पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के देहावसान से भारतीय राजनीति के एक युग का अंत : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

चंडीगढ़, 25 अप्रैल- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने देश के सबसे अनुभवी और वयोवृद्ध राजनेता, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल के निधन  पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन हो भारतीय राजनीति के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। देश की राजनीति के इतिहास में उनका नाम स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है।  वे उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की  शक्ति प्रदान करें।

   मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि 21 वर्ष की आयु में गाँव का सरपंच बनकर राजनीति की शुरुआत करने वाले प्रकाश सिंह बादल 95 वर्ष की आयु तक राजनीति में सक्रिय रहे और करीब 74 बरस से अधिक के राजनीतिक जीवन में हमेशा राजनीति के केंद्र में रहे। उन्होंने कहा कि 43 वर्ष की आयु में पहली बार पंजाब के मुख्यमंत्री बने श्री प्रकाश सिंह बादल पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री बने। आखिरी बार लगातार 10 साल तक मुख्यमंत्री रहे।       

 मुख्यमंत्री ने कहा कि 2015 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ओम प्रकाश बादल को ‘स्वतंत्र भारत के नेल्सन मंडेला’ के रूप में वर्णित किया था। उन्होंने कहा था कि श्री बादल भारत के नेल्सन मंडेला हैं। बादल साहब जैसे लोगों का एकमात्र अपराध यह है कि उनके राजनीतिक विचार सत्ता में बैठे लोगों से अलग थे।       

 उन्होंने कहा कि श्री प्रकाश सिंह बादल के देहावसान से भारतीय राजनीति के एक ऐसे युग का अंत हो गया जिसने भारत की आज़ादी से लेकर इक्कीसवीं सदी तक बनते और बदलते भारत को देखा था। उनका सद्भाव और आम लोगों से घुल मिल जाने का गुण उन्हें बिलकुल अलग राजनेता के तौर पर स्थापित करता था।

You May Have Missed

error: Content is protected !!