शिकारी ड्रोन अभी आया नहीं, विरोधियों के पेट में दर्द पहले शुरू हो गया: धनखड़

चंडीगढ़, 29 जून। हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें ठाडा रक्षा मंत्री कहा। उन्होंने कहा कि आज रक्षा के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर हो रहा है। पहले हम हथियारों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर थे और आज दूसरे देशों को भी निर्यात कर रहे हैं। भारत हर मोर्चे पर मजबूत हो रहा है। श्री धनखड़ गुरुवार को अंबाला लोकसभा की गौरवशाली भारत रैली को संबोधित कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष ने पहले अंबाला लोकसभा के सांसद रहे स्व. रतन लाल कटारिया को याद करते हुए कहा कि श्री कटारिया जिंदगी भर समर्पित कार्यकर्ता रहे और वे हंसते-हंसाते हुए आखिर में हमें भावुक करके चले गए। हम सभी उनके कृतज्ञ और आभारी हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज हम बदलते हुए भारत को देख रहे हैं। अब हमें कोई आंख नहीं दिखा सकता, यह मोदी के नेतृत्व का मजबूत भारत है और हमारी सेना दुश्मनों को घर में ठोककर आती है। विक्रांत युद्धपोत को बनते भारत में देख रहे हैं। भारतीय तोपों से सलामी दी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका से जैट इंजन की टैक्नॉलोजी लेकर आए, अब ये इंजन भारत में बनेंगे। शिकारी ड्रोन पाकिस्तान, चीन बार्डर पर हमारी सीमाओं की रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह के नेतृत्व में हमारा रक्षा तंत्र लगातार मजबूत हो रहा है।

विपक्ष को निशाना पर लेते हुए धनखड़ ने कहा कि ड्रोन आया नहीं कि उनके पेट में दर्द पहले शुरू हो गया। मजबूत होते भारत से उन्हें तकलीफ होने लगी है। 1962 में चीन को जमीन किसने दी उस पार्टी को जरूर याद रखनी चाहिए। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जिक्र करते हुए धनखड़ ने कहा कि राजीव गांधी ने कहा था कि मैकमोहन लाइन पर 20-25 किलोमीटर जगह का पता नहीं चल पाता। उन्होंने कहा कि आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में कोई दुश्मन देश हमारी एक इंच जमीन में नहीं घुस सकता। हमारी सेनाओं ने गलवान में लाठियों से उन्हें खदेड़ा है यह वीडियो सभी ने देखा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सरकारें बार्डर पर सड़कें बनाने से डरती थी, इसलिए सड़कें नहीं बनाई। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मोदी जी के नेतृत्व में सीमाओं पर शानदार सड़कों का जाल बिछा दिया। आज हमारे सैनिक और सैन्य सामान आसानी से दुर्गम स्थानों तक पहुंच सकते हैं। मोदी के नेतृत्व में इंफ्रास्ट्रक्चर लगातार मजबूत हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने हर घर नल से जल, उज्जवला योजना, किसान सम्मान निधि, जन-धन खाते, शौचालय, चिरायु कार्ड जैसी अनेकों योजनाएं भी गिनवाई। इस शानदार रैली के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने आयोजकों को बधाई दी और उमड़े जनसैलाब से दस की दस सीटें मोदी की झोली में डालने की अपील की।

इस मौके पर गृहमंत्री अनिज विज, कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर, राज्यसभा के सांसद अनिल अग्रवाल, रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री एवं ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष कर्णदेव कांबोज, विधायक असीम गोयल, विधायक घनश्यामदास, मेयर मदन चौहान, पंचकूला मेयर कुलभूषण,  अंबाला जिला अध्यक्ष राजेश बतौरा, पंचकूला के जिला अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य बंतो कटारिया,  पूर्व विधायक लतिका शर्मा,  प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, पूर्व विधायक बलवंत सिंह, वरिन्द्र गर्ग, जिला परिषद के चेयरमैन राजेश लाडी, यमुनानगर के चेयरमैन रमेश, भाजपा जिला मीडिया प्रमुख कपिल मनीष गर्ग, प्रदेश सह प्रवक्ता संजय आहूजा, पूर्व चेयरमैन कृष्ण ढुल, जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला, जिला महामंत्री सुरेंद्र बनकट आदि उपस्थित थे। 

error: Content is protected !!