भाजपा ने प्रदेश में झूठ, छल, प्रपंच, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई के पूरे किए नौ साल : कुमारी सैलजा

09 सालों में प्रदेश में नहीं लगी कोई नई फैक्ट्री और न ही प्रदेश में हुआ कोई बड़ा निवेश
भाजपा-जजपा राज में बेरोजगारी तीन गुना से भी ज्यादा बढ़ी, नौकरियों में भ्रष्टाचार चरम पर

चंडीगढ़, 01 नवंबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य और हरियाणा कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा हरियाणा में सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर जश्न मना रही है जबकि वास्तविकता तो यह है कि भाजपा ने प्रदेश में झूठ, छल, प्रपंच, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व महंगाई के नौ साल पूरे किए हैं। स्कूल बंद किए जा रहे हैं और किसी न किसी बहाने से बुजुर्गों व महिलाओं की पेंशन काटी जा रही है। इन 09 सालों में प्रदेश में कोई नई फैक्ट्री नहीं लगी है और न ही प्रदेश में कोई बड़ा निवेश हुआ है। भाजपा-जजपा राज में बेरोजगारी तीन गुना से भी ज़्यादा बढ़ी हैं नौकरियों में भ्रष्टाचार चरम पर है और बेरोजगार युवा नौकरी की तलाश में इधर से उधर भटक रहा है।

मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा है कि रोजगार के नाम पर युवाओं को बरगलाया जा रहा है और नौकरियों के नाम पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने कहा कि हरियाणा खराब कानून व्यवस्था के दौर से गुजर रहा है। कहीं हत्याएं हो रही हैं तो कहीं लूटपाट हो रही है। रंगदारी और फिरौती की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। हर व्यक्ति अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

 उन्होंने कहा कि भाजपा जिसे सुशासन कहती है उसमें गरीबों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जनहित के कार्य करने की अपेक्षा भाजपा केवल घोषणाओं से लीपापोती कर रही है। भाजपा-जजपा गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि यह गठबंधन जनता के विकास के लिए नहीं हुआ बल्कि लोगों को ठगने व भ्रष्टाचार के लिए हुआ है। कर्मचारी, किसान, शिक्षक व बुजुर्गों सहित ऐसा कोई वर्ग नहीं होगा जो भाजपा-जजपा गठबंधन की नीतियों से परेशान न हो।

हरियाणा में बेरोजगारी दर पहुंची 9.0 प्रतिशत

कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्र सरकार ने भी माना कि हरियाणा में भाजपा-जजपा राज में बेरोजगारी तीन गुना से भी ज्यादा बढ़ी है जो की उत्तर भारत में सर्वाधिक है। बार-बार एजेंसी के आंकड़ों को नकराने वाले मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अब क्या कहेंगे? उन्होंने कहा कि 2013-14 में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार के समय बेरोजगारी दर 2.9 प्रतिशत थी वो भाजपा राज में 2021-22 तक 9.0 प्रतिशत पर जा पहुंची। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर बेरोजगारी दर 4.1 प्रतिशत है। बेरोजगारी की दर में हरियाणा ने बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और झारखंड को भी पीछे छोड़ दिया है।

प्रदेश में नहीं लगी एक भी नई फैक्ट्री

उन्होंने कहा कि 2014 तक को प्रदेश प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश में सबसे आगे रहा। लोग दूर-दूर से यहां रोजगार के लिए आते थे लेकिन 09 सालों में प्रदेश में कोई नई फैक्ट्री नहीं लगी और ना ही प्रदेश में कोई बड़ा निवेश हुआ। कई बड़ी परियोजनाएं दूसरे प्रदेशों में चली गईं। इसके अलावा हरियाणा में अभी 02 लाख सरकारी पद अभी भी खाली पड़े है। कई भर्तियां भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं। भाजपा-जजपा राज में हरियाणा के युवा हताश और निराश है। हकीकत यह है कि भाजपा सरकार ने केवल अपने लिए काम किया है। गरीबों का शोषण किया जा रहा है। भाजपा ने केवल अपने लोगों का ही विकास किया है और उनके विकास के नौ साल का भाजपा आज जश्न मना रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब सच्चाई को समझ चुकी है और अब भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस में विश्वास जता रही है और आने वाले लोकसभा चुनाव व हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ही जीतेगी।

You May Have Missed

error: Content is protected !!