पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा, ओमप्रकाश धनखड़, सुभाष बराला, सीएम खट्टर व अनिल विज कमेटी में

भारत सारथी/ कौशिक 

नारनौल। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से चर्चा के बाद कमेटी का गठन किया है। अहम बात यह है कि इस कमेटी में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को भी सदस्य के तौर पर शामिल किया है। मूल रूप से गुरुग्राम के रहने वाले भूपंेद्र यादव राजनीतिक तौर पर राजस्थान में एक्टिव रहे हैं। वे राज्यसभा में भी राजस्थान का ही प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

भूपेंद्र यादव को हरियाणा के भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़वाए जाने की चर्चा है। माना जा रहा है कि इसी वजह से उनकी एंट्री प्रदेश इलेक्शन कमेटी में हुई है। वहीं दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री व फरीदाबाद सांसद कृष्ण पाल गुर्जर को इस कमेटी में जगह नहीं मिली है। कमेटी में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी, सीएम मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह तथा गृह मंत्री अनिल विज को भी जगह मिली है।

केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य डॉ. सुधा यादव, पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, स्कूल शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री व राई विधायक मोहनलाल बड़ौली को भी सदस्य के तौर पर इलेक्शन कमेटी में शामिल किया है। महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष उषा प्रियदर्शी को कमेटी में पदेन सदस्य के रूप में जगह मिली है।

वहीं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, हरियाणा मामलों के प्रभारी व त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देव तथा राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा मामलों के सह-प्रभारी सुरेंद्र नागर को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में कमेटी में शामिल किया है। आगामी लोकसभा चुनावों के लिए यह कमेटी काफी महत्वपूर्ण होगी। कमेटी द्वारा लोकसभा के संभावित उम्मीदवारों के पैनल तैयार किए जाएंगे। कमेटी की बैठक में तय होने के बाद ही नामों को केंद्रीय इलेक्शन कमेटी के पास भेजा जाएगा।

error: Content is protected !!