आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा समेत तमाम बड़े नेता रहे मौजूद

एक दूसरे का सम्मान कर आगे बढ़ेंगे तो हमारी जीत को दुनिया की कोई भी ताकत नहीं रोक सकती: डॉ. सुशील गुप्ता

प्रधानमंत्री मोदी 750 किसानों की शहादत के बाद एमएसपी का वायदा कर अपने वायदे से मुकरे: डॉ. सुशील गुप्ता

जिस मुख्यमंत्री के राज में 30-30 पेपर लीक हो गए वो किस ईमानदारी की बात करते: डॉ. सुशील गुप्ता

हरियाणा में जी तोड़ मेहनत करेंगे और भाजपा को हराने का काम करेंगे: डॉ. सुशील गुप्ता

हरियाणा में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर “इंडिया” गठबंधन मजबूत हुआ: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

सुशील गुप्ता केवल नाम ही नहीं व्यवहार के भी सुशील हैं: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

जो कार्यकर्ता डॉ. सुशील गुप्ता का साथ देगा समझो वह कांग्रेस का साथ देगा: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

कुरुक्षेत्र/ चंडीगढ़, 3 मार्च – आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक रविवार को कुरुक्षेत्र में हुई। इसमें आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से “इंडिया” गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. सुशील गुप्ता समेत तमाम नेतागण और कार्यकर्ता और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान दोनों पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मजबूती के साथ इंडिया गठबंधन की जीत को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ आगामी रणनीति को लेकर संयुक्त बैठक की।

आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि परिवार में कोई सदस्य नया जुड़ता है तो धीरे धीरे आपस में रिश्ता मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि अपनी सहन शक्ति को कायम रखते हुए एक दूसरे का सम्मान करें। जब हम एक दूसरे का सम्मान कर आगे बढ़ेंगे तो हमारी जीत को दुनिया की कोई भी ताकत नहीं रोक सकती।

उन्होंने कहा कि मैं सांसद बनूं या या ना बनूं ये जरूरी नहीं है। जरूरी है ये देश और आज देश को और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। इस देश में सांप्रदायिक ताकतें अपना सिर उठा रही हैं। देश के प्रधानमंत्री 750 किसानों की शहादत के बाद एमएसपी का वायदा कर अपने वायदे से मुकर रहे हैं। किसानों पर गाड़ी चढ़ाने वाले मंत्री को दोबारा टिकट दे रहे हैं। ये जनता सबका घमंड तोड़ना जानती है।

उन्होंने कहा कि हम मिलकर मजबूती से चुनाव लड़ेंगे, नतीजा चाहे जो भी है। सभी 9 विधानसभा के लोगों से मिला और जाना कि यहां के लोगों के मन में टीस है। कोई विकास कार्य नहीं हुआ। नायब सिंह का नाम लोगों ने गायब सिंह लिखा हुआ है। जो लोगों को मिलते नहीं हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री किस नाम के हैं। कानून व्यवस्था के नाम पर कुछ नहीं है। एक जगह 30-30 गोलियां चला दी जाती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर गांव में युवा नशे की गर्त में हैं। युवा अपराध के दलदल में फंस रहे हैं। या डिप्रेशन में जाकर आत्महत्या कर रहे हैं। जिस मुख्यमंत्री के राज में 30-30 पेपर लीक हो गए हों वो किस ईमानदारी की बात करते हैं। दो लाख स्वीकृत पद खाली हैं और युवा दर दर की ठोकर खाने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि फौज में नौकरी पर अग्निवीर के नाम पर युवाओं के साथ भद्दा मजाक किया गया है। जो सरकार अपने कर्मचारियों का भला नहीं कर सकती को किसी काम की नहीं है। आज प्रदेश और देश की जनता बदलाव चाहती है। कई पार्टियां जाति और धर्म के नाम पर हमें बांटने आयेगी, मगर हमें एकजुट होकर चुनाव लड़ना है। हम कुरुक्षेत्र की सीट ही नहीं हरियाणा की 10 सीटें जीतेंगे।

उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता के सामने इंडिया गठबंधन का ही विकल्प है। जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं भाजपा के नेता मैदान छोड़कर भाग रहे हैं। वे पहले ही समझ चुके हैं कि इस देश में इंडिया गठबंधन का राज आएगा। जनता इंडिया गठबंधन को जिताएगी। जो दूसरी पार्टी के नेताओं को जेल में डालकर, दूसरी पार्टी के नेताओं को भय दिखा कर, वोट चोरी करके राज करती है। उसको जनता बाहर का रास्ता दिखाएगी।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के मेयर के चुनाव में पूरे देश ने देखा कि कैसे बीजेपी ने वोटों की चोरी की। सुप्रीम ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या हुई है। बीजेपी के मुंह पर करारा तमाचा मारने का काम किया। इंडिया गठबंधन की पहली जीत में ही बीजेपी की बेईमानी पकड़ी गई। बीजेपी एक छोटे से मेयर के चुनाव में आठ वोटों की चोरी करती है तो बड़े चुनावों में कितनी बड़े स्तर की चोरी होती होगी। हमें इस चुनाव में ईवीएम की सेटिंग तोड़ने का काम भी करेंगे। इतनी वोट हासिल करेंगे कि ईवीएम भी फेल हो जाएं। उन्होंने कहा मैं आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते कहता हूं कि पूरे हरियाणा में जी तोड़ मेहनत करेंगे और भाजपा को हराने का काम करेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जैसी एक और एक मिलकर दो होते हैं वैसे ही हरियाणा में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर इंडिया गठबंधन मजबूत हुआ है। मुझे खुशी है कि इंडिया गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी ने कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से डॉ. सुशील गुप्ता को चुना। क्योंकि ये केवल नाम से ही नहीं व्यवहार से भी सुशील हैं। मुझे इनपर विश्वास है कि ये मजबूती से कुरुक्षेत्र की जनता की आवाज़ उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ इंडिया गठबंधन के साझा उमीदवार डॉ. सुशील गुप्ता को कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से कामयाब बनाएंगे और पूरे प्रदेश में इंडिया गठबंधन को जिताएंगे। उन्होंने कहा कि डॉ. सुशील गुप्ता पहले कांग्रेस में भी रहे हैं इसलिए मैं इनको अच्छे से जानता हूं। जो कार्यकर्ता डॉ. सुशील गुप्ता का साथ देगा इसका मतलब वो कांग्रेस का साथ दे रहे हैं। यदि इंडिया गठबंधन मजबूत होगा तो देश को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का 2014 घोषणा पत्र तो 2019 में संकल्प पत्र फेल रहा और अब गारंटी दे रहे हैं, लेकिन इनको करना कुछ नहीं। भाजपा ने देश और हरियाणा को बर्बाद कर दिया। इसलिए अब सभी कार्यकर्ताओं और 36 बिरादरी को मिलकर इंडिया गठबंधन के साझा उमीदवार डॉ. सुशील गुप्ता को कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से विजयी बनाना है।

error: Content is protected !!