चंडीगढ़, 26 नवंबर। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा अमेरिका के सिलिकॉन वैली, सैन फ्रान्सिस्को में आयोजित ‘मीट एंड ग्रीट’ कार्यक्रम में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा के साथ शामिल हुए और एनआरआई समुदाय को संबोधित किया। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं।  अमेरिका पहुँचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान वो भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात और बातचीत कर रहे हैं। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हरियाणा के प्रवासी भारतीय भी मौजूद रहे। दीपेन्द्र हुड्डा ने हाल के विधान सभा चुनावों की चर्चा करते हुए कहा कि हिमाचल और कर्नाटक के बाद हमें विश्वास है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, राजस्थान और मिजोरम में भी कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि ये तो झांकी है पूरी पिक्चर अभी हरियाणा में दिखाना बाकी है। इस दौरान विधायक नीरज शर्मा भी उपस्थित थे।

उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर रह रहे भारतीयों की पुरानी यादें भारत के अलग-अलग हिस्से से जुड़ी हुई हैं। भारतीय मूल के लोगों ने दुनिया के हर मंच पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। भारतीय मूल के लोगों ने बहुत से देशों में Head of State और सरकार में महत्त्वपूर्ण पदों पर रह कर अपनी सेवायें भी दी है और अभी भी दे रहे हैं, जो हम सभी भारतीयों के लिए विशेष सम्मान की बात है। आपकी उपलब्धियाँ और आपकी सफ़लता हमारे लिए मान-सम्मान का विषय है। प्रवासी भारतीय पूरी दुनिया में जहां कहीं भी गए उन्होंने देश का नाम रोशन किया। आज दुनिया भर में चिकित्सा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सूचना तकनीक, व्यापार आदि क्षेत्रों में भारतीयों ने अलग पहचान और मुकाम हासिल किया है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि आज सूचना प्रौद्योगिकी, तकनीक के क्षेत्र में पूरी दुनिया में हिंदुस्तान की अलग पहचान है। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी के साथ इसकि नींव रखने में सबसे महत्वपूर्ण योगदान किसी का रहा था तो वो सैम पित्रोदा का था। सैम पित्रोदा के विशाल अनुभव, ऊर्जा से हम सभी को प्रेरणा मिलती है।

इस अवसर पर दविंदरपाल सिंह, डॉ हर्मेश कुमार, रवि गुलिया, गुरिन्दर पाल सिंह, गुरप्रीत सिंह, शान शंकरण, समीर सिंह मलिक, संजय मलिक, चिराग कथरानी, कमलकांत, सतनाम, हरियाणवी बेएरिया  एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।  

error: Content is protected !!