50 हजार प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दे हरियाणा सरकार: अनुराग ढांडा
जनता ने दिखाया आईना, 2024 के बाद तान के ही सोएंगे सीएम खट्टर: अनुराग ढांडा
कुमारी शैलजा को भी सपने में दिखने लगी आम आदमी पार्टी: अनुराग ढांडा
अपने पापों का प्रायश्चित करने के लिए इनेलो निकाल रही पद यात्रा: अनुराग ढांडा

सिरसा, 18 जुलाई – आम आदमी पार्टी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने मंगलवार को सिरसा के कालांवाली और आसपास क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और किसानों और ग्रामीणों से बातचीत की। इससे पूर्व, उन्होंने सिरसा के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में 12 जिलों और 4-5 लाख एकड़ फसल बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि इसको 100 % नुकसान समझते हुए मुआवजा राशि जारी करनी चाहिए। ये शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री ने अभी तक किसी भी मुआवजे का एलान नहीं किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खेतों में जा कर देखें तो पता चले फसल कैसे उगती है। किसानों को बहुत नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री खट्टर कहते हैं कुछ दिनों बाद पानी उतर जायेगा, दोबारा फसल लगा लेंगे। इससे शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। जनता ने बीजेपी सरकार को आईना दिखा दिया है, इसलिए कोई भी एमएलए, सांसद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दिखाई नहीं दे रहे। जनता ने मन बना लिया है, 2024 के बाद सीएम खट्टर तान के ही सोएंगे।

उन्होंने कहा की पूरे प्रदेश में कहीं भी प्रशासनिक अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नहीं पहुंचे। इस सीजन में फसल दोबारा नहीं लगाई जा सकती है। किसानों को पशुधन, कृषि उपकरण और प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचा है।मुख्यमंत्री खट्टर जी किसानों के बीच आ कर किसानों के दुख दर्द को समझे। उन्होंने कहा कि हर जगह एक बोट की डिमांड की गई थी।हरियाणा सरकार किसानों के साथ किसान आंदोलन की दुश्मनी निकाल रही है।

वहीं उन्होंने स्थानीय सांसद सुनीता दुग्गल पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता के नेताओं को सिर्फ अपने कार्यक्रमों से मतलब है, लोगों के दुख दर्द से कोई मतलब नहीं। उन्होंने कहा की सांसद महोदया ने बिना किसी तर्क के बाढ़ के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहरा दिया। जबकि हमने दिल्ली की बाढ़ के सुबूत पेश किए थे। कैसे हरियाणा सरकार ने सहारनपुर की तरफ पानी ना छोड़ कर दिल्ली को डुबोने की साजिश रची। इस कारण हरियाणा के सोनीपत, पानीपत, करनाल से लेकर यमुनानगर तक 8 जगहों पर तटबंद टूटे।

दिल्ली को डुबाने के चक्कर में हरियाणा में भी बाढ़ ने अपना रौद्र रूप दिखाया। पूरे देश में हरियाणा सरकार की साजिश बेनकाब हो गई। सैंकड़ों गांव की जमीन बाढ़ के पानी से प्रभावित हुई हैं।

उन्होंने कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा पर बोलते हुए कहा कि उनको सपने में भी आम आदमी पार्टी नजर आती है। आम आदमी की चिंता करना छोड़िए, पहले अपनी पार्टी के अंदर के संकट सुलझाइए। कम से कम ये तो तय कीजिए कि चुनाव कहां से लड़ोगे। अगर तय हो जाए तो ये भी सुनिश्चित कीजिए कि कांग्रेस पार्टी का दूसरा गुट वहां से टिकट लेने देगा या नहीं। उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा कांग्रेस को गुटबाजी की लत है। वे आम आदमी पार्टी की चिंता छोड़कर अपनी पार्टी की समस्याओं का समाधान करें।

उन्होंने अभय चौटाला पर बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने उनको जिला परिषद चुनावों में सही जगह तो दिखा दी है। आने वाले समय में आम आदमी पार्टी उनको उनके गढ़ में हराएगी भी। उन्होंने कहा अभय चौटाला बोलते हैं कि सीएम कैंडिडेट को उचाना से लड़वाएंगे। ओपी चौटाला तो जेल काट के आए हैं, चुनाव लड़ नहीं सकते। ऐलनाबाद में हार देखकर कहीं वे खुद उचाना का रुख तो नहीं कर रहे। वे स्पष्ट करें की उनकी पार्टी में कौन सीएम कैंडिडेट बचा है।

उन्होंने कहा की अभय चौटाला की पैदल यात्रा एक पॉलिटिकल ड्रामा थी। उसमें लोग तो जुटें नहीं, लेकिन उनकी सरकार के समय की लूटपाट, आतंक, भ्रष्टाचार और दादागिरी का पश्चताप था। उनकी यात्रा में लोग तो जुटे नहीं, वे अपने 20-50 कार्यकर्ताओं के साथ पूरा हरियाणा में घूमे हैं।

उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि भूपेंद्र हुड्डा कहते हैं शिक्षा पर सियासत नहीं होनी चाहिए, स्वास्थ्य पर सियासत नहीं होनी चाहिए, बिजली पर सियासत नहीं होनी चाहिए और बाढ़ पर सियासत नहीं होनी चाहिए। जो-जो जनता से जुड़े मुद्दे हैं उन पर राजनीति नहीं करें तो क्या उनके तरह जात पात के मुद्दों पर करें।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी सही विपक्ष की भूमिका निभा रही है। पंजाब में भगवंत मान किसानों के बीच जा रहे हैं। खेतों में जाकर किसानों से बातचीत कर रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री हवाई सर्वेक्षण करते हैं, उपमुख्यमंत्री ट्रैक्टर पर बैठकर दौरा करते हैं और अनिल विज बोट में बैठकर अपने घर जाते हैं। उन्होंने कहा कि वे जहां भी गए, वहीं ये मांग की गई थी कि उन्हें एक बोट चाहिए। आम आदमी तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रतिनिधि बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच नहीं जा रहे हैं। मदद करना तो दूर की बात है। खट्टर सरकार को लोगों से कुछ लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा की मुसीबत की इस घड़ी में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता लोगों के बीच हैं और जो भी मदद की सकती है, कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में पानी छोड़ने के मामले में भी मुख्यमंत्री खट्टर बेनकाब हुए। उन्होंने आईटीओ को लेकर भी झूठ बोला। आईटीओ के पांच गेट भी बिल्कुल जाम हो गए थे। दिल्ली सरकार ने 2022 और उससे पहले 2021 में भी आईटीओ के गेट ठीक करवाने संबंधी पत्र लिखे थे। मुख्यमंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस में झूठ बोलते हुए पकड़े गए और फिर माफी भी नहीं मांगी। एक संवैधानिक पद पर बैठे हुए व्यक्ति को झूठ नहीं बोलना चाहिए।

इस मौके पर प्रदेश यूथ विंग अध्यक्ष मनीष यादव, किसान सेल के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप भांभू, प्रदेश सह सचिव डॉ. अनिल रंगा, लोकसभा अध्यक्ष कुलदीप गदराना, जिला अध्यक्ष हैप्पी रानियां, करण सिंह धनखड़, गुरविंदर सिंह गरजा, पूनम गोदारा, दर्शन कौर, हनुमान जांडू, श्याम मेहता, वीरेंद्र सिंह, सुरजीत बेंगू, कविता नागर और सरोज मानव मौजूद रहे।

error: Content is protected !!