आज भी कैमिकल युक्त पानी पीने को मजबूर नूंह के लोग: डॉ अशोक तंवर
नूंह को हमेशा मुलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया: डॉ अशोक तंवर
आप कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे: डॉ अशोक तंवर

नूंह, 20 जून – आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने मंगलवार को नूंह के फिरोजपुर झिरका और पुन्हाना में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। वहां पहुंचने पर जिला अध्यक्ष नूंह हाजी साहब खान पटवारी ने डॉ अशोक तंवर का फुल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 75 साल हो गए, कितनी पार्टियां आई और गई, लेकिन नूंह हमेशा से पिछड़ा रहा। नूंह की तरफ किसी भी पार्टी ने कोई ध्यान नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि आज भी नूंह के लोग कैमिकल युक्त पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। नूंह के लोगों को हमेशा मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर गुरुग्राम की तर्ज पर नूंह में विकास कार्य करवाए जाएंगे। नूंह के लोगों के लिए अच्छे स्कूल, अस्पताल व सड़कें और गलियां बनवाई जाएंगी। ताकि नूंह के लोगों को अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य मिल सके। नूंह के लोगों को हर मुलभूत सुविधाएं दी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि जल्द ही ब्लॉक स्तर के संगठन का ऐलान किया जाएगा। संगठन की घोषणा को लेकर तैयारियां चल रही हैं। उसके बाद कार्यकर्ता गांव स्तर के संगठन की तैयारियों में जुट जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी के बढ़ते कदमों को रोकने के लिए खट्टर सरकार कानून का दुरुपयोग कर रही है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। खट्टर सरकार जितनी मर्जी ताकत लगा ले आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि 2024 में आम आदमी पार्टी जनहित के मुद्दों की लड़ाई लड़ेगी। किसान, मजदूर और आम जनता की मूलभूत सुविधाओं को लेकर आम आदमी पार्टी चुनाव के मैदान में उतरेगी। 2024 में प्रदेश की जनता बीजेपी जेजेपी सरकार को सबक सिखाते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएगी। इस मौके पर गुरुग्राम लोकसभा अध्यक्ष मुकेश डागर, जिला अध्यक्ष नूंह हाजी साहब खान पटवारी और बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी समर्थक मौजूद रहे।