श्री कटारिया ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री ने गरीब, वंचित और दलित वर्ग की भलाई के लिए किया कार्य

चण्डीगढ, 10 नवम्बर – मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं महानिदेशक सूचना, जनसम्पर्क, भाषा तथा संस्कृति विभाग डा. अमित अग्रवाल ने आज हरियाणा सिविल सचिवालय में मुख्यमंत्री के चीफ मीडिया कोर्डिनेटर श्री सुदेश कटारिया को पदभार ग्रहण करवाया और बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

डा. अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के चीफ मीडिया कोर्डिनेटर नियुक्त किए जाने से जनसम्पर्क विभाग की टीम में बढौतरी हुई है। विभाग का मुख्य कार्य आम लोगों विशेषकर लाईन में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सरकार अंत्योदय की भावना से कार्य कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ रही है। उसी तरह जनसम्पर्क विभाग की टीम भी लोगों को जागरूक कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरन्तर प्रयासरत है।

डा. अग्रवाल ने कहा कि चीफ मीडिया कोर्डिनेटर श्री सुदेश कटारिया बहुत अनुभवी व्यक्ति है। विभाग को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा और विभाग की टीम सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को और अधिक त्वरित गति से जन-जन तक पहंुचाने का कार्य करेगी। उन्होंने   दीपावली की शुभकामनाएं दी और मिठाई खिलाकर उनके सुखद भविष्य की मंगल कामना व्यक्त की।

चीफ मीडिया कॉर्डिनेटर श्री सुदेश कटारिया ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने उन्हें मीडिया में काम करने का अवसर दिया है। इसके लिए वे तहदिल से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं और आखिरी सांस तक समाज के हकों की आवाज को सरकार तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की एक संत और ईमानदार नेता के रूप में छवि है। प्रत्येक हरियाणवी को साथ लेकर चलते हैं और वर्तमान में गांव गांव जाकर जनसंवाद के माध्यम से लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का निराकरण करने के लिए लगे हुए है।    

श्री कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वंचित एवं गरीब समाज की भलाई के लिए कार्य किया है। पूर्ववर्ती सरकारें वंचित समाज वोट के नाम पर इस्तेमाल करती रहीं है। हरियाणा के गठन के बाद पहली बार ऐसे मुख्यमंत्री मिलें है जो निरन्तर गरीब, वंचित और दलित वर्ग की भलाई के लिए कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा अनुसूचित वर्ग के कर्मचारियों व अधिकारियों को प्रमोशन में रिजरवेशन देने का ऐतिहासिक कार्य किया हैं जिससे समाज के लोगों में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि -बिन मांगे मोती मिले मांगे मिले न भीख- मुख्यमंत्री ने बिना मांगे ही प्रमोशन में रिजर्वेशन का लाभ दिया है। इससे बड़ा कोई लाभ नहीं हो सकता। इससे पहले एससी कर्मचारी बिना पदौन्नति के ही रिटायर हो जाते थे।

चीफ मीडिया कोर्डिनेटर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हरियाणा में अनुसूचित जाति आयोग का गठन कर पीड़ितों एवं वंचितो को न्याय दिलाने का कार्य किया है। इससे पहले लोगोें को अपनी शिकायतें लेकर दिल्ली जाना पड़ता था। इसके अलावा भ्रष्टाचार का भी बोलबाला रहता था। मेरिट आधार पर बिना खर्ची व पर्ची के सरकारी नौकरियां दी हैं जिसका सबसे अधिक लाभ गरीब एवं एससी समाज को मिला है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिर्वतन में अमूलचूल परिवर्तन किया है। विकसित देशों की तर्ज पर एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं दी है। परिवार पहचान पत्र के माध्यम से एक ही क्लिक से 39 लाख परिवारों के बीपीएल कार्ड बनाए और 60 साल की आयु पूर्ण होते ही स्वतः की बुढापा पैंशन बन रही है। इस तरह की नई पहल करके मुख्यमंत्री ने जनता से सीधा सम्पर्क किया और ऐतिहासिक निर्णय लेकर लाभान्वित किया। इनके बल पर गरीब एवं एससी समाज मुख्यमंत्री को सत्ता में लाने का काम करेगा इसलिए भाजपा प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें जीतेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाईजर राजीव जेटली, मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय, मीडिया कोर्डिनेटर राजकुमार कपूर, अशोक छाबड़ा, रणदीप घणघस भी मौजूद रहे।