मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी, महासचिव अरुण सिंह की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा

चंडीगढ़ – हरियाणा के पूर्व सांसद, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं आम आदमी पार्टी के चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने शनिवार को भाजपा केंद्रीय कार्यालय हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी, राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी आदि नेताओं की उपस्थिति में भाजपा का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने तंवर को पटका पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अशोक तंवर को अपना भांजा बताया।

मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी के हरियाणा के विस्तार के हिसाब से बहुत महत्वपूर्ण दिन है। अशोक तंवर आज हमारी पार्टी में शामिल हुए है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि सबको सम्मान मिलेगा। भले ही यह कांग्रेस पार्टी में रहे हो, लेकिन यह मेरे भांजे लगते है। क्योंकि इनकी माता का और मेरा गांव एक ही है। उस नाते से पहले भी मिलते रहे। वो बात अलग है कि हम अलग-अलग पार्टी में थे, लेकिन मुझे उस समय बहुत कष्ट हुआ जब कांग्रेस पार्टी में रहते हुए इनके ऊपर हमला तक किया गया। वो भी कांग्रेस पार्टी को लोगों ने किया। उस दिन मुझे लगा कि इनकी चिंता करनी चाहिए।

मैं इनका हालचाल पूछने गया तो उस समय बहुत से लोगों ने कहा कि आप इनको अपने साथ क्यों नहीं बुला लेते, इसपर उन्होंने कहा कि हमारा तो बहुत खुला घर है, दरवाजे सबके लिए खुले है, किसी का मन करें तभी उसे आना चाहिए।

साल 2022 में इनकी ट्रेन (अशोक तंवर) कांग्रेस से तो चल पड़ी थी, लेकिन कांटा बदलने की वजह से जो ट्रेन बीजेपी में पहुंचनी थी वो गलती से आम आदमी पार्टी में पहुंच गई। इसके बाद इन्होंने देश के वातावरण को देखते हुए बीजेपी में शामिल होने का विचार किया और मैंने उनका स्वागत किया। आज वो दिन आया कि उन्होंने अपने सैकड़ों कार्यकर्त्ताओं के साथ बीजेपी ज्वॉइन की है।

पिछले 10 सालों में देश बदला है: अशोक तंवर
पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 सालों में देश बदला है। देश की एकता को लेकर अब बड़े पैमाने पर काम हुआ है, करोड़ों लोगों का भाग्य बदले, उनका जीवन स्तर ऊपर उठे, देश दुनिया में शीर्ष पर पहुंचे इसके लिए पूरे टीम के रूप में जो काम हुआ है उससे मैं और मेरे सभी साथी प्रभावित हुए। विकास की यात्रा में देश जब 2047 में 100 साल पूरे करेगा, तब दुनिया के शीर्ष पर भारत होगा। हमारा गौरव, हमारी संस्कृति, हमारी सभ्यता पूरी दुनिया में छा जाए। हर एक देशवासी को मौका मिले कि वो अपनी शक्ति का प्रयोग करते हुए अहम योगदान देश की तरक्की में दे, ऐसी हमारी कामना है। अशोक तंवर ने कहा 2024 के अंदर लोकसभा में सभी रिकॉर्ड हम पार करेंगे और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

अशोक तंवर के साथ नीलोखेड़ी से गुरमेज गोदर, डबवाली से आप जिलाध्यक्ष दर्शन सरा, कुरुक्षेत्र से आपर जिलाध्यक्ष जोगिंद सिंह जोगनखेडा के अतिरिक्त सिरसा, फतेहाबाद टोहाना,नरवाना, कुरुक्षेत्र जिलों के समर्थक भाजपा में शामिल हुए ।
हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने इस मौके पर अशोक तंवर सहित भाजपा ज्वाइन करने वाले सभी नेताओं को आश्वस्त किया कि पार्टी में सबका मान सम्मान होगा। उन्होंने कहा कि अशोक तंवर के भाजपा में आने से निश्चित ही भाजपा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में भाजपा की होने वाली एतिहासिक जीत अशोक तंवर के आने के बाद और भी बड़ी होगी।

बता दें कि अशोक तंवर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के गठबंध के चलते नाराज थे। उन्होंने इस्तीफे में लिखा कि आम आदमी पार्टी ने जिस तरह इंडियन नेशनल कांग्रेस के साथ हाथ मिलाया है, इससे मेरा जमीर गवाही नहीं देता है। इसलिए मैं इलेक्शन कंप्लेंट कमेटी का अध्यक्ष होने के नाते और पार्टी की प्राइमरी मेंबरशिप से इस्तीफा देता हूं। मैं लगातार हरियाणा और भारत देश की भलाई के लिए काम करता रहूंगा।

अशोक तंवर का हरियाणा लंबा राजनीतिक कैरियर है। लंबे समय तक वह हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर रहे हैं। 2019 विधानसभा चुनाव से पहले हुड्डा और अशोक तंवर में अनबन के चलते उन्हें अध्यक्ष पद से हटा दिया गया, जिसके बाद तंवर कांग्रेस पार्टी छोड़ दी। राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले अशोक तंवर ने कांग्रेस छोड़ने के करीब सवा साल बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी का पटका पहना और हरियाणा में दीदी की पार्टी के अध्यक्ष बन कैडर बनाने में जुट गए। करीब 6 महीने के बाद तंवर टीएमसी भी छोड़ दी। टीमएसी को अलविदा कहने के बाद अशोक तंवर ने तेजी से उभर रही आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। इस पार्टी में वह काफी सक्रिय रहे।

भाजपा ज्वाइन करने के बाद अशोक तंवर और मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इस मौके पर जेपी नड्डा ने भी कहा कि भाजपा की रीति नीति में विश्वास जताने वालों का भाजपा में स्वागत है।