मोदी-भाजपा बता दे कि उन्होंने 10 साल में देश को आर्थिक बदहाली, बेरोजगारी, गरीबी, महंगाई, भूखमरी क्यों धकेला? विद्रोही

महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसान, मजदूरों की दुर्दशा, महिलाओं के साथ बढ़ रहे अपराध, यौन शोषण की घटनाएं, बढ़ रही गरीबी, लोगों की बिगडती आर्थिक हालत जैसे ज्वलंत मुद्दों का जवाब दे : विद्रोही

भाजपा ने अभूतपूर्व विकास किया है तो वह राम मंदिर, राष्ट्रवाद, यूसीसी जैसे मुद्दों पर लोगों में साम्प्रदायिक उन्माद पैदा करके वोट हडपने का जुगाड़ क्यों कर रही है?

15 फरवरी 2024 – स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता वेदप्रकाश विद्रोही ने आरोप लगाया कि भाजपा में अपनी उपलब्धियों पर चुनाव लडने की हिम्मत नही है और न ही आम जनता के समक्ष कठिनाई पैदा करने वाले मुद्दों पर चर्चा करने का साहस है। विद्रोही ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसान, मजदूरों की दुर्दशा, महिलाओं के साथ बढ़ रहे अपराध, यौन शोषण की घटनाएं, बढ़ रही गरीबी, लोगों की बिगडती आर्थिक हालत जैसे ज्वलंत मुद्दों का जवाब देने की बजाय भाजपा दस साल से देश व हरियाणा की सत्ता पर काबिज रहने के बाद भी कांग्रेस से उसके राज के 55 सालों पर श्वेत पत्र प्रकाशित करने के बेतुके, असंगत सवाल उठाकर जनता को ठगकर वोट हडपना चाहती है।

बुधवार को रेवाडी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कांग्रेस को उसके 55 सालों के राज पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग तो कर दी लेकिन बडबौले भाजपा नेता यह बताने को तैयार नही कि विगत 10 वर्षो में भाजपा सरकार ने अहीरवाल में ही कांग्रेस जमाने में शुरू किये गए विकास प्रोजेक्ट आधे-अधूरे क्यों छोड़ हुए है। देश-प्रदेश की छोडिये अहीरवाल के विकास कार्यो के लिए पर्याप्त बजट क्यों नही मिलता? अहीरवाल के साथ सौतेला व्यवहार क्यों है? हरियाणा में आज बेरोजगारी चरम पर क्यों है? भाजपा मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के ड्रीम प्रोजेक्ट परिवार पहचान पत्र के सरकारी आंकडों अनुसार हरियाणा की 55 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा से नीचे क्यों है?  

विद्रोही ने सवाल किया कि यदि मोदी-भाजपा सरकार ने देश का अभूतपूर्व विकास किया है तो देश की 140 करोड़ आबादी में से 80 करोड़ नागरिक अर्थात 57 प्रतिशत गरीब के नाते सरकार से हर माह प्रति व्यक्ति मिलने वाले 5 किलो राशन पर निर्भर क्यों है? जिस देश के 80 करोड़ नागरिक हर माह मिलने वाले मुफ्त 5 किलो राशन से पेट भरते हो, फिर भी भाजपा सरकार कहे कि उन्होंने देश को विश्व आर्थिक शक्ति बना दिया है तो इससे अधिक क्रूर मजाक और क्या हो सकता है? विद्रोही ने पूछा कि यदि भाजपा ने अभूतपूर्व विकास किया है तो वह राम मंदिर, राष्ट्रवाद, यूसीसी जैसे मुद्दों पर लोगों में साम्प्रदायिक उन्माद पैदा करके वोट हडपने का जुगाड़ क्यों कर रही है? मोदी-भाजपा बता दे कि उन्होंने 10 साल में देश को आर्थिक बदहाली, बेरोजगारी, गरीबी, महंगाई, भूखमरी क्यों धकेला? किसान आज सडकों पर क्यों है? आमजन को अपनी मांगे उठाने पर भाजपा सरकार पुलिस, सुरक्षाबलों की गोलियों, लाठियों, आंसू गैस से क्यों कुचले रही है? असल सच्चाई तो यह है कि पूरे प्रदेश के हर वर्ग में भाजपा सरकार के खिलाफ भारी असंतोष है।