– कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में कुमारी सैलजा व किरण चौधरी की मौजूदगी में कांग्रेस में हुए शामिल

हिसार 17 जनवरी : इनेलो पार्टी की टिकट पर आदमपुर से चुनाव लड़ चुके इनेलो नेता कुरड़ाराम नंबरदार ने इनेलो पार्टी को अलविदा कहते हुए आज सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। वे कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा एवं कांग्रेस संदेश यात्रा की शुरूआत के मौके पर हिसार पहुंची अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता किरण चौधरी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए। कुमारी सैलजा व किरण चौधरी ने कांग्रेस का पटका पहनाकर उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलवाई और पार्टी में पूरा सम्मान दिए जाने की बात कही। इस अवसर पर कुरड़ाराम ने दोनों वरिष्ठ नेताओं सहित पार्टी हाईकमान का आभार जताया।

कुरड़ाराम ने बताया कि इनेलो पार्टी में उन्हें किसी प्रकार सहयोग नहीं मिला था। उन्होंने सच्चे मन से पार्टी  में अपना फर्ज निभाया और तन-मन-धन से पार्टी को पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दीं लेकिन लंबे समय से लगातार पार्टी की नीतियों व स्थानीय नेताओं के सहयोग न मिलने चलते उन्होंने पार्टी छोडऩे का मन बनाया। पार्टी छोडऩे की घोषणा भी उन्होंने कुछ दिन पूर्व कर दी थी।

कुरड़ाराम ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के लोगों के हितों को कांग्रेस पार्टी ही पार्टी सुरक्षित रख सकती है। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से देश की जनता जुड़ चुकी है और हरियाणा में कांग्रेस संदेश यात्रा सत्ता परिवर्तन का संदेश देगी। वर्तमान सरकार तानाशाही व मनमाने ढंग से राज चला रही है जिससे प्रदेश का हर वर्ग दुखी है। प्रदेश के लोगों को उनके अधिकार दिलाने में यदि कोई पार्टी सक्षम है तो वह कांग्रेस है। कांग्रेस पार्टी के आदर्शों व मूल्यों को देखते हुए उन्होंने पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में उन्हें जो भी जिम्मेवारी दी जाएगी उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे और पार्टी संगठन की मजबूती के लिए भरपूर व अथक प्रयास करेंगे।

error: Content is protected !!