7 दिनों से सभी मिलकर प्रभु राम का स्मरण करते हुए कर रहे हैं कीर्तन।

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

कुरुक्षेत्र, 19 जनवरी : पूरे भारतवर्ष में अयोध्या में बन रहे भगवान श्री राम के भव्य मंदिर को लेकर अद्भुत और अद्वितीय भक्ति भाव का वातावरण बना हुआ है। धर्मनगरी के प्रेरणा वृद्धाश्रम के बुजुर्गों और सदस्यों में एक खुशी की लहर है। वृद्धाश्रम में पिछले 7 दिनों से सभी मिलकर प्रभु राम को मन से स्मरण करते हुए कीर्तन कर रहे हैं। दीपोत्सव को लेकर एक दूसरे से खुशियां बांट रहे हैं।

वृद्धाश्रम के संस्थापक डा. जय भगवान सिंगला ने बताया कि अयोध्या में भगवान राम की मनमोहक और भव्य मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन को लेकर वृद्धाश्रम में भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गीता वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की छात्राओं महक, खुशी और मोक्षिता ने राम परिवार का भेष धारण कर प्रभु श्री राम के साक्षात पधारने जैसा आभास दिया। बुजुर्गों को ऐसा आभास हुआ मानों वृद्धाश्रम में स्वयं भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण को लेकर साक्षात पधार रहे हों। बुजुर्गों ने मिलकर भजन किया कीर्तन किया और भगवान राम की आरती कर प्रसाद अर्पित किया। इस अवसर पर डा. ममता सूद, सीमा बिरला और राधा अग्रवाल ने भगवान राम के प्रति भक्ति भाव के साथ कविताओं से सब का मन मोह लिया। आश्रम की बुजुर्ग बलविंदर कौर व क्षमा मल्होत्रा ने भगवान की स्तुति में अपने मन के भावों को रखा।

हरियाणा ग्रंथ अकादमी के पूर्व निदेशक डा. विजय दत्त शर्मा ने कहा कि बदलते युग में भी प्रभु राम का साक्षात आशीर्वाद चारों ओर दिखाई दे रहा है। इस अवसर पर अध्यापिकाओं रेखा और बिंदु चुघ ने भी मधुर गीतों से सब का मन मोह लिया। इस मौके पर हरिकेश पापोसा, सन्नी, शकुंतला देवी, सीता देवी, उषा सच्चर, मलकीत कौर, जोगिंदर सिंह, चंद्रकांत ठक्कर, इंद्रप्रीत सिंह बिंद्रा, कश्मीरी लाल जैन, विजय कुमार अग्रवाल, बी. श्रीवास्तव इत्यादि भी मौजूद रहे।