खट्टर सरकार ने पीपीपी की आड़ में 9 लाख से अधिक परिवारों के राशन कार्ड काटे: डा. अशोक तंवर
संवैधानिक मूल्यों को कुचल रही खट्टर सरकार: डा. अशोक तंवर
पंजाब की तरह हरियाणा में भी बनेगी आम आदमी पार्टी की सरकार: डॉ. अशोक तंवर

सिरसा, 27 मई – आम आदमी पार्टी के प्रचार समिति के चेयरमैन डॉ. अशोक तंवर शनिवार को लघुसचिवालय में परिवार पहचान पत्र के विरोध में आम आदमी पार्टी की ओर से दिए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार परिवार पहचान पत्र की आड़ में जनता की सुविधाओं पर कैंची चला रही है। इस योजना की आड़ में प्रदेश में 9 लाख से अधिक परिवारों के पीले राशन कार्ड काट दिए। हजारों बुजुर्गों को पैंशन से वंचित कर दिया गया। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि खट्टर सरकार संवैधानिक मूल्यों को लगातार कुचलने का काम कर रही है। चुने हुए जनप्रतिनिधियों के अधिकार छीने जा रहे हैं। कोई अगर सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है तो यह सरकार लाठी-डंडों का इस्तेमाल करती है। इससे पहले उन्होंने अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ही केंद्र व प्रदेश में विकल्प बनकर उभरी है। पिछले वर्ष पंजाब में पार्टी ने 117 में से 92 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सरकार बनाई। सरकार बनाने के बाद जनता से किए सभी वादों को पूरा करके राहत देने का काम किया। अब हरियाणा में जब आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तो जनता को अपने अधिकार मिलेंगे। अच्छी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। मूलभूत सुविधाओं के लिए जनता को सरकार के आगे मान-मनुहार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता तानशाह सरकार को सबक सिखाने के मूड में है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंतनीय हो गई है। हर रोज हत्या, डकैती, रेप जैसी घटनाएं हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार प्रदेश में फरीदाबाद, मानेसर, गुरुग्राम नगर निगम, सिरसा, अंबाला व थानेसर की नगरपरिषद सहित दो दर्जन नगरपालिकाओं के चुनाव लटका रही है। अपनी हार को देखकर सरकार चुनाव करवाने से पीछे हट रही है और लोकतांत्रिक मूल्यों का कत्ल कर रही है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष संसदीय और विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की नीतियों पर जनता मोहर लगाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मोहल्ला क्लीनिक और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था के चलते पूरे विश्व में एक मिसाल कायम की है। यही वजह है कि दिल्ली की जनता ने तीसरी बार आम आदमी की सरकार बनाई और पिछले चुनाव में पार्टी ने 70 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज करके इतिहास भी रचा। अभी हाल में पार्टी ने जालंधर उपचुनाव में जीत दर्ज की, जिससे यह साबित हो गया कि करीब 14 माह पहले पंजाब में बनी आम आदमी पार्टी की सरकार से पंजाब की जनता पूरी तरह से संतुष्ट है।

इस मौके पर आम आदमी पार्टी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र, लोकसभा सचिव विरेंद्र कुमार, जिला अध्यक्ष हैप्पी रानियां, अनिल चंदेल, दरिया सिंह, रोहतास महेंद्र सिंह, दारा सिंह, पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी, ममता कंबोज, पूनम गोदारा, सुखदीप कौर, राजकुमार वधवा, परमवीर सिंह, हंसराज सामा, प्रमोद वधवा, सरवन सिंह सिकंदर खट्टर, सुरजीत बेगू, हरकीरत सिंह, सोनू बराड़ और नवदीप सिंह मौजूद रहे।

error: Content is protected !!