मेवात हिंसा के दोषियों को बख्शेगी नहीं सरकार: धनखड़

चंडीगढ़, 6 अगस्त। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने रविवार को पन्ना प्रमुख सम्मेलनों को संबोधित करते हुए अराजकतावादी तत्वों से सावधान रहने के लिए कहा है। हिसार के बरवाला में पन्ना प्रमुखों सम्मेलन में बोलते हुए उन्होंने कहा कि अराजकतवादी लोग आज कहीं न कहीं देश और प्रदेश में शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं, हमें इनसे सावधान रहना है। मेवात में हुए दंगों के बारे में बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश ने देखा कि कांग्रेसियों ने क्या-क्या किया और उनके कैसे-कैसे बयान सामने आ रहे हैं। सभी जगह उनके बयानों की चर्चा है।  दिल्ली हो या हरियाणा कांग्रेस को अमन-चैन बर्दाश्त नहीं हो रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं का भी नाम भी दंगों में आ रहा है। हमने दिल्ली दंगों में भी आम आदमी पार्टी का चेहरा देखा कि किस तरह वहां के एक विधायक ने दंगों को भड़काया था। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसा प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं ये कौन लोग हैं यह समझने की बात है। ऐसा प्रायोजित कार्यक्रम वो ही लोग चलाएंगे जिनको भाजपा सरकार और प्रदेश की शांति से तकलीफ है, ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। प्रदेश अध्यक्ष ने साफ किया कि किसी भी अराजक तत्व को सरकार बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल का यह कमिटमेंट है कि सभी लोग शांति और भाईचारा के साथ रहें। इस रास्ते पर हम आगे बढ़ रहे हैं।

पांच ‘‘क’’ भाजपा संगठन के आधार स्तम्भ: ओम प्रकाश धनखड़

*धनखड़ ने प्रदेश के 15 रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने पर पीएम मोदी का धन्यवाद किया*

प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि पांच ‘‘क’’ हमारे संगठन के आधार स्तंभ  हैं। सबसे पहले कार्यकर्ता,  कार्यक्रम,  कोष,  कार्यकारिणी और  कार्यालय हैं। भाजपा ने पन्ना प्रमुख तक संगठन खड़ा कर दिया है। हमारा लक्ष्य प्रदेश में पांच लाख सक्रिय कार्यकर्ताओं को जोड़ना है। जिसके बहुत नजदीक हम पहुंच चुके हैं।  हिसार जिला की बरवाला विधानसभा  और फतेहाबाद जिले की रतिया विधानसभा क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलनों को संबोधित करते हुए धनखड़ ने कहा कि  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हरियाणा को बड़ी सौगात दी है। कुल  607.8 करोड़ रुपये से हरियाणा के 15 रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन के रूप में रूपान्तरित करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। धनखड़ ने कहा कि एक वर्ष बाद भारत के 508 रेलवे स्टेशन अंतरराष्ट्रीय स्तर के होंगे इनमें 15 हरियाणा के भी शामिल हैं।  

प्रदेश अध्यक्ष ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए कहा कि देश ने पिछले नौ वर्षों में हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। भारत की प्रगति कांग्रेस को भी रास नहीं आ रही है।  मोदी के नेतृत्व में देश व प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, सड़कों की क्वालिटी सुधर रही है। 152-डी पर अमेरिका में चलने जैसा आनंद आ रहा है।  इस बदलते हुए भारत को हम अपनी आंखों से देख रहे हैं।

श्री धनखड़ ने कहा कि 2014 में जब स्वयं मैं पंचायत मंत्री था तब हमारी सरकार ने पढ़ी-लिखी पंचायत दी और साथ में यह शर्त भी लगा दी कि जिस घर में शौचालय होगा वहीं व्यक्ति चुनाव लड़ सकता है। आज मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की इस पहल को पूरे देश में लागू किया और आज हर घर में शौचालय है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2017-18 में हरियाणा में शहीदों को सम्मान देने के लिए ग्राम गौरव पट्ट की शुरूआत हुई। देश भर में एक-एक शहीद की यादों को संजोने का काम शिलापट्ट के रूप में करने का बड़ा निर्णय प्रधानमंत्री मोदी ने लिया है। हम सभी को इसका स्वागत करना चाहिए।

श्री धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी का मानना है कि जब हम तिरंगा यात्रा निकालें तो हर शहीद के घर और उसकी समाधि की मिट्टी लाकर दिल्ली पहुंचानी है। उस मिट्टी अमृत वाटिका विकसित की जाएगी।  हर शहीद की याद इस वाटिका में होगी ऐसा काम मोदी जी अमृतमहोत्सव की शान में करने जा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे शहीदों को याद करने से देश की तेजस्विता और उर्जा बढ़ती है और देश मजबूत होता है। प्रधानमंत्री मोदी जी इसी काम में लगे हैं।

ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि भारत दुनिया में सैनिक और आर्थिक दृष्टि से मजबूत हो रहा है। दुनिया के देशों को मोबाइल फोन देने वाला भारत तीसरे नंबर का देश बन गया है। दुनिया की 50 प्रतिशत जैनेरिक दवाइयां भारत दे रहा है। अमेरिका को भी 40 प्रतिशत दवाई भारत दे रहा है। ऐसा बदला हुआ भारत इन 9 वषों में हम देख रहे हैं। धनखड ने पन्ना प्रमुखों से  पूछा कि भगवान राम को मस्जिद और टैंट में बैठाने वाली पार्टी कौन सी थी। अब तो कांग्रेसी भी वहां दर्शन करके आ रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में धारा-370 लगाने और दोबारा लागू करने के लिए वकील खड़ी करने वाली पार्टी को भूलना नहीं है। ये बड़े मायावी लोग हैं, दोनों तरफ की बातें करते हैं इनसे समझने की आवश्यकता है।

करोड़ों कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा अजेय बनने की दिशा में बढ़ रही है आगे: बिप्लब देब

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब ने कहा कि आज करोड़ों कार्यकर्ताओं के परिश्रम के कारण भारतीय जनता पार्टी अजेय बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है। वर्षों पुरानी पार्टियां जहां इस देश में लुप्त होने के कगार पर है, वहीं भाजपा में पन्ना प्रमुख तक की सुदृढ़ संरचना है। श्री देब ने रविवार को महेंद्रगढ़ जिला की अटेली विधानसभा और सोनीपत की गोहाना विधानसभा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित किया।

बिप्लब देब ने कहा कि मोदी सरकार नए भारत का नया रेलवे स्टेशन विकसित कर रही है। मोदी जी के नेतृत्व में जिस प्रकार मिलेट्स का प्रचार-प्रसार हो रहा है उसी का परिणाम है कि आज देश ही नहीं अपितु विश्व स्तर पर मोटे अनाज (मिलेट्स) की मांग बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के लिए अनेक कार्य किए हैं ताकि हमारा किसान समृद्ध हो। मोदी जी का कहना है कि हमारे किसान समृद्ध होंगे तो यह देश समृद्ध होगा। 

error: Content is protected !!