अमित शाह ने हुड्डा पर साधा निशाना, बोले- पहले दरबारी, दामाद और डीलरों की सरकार थी

Bybharatsarathiadmin

Jun 18, 2023 #aap party haryana, #haryana bjp, #haryana congress, #haryana sarkar, #INLD, #jjp, #केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, #केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र शेखावत, #पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, #पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, #पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब, #पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, #पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, #प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, #प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, #बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला, #मुख्यमंत्री मनोहर लाल, #मोदी सरकार, #राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, #शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, #सांसद सुनीता दुग्गल, #हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज
अमित शाह ने पूर्व सीम हुड्डा को दिया चैलेंज, हिम्मत है तो दस साल का रिकार्ड लेकर आ जाएं
शाह बोले हरियाणा वालों 10 की 10 सीट मोदी जी की झोली में डालनी है

चंडीगढ़, 18 जून। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सिरसा में गौरवशाली भारत महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सीमाओं पर जब-जब संकट आया, हरियाणा-पंजाब की भूमि के जवानों ने चट्टान बनकर दुश्मनों का सीना छलनी किया और अपने खून से सींचकर मां भारती को सुरक्षित करने का काम किया। मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर सिरसा में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने मंच से 9 साल के काम गिनवाए और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हुड्डा के टाइम पर थ्री डी की सरकार थी, यानी दरबारी, दामाद और डिलरों की सरकार थी। इस रवायत को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खत्म किया है। पहली बार हरियाणा को पूरे प्रदेश का मुख्यमंत्री मिला है। इससे पहले मुख्यमंत्री सिर्फ एक जिले का मुख्यमंत्री होता था।

अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चैलेंज करते हुए कहा कि वो जो खोखली बात करते हैं, अपने दस साल का रिकार्ड लेकर आ जाओ। हरियाणा के किसानों का सबसे ज्यादा गेहूं और धान किसने खरीदा? उन्होंने कहा कि हुड्डा साहब ने दस सालों में कभी किसानों को सीधा खाते में रुपया नहीं भेजा, आज मोदी सरकार में 6000 रुपये उनके खातों में सीधे आते हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भावांतर भरपाई योजना लागू करके किसानों को फायदा पहुंचाने का काम किया है।

सिरसा की जनता से सीधे रूबरू होते हुए अमित शाह ने पूछा हरियाणा वालों ये कश्मीर हमारा है या नहीं है? मोदी सरकार ने एक झटके में ही धारा-370 को समाप्त किया। यह सब आपके आशीर्वाद से हो पाया। आपने मोदी जी को दो-दो बार प्रधानमंत्री बनाया है। हरियाणा ने दस की दस सीट भाजपा को दी, उसी की ताकत से ये संभव हो पाया है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि 2024 में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है और इस बार भी आप लोगों ने 10 की 10 सीटें मोदी जी की झोली में डालनी है।

अमित शाह ने पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल जी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने किसानों के लिए जो सपने देखे थे, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा किया है। इस मौके पर अमित शाह ने सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल की तारीफ भी की। अमित शाह ने कहा कि मैं हरियाणा की माताओं को प्रणाम करता हूं जिन्होंने देश की सेना में अपने बलिदानी बेटे दिए। उन्होंने किसानों को भी प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि पंजाब हरियाणा के किसानों ने देश में अन्न की जरूरत पर अन्न दिया है। उन्होंने खिलाड़ियों की भी सराहना की। अमित शाह ने अपने संबोधन में कई बार धाकड़ खिलाड़ी, धाकड़ किसान, धाकड़ जवान और धाकड़ हरियाणा का जिक्र किया। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के ये 9 साल भारत के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाएंगे। 9 साल पहले का भारत आप याद करो तो, 12 लाख करोड़ के घपले उस समय की कांग्रेस सरकार ने किये। आज हमारे विरोधी भी मोदी पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा सकते, प्रधानमंत्री मोदी ने पारदर्शी सरकार चलाई है।

9 साल पहले आए दिन पाकिस्तान से आतंकी घुसकर हमारे जवानों के सर काटकर ले जाते थे, अपमानित करते थे। मनमोहन और सोनिया सरकार उफ तक नहीं करती थी। कांग्रेस के दस साल के शासन में कानून, व्यवस्था, और सुरक्षा पूरी तरह चरमरा गई थी। पाकिस्तान का नाम लेते हुए अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान को आदत लग गई थी, इसलिए उसने पुलवामा और उड़ी पर हमला किया। लेकिन वो ये भूल गया कि अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली मजबूत सरकार है। दस दिनों में ही हमारी सेना ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करके आतंकियों के परखच्चे उड़ा दिए। प्रधानमंत्री मोदी ने 9 साल में देश को सुरक्षित किया है, देश के गौरव को आसमान तक उंचा उठाने का काम किया है, भारत को गौरव दिलाने का काम किया है। मोदी सरकार के 9 वर्ष सुरक्षा, राष्ट्रीय गौरव, विकास व गरीब कल्याण के अभूतपूर्व संयोजन के 9 वर्ष रहे हैं। आज एक ओर मोदी जी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है और विश्व में गौरव के नए आयाम बना रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार ने विकास व गरीब कल्याण के नए मापदंड स्थापित किए हैं।

मोदी जी ने गरीब से गरीब व्यक्ति को घर, बिजली, गैस व स्वास्थ्य बीमा जैसी कई बुनियादी सुविधाएं देकर उनके जीवन स्तर को उठाया है। ये वर्ग पहली बार अपने आप को देश की विकास यात्रा से जुड़ा हुआ महसूस कर रहा है। देश ने पहली बार ग्रामीण व शहरी भारत का समानांतर विकास देखा है। 130 करोड़ लोगों को दो-दो कोरोना के मुफ्त टिके लगाकर उनका जीवन सुरक्षित करने का काम किया। राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि ’’राहुल बाबा एंड कंपनी’’ ने कोरोना काल जैसे संकट के समय में भी पॉलिटिक्स करना नहीं छोड़ा। उस समय दुनिया मंदी की चपेट में आ गई थी। लेकिन भारत के अंदर मोदी ने मंदी को दस्तक तक नहीं देने दी, यह हमारे लिए गर्व की बात है। आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है। मोबाइल का सबसे बड़ा दूसरा उत्पादक देश भारत है। स्टील का सबसे बड़ा निर्माता भारत है।

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी ने विदेशों में भारत का मान बढ़ाया है। मोदी ने देश को गौरव दिलाने का काम किया है। प्रधानमंत्री जी-7 शिखर सम्मेलन में गए और वहां से अफ्रीका गए। वहां कोई ऑटोग्राफ मांगता है, कोई उनका समय मांगता है, तो कोई उनके पैर भी छू लेता है। पीएम मोदी जहां-जहां जाते हैं, वहां मोदी-मोदी के नारे लगते हैं और ये नारे बीजेपी या मोदी के लिए नहीं हैं, ये नारे देश के सम्मान में, सिरसा व हरियाणावासियों के सम्मान में लगते हैं।

मनोहर लाल को बताया शानदार मुख्यमंत्री और धनखड़ को बताया परम मित्र

अमित शाह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के 9 साल के कामों की भी अमित शाह ने जमकर सराहना की और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ को परम मित्र कहकर संबोधित किया। शाह ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल मोदी सरकार की नीतियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। मनोहर लाल ने केंद्र की सारी योजनाओं को धरातल पर उतारकर यहां जनता को लाभ पहुंचा रहे हैं।

हरियाणा देश का पहला कैरोसीन मुक्त राज्य बना, पढ़ी लिखी पंचायत देने वाला पहला राज्य हरियाणा बना, साल 2015 से हरियाणा की विकास दर छह प्रतिशत से ज्यादा रही है। डबल इंजन की सरकार में उपर मोदी और नीचे मनोहर जी ने हरियाणा का विकास किया है। देश में अगर दो गाड़िया बनती हैं तो एक गाड़ी हरियाणा के गुरुग्राम में बनती है। यानि कि 50 प्रतिशत गाड़ियों का निर्माण हरियाणा में हो रहा है। विदेशी निवेश हो रहा है। फॉरच्यून 400 जैसी कंपनियों के ऑफिस गुरुग्राम में हैं। देश व हरियाणा को नशा मुक्त करने पर अमित शाह बोले कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बात से चिंतित हैं। उन्होंने गृहमंत्रालय के सामने लक्ष्य रखा है कि भारत को नशा मुक्त होना चाहिए और यह अभियान हरियाणा से शुरू हो गया है। आज मोदी सरकाार में सड़कों का जाल बिछ रहा है, एक्सप्रेस-वे का निर्माण हो रहा है।

हुड्डा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में दस साल कांग्रेस का राज रहा। इन दस सालों में सिर्फ हरियाणा को 40 हजार करोड़ रुपये मिले। जबकि मोदी सरकार ने एक लाख 30 हजार करोड़ रूपये देने का काम किया। गृहमंत्री अमित शाह मंच पर बैठे हुए बड़ी देर तक प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ से गुफ्तगू करते रहे। उन्होंने अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ को अपना परम मित्र कहकर संबोधित किया। शाह ने कहा कि किसान और जवानों से जुड़े विषयों को उन्होंने अपने भाषण में उठाया और सिरसा को संतो की धरती बताया।

सिरसा लोकसभा क्षेत्र के बारे में भी वे लगातार प्रदेश अध्यक्ष से फीडबैक लेते रहे और उन्होंने सिरसा की सामाजिक संरचना को देखते हुए, पब्लिक की पल्स को समझते हुए ही रैली को संबोधित किया। रैली से पहले गृह मंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री के साथ सिरसा के प्रतिष्ठित चिल्ला साहिब गुरुद्वारा में उन्होंने मत्था टेका और संगत को भी एक संदेश देने की कोशिश की कि हम आपकी हर भावना के साथ जुड़े हुए हैं और सामाजिक तौर पर आपके साथ हैं।

मोदी सरकार के 9 सालों में राष्ट्रभक्ति और अखंडता की भावना प्रबल हुई : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

चंडीगढ़, 18 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लोह पुरूष कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व का देश कायल है। सीएम ने गृहमंत्री से सिरसा और हरियाणा की जानकारी दी और कहा कि यह निराला जिला है और यहां धार्मिक संस्कारों से ओत प्रोत लोग हैं। मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर सिरसा में आयोजित गौरवशाली भारत रैली में सीएम ने अमित शाह को भरोसा दिया कि हरियाणा दस के दस कमल खिलाकर मोदी की झोली में डालेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 9 साल में बहुत बड़ा बदलाव आया है। यह एक ऐसा युग है जिसमें गरीबों के भले के लिए अनेको योजनाएं बनाई गई हैं। लोगों को बिना भेदभाव के आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। सीएम ने अमित शाह से मुखातिब होते हुए कहा कि आपने सदा हरियाणा के खिलाड़ियों, जवानों, किसानों का हौंसला बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 9 सालों में राष्ट्र भक्ति और अखंडता की भावना बनी है। विश्व के अंदर भारत का नाम हुआ है और भारत विश्व गुरू बनने के निकट है।

सीएम ने केंद्रीय गृहमंत्री को आश्वस्त करते हुएकहा कि हरियाणा ने केंद्र की जितनी भी योजनाएं थी उनको आगे बढ़ाने का काम किया है। हमने 9 सालों में भ्रष्टाचार को समाप्त कर जनता को राहत दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था ‘‘ना खाउंगा और ना ही खाने दूंगा’’ इसी तर्ज पर हरियाणा सरकार ने काम कर भ्रष्टाचार की कमर तोड़ी है। अंत्योदय की भावन से हमारी सरकार ने परिवार पहचान पत्र बनाया ताकि हर गरीब आदमी को उसका हक मिल सके। हरियाणा की सरकार मोदी सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है।

धारा-370 समाप्त कर मोदी सरकार ने हरियाणा के जवानों का सपना साकार किया: ओम प्रकाश धनखड़

चंडीगढ़, 18 जून। हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का मजबूत भारत है। आतंकवादी अब हमला करने की हिम्मत नहीं कर सकते। दुश्मन नजर उठाकर नहीं देख सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह गौरवशाली भारत है जो दुश्मन को घर में जाकर ठोक कर आता है। उन्होंने कहा कि अब भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है।

प्रदेश अध्यक्ष ने जम्मू-कश्मीर से धारा-370 तोड़ने वाले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का हरियाणा आगमन पर अभिनंदन करते हुए कहा कि हरियाणा का बच्चा-बच्चा की चाहत थी कि कश्मीर से धारा 370 टूटे और उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आपने तोड़कर देश को गौरवान्वित किया है। श्री धनखड़ ने कहा कि हरियाणा का ऐसा कोई गांव नहीं जिसका लाल कश्मीर में शहीद ना हुआ हो। हरियाणा के बच्चे-बच्चे ने कश्मीर को भारत से जोड़ने के लिए खून से सींचा है। आज भारत मजबूत हाथों में सुरक्षित है और हमारे जवान दुश्मनों को उसके घरों में ठोककर आते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने हरियाणा की मनोहर सरकार की उपलब्धियां भी मंच से साझा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा में चिरायु कार्ड से गरीब के जीवन को सुरक्षित किया गया है। बिजली मंत्री की भी तारीफ करते हुए धनखड़ ने कहा कि हरियाणा में 24 घंटा बिजली दी जा रही है। हरियाणा में हर घर में नल से जल आ रहा है। उज्जवला योजना से महिलाओं को धूंआ से छुटकारा मिला है तो मोदी सरकार के कारण ही मिल पाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गौरवशाली भारत बनाने का काम किया है।

इस मौके पर त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब, केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र शेखावत, हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज, बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला, शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, रैली के व्यवस्था प्रमुख एवं पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल, प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी, गोविंद कांडा, जिला अध्यक्ष आदित्य देवीलाल, विधायक लक्ष्मण, विधायक दूड़ा राम, सिरसा विधायक गोपाल कांडा, वरिष्ठ भाजपा नेता मनिन्द्र सिरसा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

error: Content is protected !!