*प्रदेश महामंत्रियों के साथ प्रदेश अध्यक्ष सैनी ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा*

*लखपति दीदी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल होंगे मुख्य अतिथि*

चंडीगढ़,   5 मार्च। हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि करनाल में होने वाला लखपति दीदी महासम्मेलन ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि होंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने ये बातें मंगलवार को  करनाल में  कार्यस्थल का जायजा लेने के दौरान कही। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बडौली, सुरेन्द्र पुनियां, डा. अर्चना गुप्ता के अलावा विधायक हरविन्द्र कल्याण, जिला महामंत्री  सुनील गोयल और जय भगवान सीकरी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने के बाद प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए। नायब सैनी ने कहा कि महिला दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित ‘‘नारी शक्ति वंदन अभियान’’ के तहत करनाल मे लखपति दीदी महासम्मेलन का आयोजन हो रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी और मनोहर सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए अनेकों योजनाएं क्रियान्वित की हैं और उनके सार्थक नतीजे सामने आ रहे हैं। अब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता से नारी शक्ति वंदन के तहत अपना संबोधन रखेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने महिलाओं व समाज के अन्य वर्गों के लोगों से बड़ी संख्या में पहुंच कर प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन और मुख्यमंत्री के विचार सुनने की भी अपील की।

नायब सैनी ने कहा कि इस महासम्मेलन में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भाग लेंगी। राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिये अनेक कदम उठाये हैं तथा सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिये हर संभव कदम उठा रही है। 

error: Content is protected !!