जिलाध्यक्षों के साथ दसों लोकसभा सीटों को जीतने की योजना पर मंथन

संगठनात्मक शक्ति और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर डबल इंजन सरकार बनना तय: नायब सैनी

चंडीगढ़ 5 जनवरी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के रोड शो से एक दिन पहले पंचकूला में प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों को बुलाकर प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की दस की दस सीटों को जीतने की योजना पर मंथन किया। इसके साथ ही शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा और तीनों प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, डा. अर्चना गुप्ता व सुरेंद्र पुनिया भी मौजूद रहे। 22 जिलों के जिला अध्यक्षों और युवा इकाई के जिला अध्यक्षों के साथ घंटों विमर्श के बाद नायब सैनी पत्रकारों के सामने आए और दावा किया कि संगठनात्मक शक्ति और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर डबल इंजन सरकार तीसरी बार भी बनना तय है। पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए उन्होंने कांग्रेस को परिवारवाद और आम आदमी पार्टी को झूठ की पार्टी बताया।

नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय ’’पंचकमल’’ में  हुई बैठक में मोदी-मनोहर सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत संकल्प यात्रा के जरिए पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ दिलाने पर भी गहनता से चर्चा हुई।  प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार जनहितकारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच है कि सरकार की योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। सभी को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हमारी सरकार का ध्येय है। हमारी सरकार गरीब के हित में काम कर रही है। डबल इंजन की सरकार हरेक गरीब व्यक्ति की चिंता करने वाली सरकार है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सेवा भाव लेकर गरीब कल्याण के उद्देश्य से जनता के बीच जा रहा है और हर वर्ग को सरकार की योजनाओं से जोड़ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि इसी संगठनात्मक शक्ति के दम पर भाजपा तीसरी बार भी केंद्र और प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि 10 की 10 लोकसभा सीटें ऐतिहासिक जीत के साथ जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में डालेगी। उन्होंने बताया कि शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा का भव्य स्वागत रोड शो के माध्यम से किया जाएगा। बैठक में रोड शो की पूरी तैयारियों की समीक्षा की गई है और सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे निकाला जाएगा।

श्री सैनी ने कहा कि मिशन 2024 का आगाज हो चुका है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हुई ऐतिहासिक जीत के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा जी का पहला हरियाणा दौरा है। श्री सैनी ने बताया कि रोड शो के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव 2024 का रोडमैप पर भी चर्चा करेंगे तथा कार्यकर्ताओं से भी संवाद करेंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी मौजूद रहेंगे।

शगूफा छोड़कर गुमराह करने का काम कांग्रेस वर्षों से करती आ रही है: नायब सैनी

प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस शगूफा छोड़कर लोगों को वर्षों से गुमराह करती आ रही है। कांग्रेस की गुटबाजी की तरफ इशारा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेसी आपस में एक दूसरे पर छींटाकशी करते हैं और आपसी आरोप-प्रत्यारोप में ही व्यस्त रहते हैं। उन्होंने ना तो कांग्रेस के संगठन और ना ही जनता की सेवा करने की मंशा, इसलिए जनता ने कांग्रेसियों को घर बैठा दिया है। भाजपा की संगठनात्मक शक्ति को मजबूत बताते हुए श्री सैनी ने कहा कि हमारे पास पन्ना प्रमुख तक संगठन है, जबकि कांग्रेस के पास संगठन के नाम पर कुछ भी नहीं है। प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी के साथ प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मीडिया सचिव प्रवीन अतरे और जिला मीडिया प्रमुख नवीन गर्ग भी मौजूद रहे।

ईडी व सीबीआई का काम घर बैठना नहीं, भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करना है

ईडी व सीबीआई द्वारा की जा रही है कार्रवाई पर पूछे गए सवाल पर नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस का काम सिर्फ आरोप लगाना है। दोनों स्वतंत्र एजेंसियां हैं, विपक्ष गलत प्रचार करके इसका राजनीतिक लाभ लेना चाहता है। उन्होंनें कहा कि जहां गलत होता है वहीं कार्रवाई होती है। कांग्रेस के समय भ्रष्टाचार बड़ी तेज गति से बढ़ता है। झारखंड में कांग्रेस के सांसद के पास करोड़ों रुपये निकलना इस बात का सबूत है। श्री सैनी ने सवाल करते हुए कहा कि सरकारी एजेंसियां अगर ऐसे लोगों पर छापा नहीं मारेगी तो क्या घर में बैठी रहेगी? श्री सैनी ने आम आदमी पार्टी को भी निशाना पर लिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मंत्री और सांसद जेल में है। केजरीवाल जांच से भाग रहे हैं। श्री सैनी ने कहा कि अगर भ्रष्टाचार हुआ है तो कार्रवाई भी होगी।

स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवा मोर्चा करेगा बड़ा कार्यक्रम

आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री सैनी ने बताया कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती मनाई जाएगी। स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणा का स्रोत हैं इसलिए इस दिन युवाओं का बड़ा कार्यक्रम होगा। उन्होंने बताया कि इस दिन अनेक सेवा कार्य तय किए हैं, जो भाजपा का मोर्चा करेगा।  लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव कराने के सवाल पर नायब सैनी ने कहा कि यह चुनाव आयोग को देखना है कि चुनाव इकट्ठा करवाना है या अलग-अलग करवाना है। उन्होंने कहा कि चुनाव कोई भी हो भाजपा हर समय तैयार रहती है। 

error: Content is protected !!