— तमिलनाडु के मंत्री का ब्यान विपक्षी गठबंधन की मानसिकता की अभिव्यक्ति
— सनातन परंपरा शाश्वत कोई नहीं मिटा सकता,ब्यान दुर्भाग्यपूर्ण
—  नशा मुक्ति के लिए साइक्लोथॉन मुख्यमंत्री की सार्थक पहल-बोले  धनखड़
— वन नेशन – वन इलेक्शन का किया समर्थन,सार्थकता के जल्द मिलेंगे परिणाम

 चंडीगढ़, 5 सितंबर। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री  के बेटे एवं मंत्री उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म के खिलाफ की गई टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। ब्यान विपक्षी गठबंधन की मानसिकता की अभिव्यक्ति सनातन परंपरा शाश्वत है । हरियाणा भाजपा अध्यक्ष औमप्रकाश धनखड़ ने कांग्रेस सहित विपक्षी गठबंधन पर प्रहार करते हुए कहा कि इस बयान से विपक्षी गठबंधन की मानसिकता की अभिव्यक्ति साबित होती है। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका नहीं है। भारत के खिलाफ पहले भी षडय़ंत्र होते रहे हैं।  कांग्रेस के ही नेता और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का भी बयान आया था,  जिसमें उन्होंने कहा था कि आई एम हिंदू बाई एक्सिडेंट। पहले भी कांग्रेस ने धर्म के आधार पर देश के टुकड़े स्वीकार किए हैं। धारा-370 भी इसी का एक हिस्सा थी।

धनखड़ ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में यह पखवाड़ा आनंद का है।  चंद्रयान -3 ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर शिव शक्ति प्वाइंट पर सफल लैंडिंग की। इसके बाद आदित्य एल वन सूर्य नमस्कार के लिए जा रहा है। पूरी दुनिया ने भारत का  लोहा माना है। नई दिल्ली में दुनिया के शक्तिशाली देशों के नेताओं का पीएम मोदी की अध्यक्षता में  शीर्ष सम्मेलन होने जा रहा है। नई दिल्ली में दुनिया के नेता बदलते व आगे बढ़ते हुए भारत को देखेेंगे। यह सब हमारे लिए गौरवान्वित होने के पल होंगे।

 हरियाणा भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वन नेशन- वन इलेक्शन विषय पर सरकार ने देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई है। बार बार चुनाव होने से ज्यादा खर्चा होना,  जल्दी जल्दी आचार सङ्क्षहता लागू होने से विकास कार्यों में रुकावट आना ऐसी बातें हैं , जिनके कारण वन नेशन-वन इलेक्शन की चर्चा काफी समय से हो रही थी। वन नेशन- वन इलेक्शन से धन की बचत होगी, देश के विकास को और तीव्र गति मिलेगी।  भाजपा की नीति देश हित में निर्णय लेने की रही है।

 धनखड़ ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा नशा मुक्त हरियाणा का संदेश देने के लिए प्रदेशभर में आयोजित की जा रही साइक्लोथॉन (साइकिल मैराथन) का स्वागत किया और स्वयं साइकिल चलाते हुए भागीदार बने।  उन्होंने कहा कि साइकिल मैराथन युवा वर्ग में नई चेतना पैदा करेगी। कार्यक्रम में सांसद डॉ अरविंद शर्मा, डी सी कैप्टन शक्ति सिंह, एसपी डॉ अर्पित जैन, जिला भाजपा अध्यक्ष विक्रम कादियान, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता डांगी, आनंद सागर, नवीन बंटी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे ।

error: Content is protected !!