आपका बूथ सबसे मजबूत होगा तभी चुनाव में विजय हासिल होगी : संगठन मंत्री फणिंद्रनाथ सरमा

देश को 2047 तक विकसित भारत बनाना, पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने यह ठाना : गृह मंत्री अनिल विज

भाजपा अम्बाला छावनी विधानसभा के तीनों मंडलों की बैठक को पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री फणिंद्रनाथ सरमा ने संबोधित किया

अम्बाला, 06  दिसम्बर। भारतीय जनता पार्टी की आज अम्बाला छावनी विधानसभा के तीनों मंडलों की अलग-अलग तीन बैठके हरियाणा के संगठन मंत्री फणिंद्रनाथ सरमा की उपस्थिति में गृह मंत्री अनिल विज व जिला अध्यक्ष राजेश बतौरा की अध्यक्षता में फारूखा खालसा स्कूल में शाम संपन्न हुई।

बैठक की शुरूआत दीप प्रज्जवलित कर संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर पुष्पांजलि अर्पित करके की गई।

इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश के संगठन मंत्री फणिंद्रनाथ सरमा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा शक्ति केंद्र प्रमुख व बूथ प्रमुख किस प्रकार बूथ पर कार्य का विभाजन करें इसपर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ता से आह्वान किया कि आपका बूथ सबसे मजबूत होना चाहिए, तभी आप चुनाव जीत सकते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के काम के साथ-साथ समाज सेवा में कार्यकर्ताओं को पूरी रूचि लेनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो नौ वर्षों में देश की सुरक्षा मजबूत करने के लिए कदम उठाए हैं, गरीब कल्याण की योजनाएं बनाई हैं, विकास के कार्य किए हैं उनका घर-घर जाकर प्रचार करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी के छह कार्यक्रमों के साथ-साथ, मन की बात का कार्यक्रम हर बूथ पर जरूर आयोजित करना चाहिए। कार्यक्रम के पश्चात सरल ऐप पर इसे लोड करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का भी आह्वान किया।

संगठन मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान तीन अलग-अलग बैठकों में वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ-साथ मंडल पदाधिकारियों, मोर्चो के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रमुख, पालक, प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, मंडल प्रभारी आदि की अलग-अलग तीन बैठक की।

बैठक में जिलाध्यक्ष राजेश बतौरा, उप प्रधान सरदार जसवीर सिंह जस्सी, महामंत्री ललित चौधरी, मंडल अध्यक्ष राजीव गुप्ता, विजेंद्र चौहान, किरणपाल चौहान, मंडल प्रभारी मदन लाल शर्मा, उत्तराखंड प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ओमप्रकाश भट्ट, महामंत्री भूपेंद्र सिंह बिंद्रा, संजीव सोनी, श्याम सुंदर अरोड़ा, नरेंद्र राणा आदि कार्यकर्ता उपस्थित है।

देश को 2047 तक विकसित भारत बनाना, पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने यह ठाना : गृह मंत्री अनिल विज

कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री अनिल विज ने संगठन मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके यहां आने से पार्टी संस्कारवान व मजबूत होगी और निश्चित दिशा की ओर अग्रसर होगी। उन्होंने कहा कि अम्बाला छावनी में पार्टी से जुड़ी गतिविधियों के कार्यक्रम अनुशासनपूर्ण तरीके से बड़ी संख्या में किए जाते हैं और गत दिनों पन्ना प्रमुख सम्मेलन इसका उदाहरण है जिसमें बड़ी संख्या में वहीं पन्ना प्रमुख आए जिन्हें बुलाया गया था। यह कार्यक्रम अनुशासन के साथ हुआ जोकि सराहा गया था। इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का होना कार्यकर्ताओं के आत्मविश्वास को स्वयं ही बढ़ाता है।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश को आकर राजनीति को विकास की नई दिशा दी। पहले देश में चुनाव भावनाएं भड़काकर किए जाते थे, मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे बदल दिया, उन्होंने विकास की राजनीति करते हुए हर वर्ग को लाभ पहुंचाने का कार्य किया। विकसित भारत बनाने के लिए उन्होंने फोकस प्वाइंट तय किए हैं और आज तक किसी प्रधानमंत्री ने कभी सोचा नहीं था कि देश को विकसित राष्ट्र बनाना है। पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने यह ठानी है कि जब आजादी का 100वां वर्ष मनाया जा रहा होगा तब 2047 में भारत विकसित राष्ट्र की श्रेणी में आना चाहिए। यह संकल्प लोगों के सहयोग के बिना पूरा नहीं हो सकता और सभी को बढ़चढ़कर इसमें हिस्सा लेना होगा।

श्री विज ने कहा कि प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा भी निकाली जा रही है जिसमें योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जा रही है और जहां-जहां यात्रा जा रही है वहां सभी विभागीय अधिकारी भी मौजूद होंगे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!