पहलवानों के धरने के एक महीने बाद भी नहीं हुई बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी: डॉ. अशोक तंवर
देश का राष्ट्रीय गौरव जंतर मंतर पर, नहीं हो रही सुनवाई: डॉ. अशोक तंवर
बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी होने तक खिलाड़ियों के साथ है आम आदमी पार्टी: डॉ. अशोक तंवर

चंडीगढ़ 23 मई – दिल्ली के जंतर मंतर पर बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने को लेकर धरना दे रहे पहलवानों को एक महीना हो चुका है। इसके बावजूद पहलवानों की कोई सुनवाई नहीं हो रही। अभी तक यौन शोषण के आरोपी बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार नहीं किया गया। ये बातें आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक तंवर ने मंगलवार को बयान जारी करते हुए कही। उन्होंने बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी न होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा आम आदमी पार्टी कुश्ती खिलाड़ियों के साथ हैं।

उन्होंने कहा कि कोई सुनवाई नहीं होने पर धरनारत पहलवान कैंडल मार्च निकालने को मजबूर हैं। मोदी सरकार धरनारत पहलवानों पर दबाव की रणनीति अपना रही है। देश इसको कभी बर्दाशत नहीं करेगा। जिन पहलवानों ने देश के नाम को आगे बढ़ाया है, उसका अपमान किया जा रहा है। जब ये पहलवान मेडल जीतते हैं और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा विश्व में फहराते हैं। तब तो पीएम मोदी भी इनके साथ फोटो खिंचवाते हैं और इनसे फोन पर बात करते हैं। अब आज ये न्याय पाने के लिए भटक रहें हैं तो मोदी एक शब्द भी नहीं बोल रहे। उन्होंने कहा कि सभी कुश्ती खिलाड़ियों को इंसाफ मिलने तक आम आदमी पार्टी उनके साथ है।

डॉ. अशोक तंवर ने मुख्यमंत्री खट्टर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश का गौरव न्याय पाने के लिए आज सड़कों पर बैठने को मजबूर है और सीएम खट्टर को प्रदेश के खिलाड़ियों की कोई भी सुध नहीं है। प्रदेश के लोगों ने 2024 में खट्टर सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है।

error: Content is protected !!