अंग्रेजों की तरह क्लर्कों को कुचलने का फरमान लेकर आई खट्टर सरकार: डॉ. अशोक तंवर
दमनकारी नीतियों से क्लर्कों के आंदोलन को कुचलना चाहती है खट्टर सरकार: डॉ. अशोक तंवर
39 दिनों से हड़ताल पर बैठे क्लर्क, 35,400 का पे ग्रेड मांग रहे: डॉ. अशोक तंवर
अब तक की बातचीत में हमेशा सीएम खट्टर ने अपने ओएसडी को आगे किया: डॉ. अशोक तंवर
क्लर्कों के साथ मजबूती से खड़ी आम आदमी पार्टी: डॉ. अशोक तंवर
प्रदेश में लगातार बढ़ रहा है आम आदमी पार्टी का कुनबा: डॉ. अशोक तंवर

फरीदाबाद/ चंडीगढ़, 13 अगस्त – आम आदमी पार्टी के प्रदेश कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष डॉ अशोक तंवर ने रविवार को कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में अपनी जायज मांगों पर हड़ताल कर रहे क्लर्कों पर ‘एस्मा’ लगाने को खट्टर सरकार की तानाशाही करार दिया। उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार क्लर्कों की हड़ताल को कुचलना चाहती है। इसलिए अंग्रेजों की तरह क्लर्कों को कुचलने का फरमान निकला है। उन्होंने कहा कि क्लर्कों की मांगें बिल्कुल जायज हैं, अगर मुख्यमंत्री खट्टर अपना अहंकार त्याग कर बातचीत करते तो कोई हल जरूर निकलता, लेकिन उन्होंने तीनों बैठकों में अपने ओएसडी को सामने कर दिया है। उन्हें प्रदेश की जनता और अपने कर्मचारियों की कोई फिक्र नहीं है।

उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार पहले हीं क्लर्कों का वेतन रोक चुकी है। “एस्मा” कानून लागू करने से सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना गुनाह बना दिया गया है। अब कर्मचारियों को बिना वॉरेंट के भी गिरफ्तार किया जा सकता है। इसके तहत कर्मचारियों को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने भर से 6 महीने की जेल तक हो सकती है। खट्टर सरकार इतनी अहंकारी हो गयी है कि अपना हक मांग रहे क्लर्कों को कुचल देना चाहती है। पहले अंग्रेजी हुकूमत इस तरह के दमनकारी नियमों का इस्तेमाल करती थी और अब भाजपा सरकार कर रही है।

उन्होंने कहा कि क्लर्कों के धरने को 39 दिन पूरे हो गए हैं। वैसे तो सरकार कहती है कि हम सबसे आगे हैं, लेकिन आज भी प्रदेश में क्लर्कों को दिल्ली और पंजाब समेत कई राज्यों से कम सैलरी मिल रही है। इसी मांग को लेकर क्लर्क धरने पर बैठे हुए हैं कि उनको 35400 पे ग्रेड दिया जाए, ताकि वो भी महंगाई की मार को झेल सकें और अपने परिवार का जीवन यापन बेहतर तरीके से सुनिश्चित कर सकें।

उन्होंने कहा कि इस सरकार को आखिर में झुकना पड़ेगा, लेकिन तब तक देर हो चुकी होती है। ऐसा ही किसान आंदोनल में भी हुआ, आखिर में कृषि कानूनों को वापस लेना पड़ा। खट्टर सरकार कर्मचारियों को डराने का काम कर रही है। ऐसे में आम आदमी पार्टी कर्मचारियों के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।

इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग दूसरी पार्टियों को छोड़कर आम आदमी पार्टी में भी शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लगातार आम आदमी पार्टी का कुनबा बढ़ रहा है। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की लहर है। दूसरी पार्टियां छोड़कर लोग लगातार आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। 2024 में दिल्ली और पंजाब की तरह हरियाणा में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि फतेहाबाद सबसे ज्यादा बाढ़ से प्रभावित रहा है। सीएम खट्टर 15 अगस्त को वहां पर झंडा फहराने की बात कर रहे हैं। उन्होंने सीएम खट्टर से कहा कि जब नदियों के तटबंधों को पक्का किया जाएगा तभी हमें बाढ़ से आजादी मिलेगी और बड़ी घोषणा करके किसानों को राहत दे। उन्होंने कहा कि सीएम खट्टर ने पहले हवाई दौरा किया था, अब पहली बार जमीन से जाएंगे तो हकीकत को समझेंगे। गांव नारायण खेड़ा के किसान टंकी पर बैठे हैं, 750 करोड़ का मुआवजा उनको भी देना है। उन्होंने कहा कि सरकार के पोर्टल पर आधारित है, जो काम ही नहीं कर रहे।

उन्होंने कहा कि बाढ़ से किसानों को बहुत नुकसान हुआ है, अभी तक उनको कोई मुआवजा नहीं मिला है। किसानों को बाढ़ की वजह से नदियों में आए रेत को उठाने की अनुमति दी जाए, ताकि उनको कुछ राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की विदाई पार्टी शुरू हो चुकी है। जनता 2024 में दिल्ली और पंजाब की तरह हरियाणा में भी इनका सुपड़ा साफ करेगी।