मोदी का भाग्योदय हरियाणा से हुआ!

मोदी की राजनीतिक यात्रा में उत्थान के जो मोड़ आए हैं, उनमें हरियाणा गुजरात से अधिक अहम है।

भारत सारथी/ऋषि प्रकाश कौशिक

गुरुग्राम। अगर कहें कि पिछली शताब्दी की बात है तो शायद अनुचित ना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस समय हरियाणा में भाजपा के प्रभारी होते थे और इनके साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर संगठन मंत्री होते थे। उस समय इनके संघर्ष का दौर था। चर्चाएं हैं कितनी सच-कितनी झूठ, हम नहीं कह सकते कि मनोहर लाल जी इनको खाना बनाकर खिलाया करते थे। तात्पर्य यह कि वह समय इनके लिए और भाजपा के लिए मुफलिसी का समय था। यहां से नरेंद्र मोदी सीधे जाकर गुजरात के मुख्यमंत्री बने। चुनाव भी बाद में लड़ा। और फिर वह गुजरात को संभालते रहे और गुजरात के पश्चात जब दिल्ली का नंबर आया और इन्हें भाजपा ने प्रधानमंत्री का प्रत्याशी घोषित किया तो सर्वप्रथम रैली सितंबर 2013 में रेवाड़ी में ही की थी। और उसके बाद वह फिर ऊंचाईयां छूने लगे। अत: यह कहना मेरे विचार से अतिश्योक्ति न होगा कि मोदी की राजनीतिक यात्रा में उत्थान के जो मोड़ आए हैं, उनमें हरियाणा गुजरात से अधिक अहम है।

प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने हरियाणा की बागडोर अपने पुराने मित्र और साथी मनोहर लाल खट्टर को सौंप दी और वह उन्हें हरियाणा की पल-पल की खबर देते रहते हैं। इसके अतिरिक्त यदि देखा जाए तो सत्ता पक्ष की संसदीय समिति बहुत महत्वपूर्ण होती है और उसमें छोटे से राज्य हरियाणा से दो सदस्य हैं एक तो सांसद सुधा यादव और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव। और मजेदारी देखिए, दोनों का संबंध दक्षिणी हरियाणा से है। इसका कारण शायद यह हो सकता है कि जिस समय नरेंद्र मोदी हरियाणा के प्रभारी थे, उस समय भाजपा में दिग्गज दक्षिणी हरियाणा के ही थे जैसे रामबिलास शर्मा, सीताराम सिंगला, कुंवर सूरजपाल, रामलाल आहूजा आदि-आदि। हालांकि कार्यालय तब भी रोहतक में था। 

वर्तमान समय की बात करें तो इस समय महिला पहलवानों का धरना हरियाणा सत्ता पक्ष पर भारी पड़ रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल कहते हैं कि यह दिल्ली का मामला है मैं क्या बोलूं, जबकि प्रदेश के नागरिकों का विदेशों में भी ख्याल रखते हैं और आज ही मणिपुर में हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में फंसे हरियाणा के छात्रों को वापिस लाए हैं। सांसद बिजेंद्र सिंह पहलवानों के पक्ष में आ गए हैं। भाजपा समर्थक विधायक सोमबीर सांगवान भी पहलवानों के पक्ष में बोल रहे हैं। इसी प्रकार अनेक भाजपाई नेताओं की सहानुभूति भी पहलवानों के साथ दिखाई दे रही है। ऐसे में जब 2024 का चुनाव सिर पर है तो यह कहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भारी ना पड़ जाए।

वर्तमान में मुख्यमंत्री जनसंवाद कर रहे हैं लेकिन चर्चाकारों में चर्चा है कि इस जनसंवाद से कोई लाभ नहीं होने वाला। एक मुख्यमंत्री हजारों की संख्या में सुरक्षा बल रख यदि जनसंवाद करता है और जिसमें जनता की कम सुन अपनी ज्याद कह जनसंवाद पूर्ण होता है, ऐसे में इसका कितना लाभ होगा यह अनुमान ही लगाया जा सकता है। यह भी चर्चा है कि इस जनसंवाद में भाजपा कार्यकर्ता ही आते हैं और प्रायोजित प्रश्न पूछे जाते हैं। 

हरियाणा कृषि प्रधान प्रदेश है। किसान आंदोलन के बाद से किसानों का गुस्सा ठंडा नहीं हुआ है। उस पर मौसम की मार और अधिकारियों की लापरवाही से फसल खरीद में भी किसान बहुत परेशान रहा है और वही किसान अब महिला पहलवानों के साथ जाकर खड़े हो रहे हैं। दूसरी ओर देखें तो इस समय सरकार के कोई वर्ग प्रसन्न नजर नहीं आ रहा। ऐसे में राहें कठिन ही होने वाली हैं।

अब हरियाणा के राजनैतिक इतिहास की ओर नजर डालें तो ताऊ देवीलाल को यहां की जनता ने रिकॉर्डतोड़ समर्थन दिया फिर उन्हें बिसरा दिया। उसके पश्चात चौ. बंसीलाल विकास पुरूष के नाम से विख्यात हुए लेकिन बाद में उन्हें भी बिसरा दिया। ऐसा ही कुछ चौ. भजनलाल के बारे में कह सकते हैं और भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी अब चर्चाकारों के अनुसार समाप्ति की ओर ही हैं। उन्हें केवल एक ही उम्मीद है कि हमारे देश में चुनाव के समय जनता की सोच में किसे बनाना है यह कम होता है, किसे हटाना है इस पर अधिक ध्यान देते हैं। अत: जनता भाजपा को हटाने के लिए उन्हें वोट दे देगी। 

यह मैंने केवल इसलिए याद दिलाया है कि वर्तमान में कहीं यही स्थिति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ तो नहीं बनने वाली है, क्योंकि जनता उनसे नाराज दिखाई देती है। अब वह छवि दिखाई नहीं दे रही जो 2014 के बाद बनी थी। उसका अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके मन की बात सुनवाने के लिए भाजपा संगठन अपने कार्यकर्ताओं को ही एकत्र करके सुनवाता है। अत: है तो समय के गर्भ में लेकिन यह हो सकता है कि मोदी हरियाणा में इस बार अपनी विजय पताका नहीं फहरा सकें। इसमें रूढि़वादी लोगों का यह भी कहना होता है कि जहां से आपका भाग्योदय होता है, यदि वही आपके विरूद्ध जाने लगे तो आपके प्रताप में अत्याधिक कमी आने वाली है।

error: Content is protected !!