है और ना ही पत्थरबाज दिखाई दे रहे हैं। किसानों के साथ भी कांग्रेस ने अन्याय ही अन्याय किया है। कांग्रेस किसानों की हितैषी कभी नहीं रही। मोदी सरकार ने 10 सालों में जितना किसानों के लिए किया है उतना विपक्ष की किसी दूसरी सरकार ने नहीं किया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री सम्मान निधि की व्यवस्था मोदी सरकार ने की है।

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 10 साल के शासन में किसानों को खराब फसल का मुआवजा 1100 करोड़ दिया, जबकि डबल इंजन की सरकार ने 2014 से अब तक 12 हजार करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों को फसल खराब होने पर दिया है। उन्होंने कहा कि गरीब व्यक्ति को आयुष्मान और चिरायु कार्ड देकर भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने बीमारी के दौरान होने वाले खर्च की चिंता से मुक्त किया है। श्री सैनी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का एक नया इतिहास लिखा गया है। सड़कों का जाल बिछा है, बेहतर रेलवे नेटवर्क हुआ है।

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पास भारत के विकास की ना कोई नीति है और ना ही विकास कराने की नीयत है। कांग्रेस का नेतृत्व तो कहीं दिखाई ही नहीं देता है। जबकि भाजपा की नीति स्पष्ट है, नीयत साफ है और मोदी जैसा प्रभावशाली नेतृत्व है। नायब सैनी ने उपस्थित जनता से कृष्णपाल गुर्जर को बड़े मार्जिन से विजयी बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने लोगों के काम लटवाने वाले अधिकारियों को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि लोगों की बात सुनना और उनकी समस्याओं का समाधान करना अधिकारियों का दायित्व हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी 4 जून तक अपने सिस्टम को ठीक कर लोगों की सेवा में जुट जाएं। वहीं नायब सैनी ने गुंडागर्दी करने वालों को भी स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग शांति चाहते हैं। हमारी सरकार किसी भी तरह की गुंडगर्दी को सहन करने वाली सरकार नहीं है।

कांग्रेस के शासनकाल में जमीनों की लूट होती थी : कृष्णपाल गुर्जर

2024 का चुनाव देश का भविष्य तय करने वाला चुनाव : कृष्णपाल गुर्जर

केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रैली को संबोधित करते हुए 2014 से पहले का भारत और हरियाणा तथा 2014 के बाद का भारत और हरियाणा के अंतर को बताया। श्री गुर्जर ने कहा कि 2014 से पहले दुनिया बोलती थी और भारत सुनता था और आज भारत बोलता है और दुनिया भारत की बात सुनती है। यह इसलिए हो पाया है कि देश और प्रदेश की जनता ने एक मजबूत और ईमानदार व्यक्तित्व मोदी के हाथों में खजाने की चॉबी सौंपी है।

कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस पर जबरदस्त हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में जमीनों की लूट होती थी। करोड़ों की जमीन लाखों में खरीदी जाती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद किसानों की इच्छा पर सरकार जमीन का अधिग्रहण करती है और उनकी इच्छा मुताबिक मुआवजा दे रही है। श्री गुर्जर ने कहा कि किसानों की बात करने वाली कांग्रेस को अपनी गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जितनी एमएसपी बढ़ाई है और जितनी फसलें किसानों की खरीदी है उतनी फसलें कांग्रेस ने ना कभी खरीदी और ना ही एमएसपी बढ़ाई।

श्री गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस ने 10 साल में वृद्धावस्था पेंशन सिर्फ 700 रुपये बढ़ाई जबकि हरियाणा की भाजपा सरकार ने 2000 रुपये बढ़ाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस को वरिष्ठ लोग याद आ रहे हैं। श्री गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस के लोग वोट लेने के बाद कहीं दिखाई देने वाले नहीं है। कांग्रेस तो मदारी की तरह है खेल खत्म, पैसा हजम।

श्री गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस के समय 650 गांवों में बिजली आती थी और अब भाजपा के शासनकाल में सभी गांवों में 24 घंटे बिजली आ रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर युवाओं का सिस्टम पर भरोसा बढ़ा है। बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर 1 लाख 10 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि 4 महीने में मुख्यमंत्री नायब सैनी 50 हजार से ज्यादा युवाओं को नौकरी देने वाले हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री, कपड़ा बेचने वाला मुख्यमंत्री, सब्जी बेचने का काम करने वाले परिवार का बेटा मुख्यमंत्री भाजपा में ही बन सकते हैं। जबकि दूसरे दलों में ये पद उनके परिवारों तक सिमटकर रहते हैं।   उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है और देश का भविष्य सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि 2024 का चुनाव देश और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य तय करने वाला चुनाव है।

मंत्री मूलचंद शर्मा ने भी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद लोकसभा में कृष्णपाल गुर्जर ने जितना काम कराया है उसका 5 प्रतिशत किसी दूसरी पार्टी के सांसद नहीं कराया है। उन्होंने कहा कि श्री गुर्जर से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस का टिकट लेने वाला कोई नहीं है। फरीदाबाद का बच्चा-बच्चा कृष्णपाल गुर्जर की 10 लाख पार की जीत का नारा लगा रहा है। श्री शर्मा ने रैली में दावा करते हुए कहा कि कृष्णपाल गुर्जर की जीत देश की सभी लोकसभाओं में सबसे बड़ी जीत होगी। श्री शर्मा ने कहा कि 4 जून को 400 पार का जश्न मनेगा और पूरे देश में दिवाली मनेगी।

इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक एवं विधायक जगदीश नैय्यर, विधायक प्रवीण डागर, विधायक दीपक मंगला,  विधायक सत्य प्रकाश जरावता, अजय गौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, गौरव गौतम, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, पूर्व विधायक सुभाष चौधरी, पूर्व विधायक केहर सिंह, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, सुभाष चौधरी, पूर्व विधायक राम रतन, जिला परिषद के चेयरमैन मनोज, पूर्व जिला अध्यक्ष जवाहर सिंह सोरोत, जिला महामंत्री वीरपाल दीक्षित, नरेंद्र बिधूड़ी, ताहिर हुसैन, सतीश बैंसला, राजेंद्र बैंसला, युवा मोर्चा राष्ट्रीय सचिव गौरव गौतम, भूपराम पाठक, संजय राणा, अजय डागर, राजीव कत्याल, मनोज रावत ,महेंद्र भड़ाना, रश्मि सहरावत, जगवीर चौहान, प्रेमराज तंवर, बच्चू सिंह, शीशपाल कद्दन, ईश्वर सिंह, हेमदत्त पाठक, सुशील कुमार, सोनू गुप्ता, योगेंद्र सहरावत, देवांशु गौड़, योगेश नौहवार, सागर चौहान आदि मौजूद रहे.

error: Content is protected !!