करनाल में आम आदमी पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक

राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हरियाणा आने को दिया न्यौता
आप के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता व सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा मीटिंग में हुए शामिल
आप के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव चौधरी निर्मल सिंह और प्रचार समिति अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर भी हुए शामिल
बैठक में 2024 में प्रदेश में सरकार बनाने को लेकर बनाई रणनीति
मोदी सरकार डरी हुई सरकार, पंजाब, हरियाणा व यूपी बॉर्डर पर पर महिलाओं को रोक रहे: डॉ. सुशील गुप्ता
1 जून को होगा 1100 पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह, होगी बदलाव की शुरुआत : अनुराग ढांडा
आम आदमी पार्टी के घोषणा पत्र को कॉपी कर रही दूसरी पार्टियां : डॉ. अशोक तंवर

चंडीगढ़/करनाल, 28 मई – आम आदमी पार्टी की करनाल के सेक्टर-12 के गोल्डन मोमेंट् में रविवार को नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक हुई। बैठक में राज्यसभा सांसद एवं आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा पहुंचे। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव चौधरी निर्मल सिंह और प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने भी बैठक में हिस्सा लिया। इसके अलावा वाइस प्रेसिडेंट बलबीर सिंह सैनी, बंता राम वाल्मीकि, चित्रा सरवारा और आम आदमी पार्टी हरियाणा की अन्य विंग के अध्यक्ष भी मौजूद रहे। बैठक में हरियाणा आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को हरियाणा आने का न्यौता दिया। इसके अलावा नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी ने 2024 में सरकार बनाने को लेकर रणनीति बनाई।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी है और शिक्षा संस्थानों का अभाव है। महिलाओं पर अपराध प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। इन सभी मुद्दों को हल करने और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हरियाणा में आमंत्रित करने के लिए बैठक में विचार विमर्श किया गया। ताकि अरविंद केजरीवाल हरियाणा में आए और कार्यकर्ताओं में नई उर्जा का संचार करे। हरियाणा में अमूलचूल परिवर्तन हो इस विचारधारा को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने पहलवानों के मुद्दे पर कहा कि मोदी सरकार डरी हुई सरकार है। आज एक महीने से ऊपर हो गया देश के सर्वश्रेष्ठ पहलवान न्याय मांगने के लिए जंतर मंतर पर बैठे हैं। एक एफआईआर लिखवाने के लिए उन्हें सुप्रीम कोर्ट जान पड़ा। आज एक शांतिपूर्ण महिला पंचायत का आयोजन देश की उन चुनिंदा खिलाड़ियों ने किया जो विश्व में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। मोदी साहब को ऐसी क्या दिक्कत हो गई जो सरकार द्वारा पंजाब, हरियाणा और यूपी बॉर्डर पर महिलाओं को रोका जा रहा है। इससे ये पता लगता है कि इनके मन में महिलाओं के प्रति कितना सम्मान है।

सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने बताया की 1 जून को प्रदेश कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण होगा। इसमें 1100 पदाधिकारियों की शपथ के साथ प्रदेश में बदलाव की शुरुआत होगी। उन्होंने संसद के उद्घाटन पर कहा लोकतंत्र में राष्ट्रपति देश की प्रथम नागरिक हैं और उनको इस कार्यक्रम में नहीं बुलाना ये एक व्यक्ति की आत्ममुग्धता को दिखाता है। वह कैमरे पर किसी और को नहीं देखना चाहता। उनको लगता है वह कैमरे पर दिखेंगे तो सबसे बड़ी शख्सियत बन जाएंगे। पर वह कानून नहीं बदल सकते, संविधान नहीं बदल सकते। अगर फर्स्ट सिटीजन राष्ट्रपति को ही नहीं बुलाया तो बाकी पार्टियां जाकर क्या करेंगी। कितने शर्म की बात है कि एक जाति की वजह से प्रधानमंत्री ने लोकतंत्र के मंदिर के उद्घाटन पर राष्ट्रपति को नहीं बुलाया। जिस तरीके मोदी सरकार की सोच है उनको लगता है किसी शुभ कार्य में किसी जाति विशेष के लोगों को नहीं बुलाना चाहिए। ये भाजपा की घटिया सोच को दिखाता है। वहीं उन्होने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर का उद्घाटन के दिन महिला खिलाड़ियों से प्रदर्शन का अधिकार छीनकर प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है। खिलाड़ियों के टैंट उखाड़ दिए यह बहुत ही शर्मनाक है, ये मोदी सरकार का तानाशाही रवैया है। प्रदेश में जनसंवाद कार्यक्रम नाम को प्रोपगेंडा सीएम खट्टर कर रहे हैं और जगह जगह उनको विरोध का सामना करना पड़ रहा है। खट्टर साहब जिस गांव में रुकते हैं वहीं उनको बंधक बनाया जा रहा है। अब 2024 में प्रदेश में सरकार बदलने जा रही है और आम आदमी पार्टी की सरकार आ रही है।

प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि आज देश के राजनीतिक हालात सही नहीं हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष देश को लूटन और कमजोर करने का काम कर रहा है। विपक्षी दल कहीं नहीं है और सत्ता पक्ष अहंकारी है। ऐसे में प्रदेश की जनता नए विकल्प के तौर पर आम आदमी पार्टी को पसंद कर रही है। प्रदेश में 2024 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। कांग्रेस आम आदमी पार्टी के घोषणा पत्र की कॉपी कर रही है। लेकिन जनता ओरिजनल को पसंद करती है। क्योंकि आम आदमी पार्टी ने जो कहा वो करके दिखाया है। आम आदमी पार्टी 2024 में कांग्रेस और भाजपा का सफाया करेगी।

इस मौके पर यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनीष यादव, महिला विंग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रजनीश जैन, छात्र संगठन सीवाईएसएस के प्रदेश अध्यक्ष आयुष खटकड़, एससी सेल के प्रदेश अध्यक्ष नरेश बागड़ी, ओबीसी सेल के प्रदेश अध्यक्ष धीरज यादव, खेल प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष कविता दलाल, लीगल सेल के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट मोक्ष पसरीजा, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुनील बिंदल, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश गर्ग, डॉक्टर विंग की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सारिका वर्मा और बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष गुरुचरण सिंह, जिला अध्यक्ष बलविंदर सिंह के साथ स्टेट सेक्रेटरी और ज्वाइंट सेक्रेटरी भी मौजूद रहे।

Previous post

अभय चौटाला से चाय पर चर्चा……..पिकनिक मनाने नहीं , सोच बदलने निकला हूं

Next post

गुरुग्राम में हुड्डा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर गिरफ़्तार करने के विरोध में थाने में ही धरने पर बैठे किसान मज़दूर एवं महिलाएँ

You May Have Missed

error: Content is protected !!