गीता स्थली कुरुक्षेत्र का इतिहास एवं पर्यटन स्थल दुनिया में सबसे अव्वल : सोनल शाह

पर्यटन क्षेत्र कुरुक्षेत्र को देखकर दंग रह गई केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की धर्मपत्नी सोनल शाह।
ब्रह्मसरोवर, सन्निहित सरोवर, ज्योतिसर, धरोहर, पैनोरमा सहित अन्य पर्यटन स्थलों का किया भ्रमण।
विधायक सुभाष सुधा के निवास स्थान पर पहुंचने पर किया जोरदार स्वागत।

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

कुरुक्षेत्र, 7 जनवरी : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की धर्मपत्नी व समाजसेवी सोनल शाह ने कहा कि गीता स्थली कुरुक्षेत्र का इतिहास व पर्यटन स्थान दुनिया में अव्वल है। इस पर्यटन स्थली को देखने का बार बार दिल करता है। उन्होंने ब्रह्मसरोवर, सन्निहित सरोवर, ज्योतिसर, धरोहर, पैनोरमा, श्री कृष्ण संग्रहालय, ज्योतिसर गीता स्थली सहित अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने कुरुक्षेत्र के तीर्थ व पर्यटन स्थलों को देखकर अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की गोद में देश का सबसे अनोखा इतिहास छिपा हुआ है, इस स्थल को देखकर मन गद्गद् हो गया है।

उन्होंने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को सबसे पहले अपनी आंखों से देखा और गीता स्थली ज्योतिसर, सन्निहित सरोवर, ब्रह्मसरोवर, पिहोवा सरस्वती तीर्थ को देखने के साथ-साथ कुरुक्षेत्र 48 कोस के तीर्थों के इतिहास को भी जानने का प्रयास किया है।

वे शनिवार को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के उपरांत अपने विचार व्यक्त कर रही थी। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा, साहिल सुधा, निर्वतमान नप अध्यक्षा उमा सुधा, सुगंधा सुधा ने सेक्टर 7 निवास स्थान पर पहुंचने पर उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।

विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि सरकार के प्रयासों से कुरुक्षेत्र आज पर्यटन के क्षेत्र में विश्व पटल पर अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को बारीकी से बताया। विधायक ने कहा कि इस धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के बारे में पुराणों और वेदों में बहुत कुछ लिखा है, यहां तक कि कुरुक्षेत्र का नाम लेने मात्र से पुण्य की प्राप्ति होती है।

विधायक ने कहा कि सरकार की तरफ से ज्योतिसर को एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस तीर्थ स्थल पर अभी हाल में ही लाइट एंड साउंड स्थापित किया गया है और 10 करोड़ रुपए की लागत से भगवान श्रीकृष्ण का विराट स्वरूप भी स्थापित किया गया है। इस विराट स्वरूप पर भी लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से लाइट एंड साउंड प्रोजेक्ट लगाया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का पूरा फोकस कुरुक्षेत्र के विकास पर है। इस गीता स्थली ज्योतिसर में महाभारत थीम पर आधारित एक बड़े प्रोजेक्ट पर कार्य किया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से 200 करोड़ का बजट भी तय किया गया है। इसके अलावा स्वदेशी दर्शन योजना के श्रीकृष्णा सर्किट में कुरुक्षेत्र को शामिल किया गया है। इस सर्किट के तहत प्रथम चरण में केंद्र सरकार की तरफ से 97.50 करोड़ रुपए का बजट जारी हुआ। अब कुरुक्षेत्र को सर्किट के दुसरे चरण के तहत भी विकसित किया जाएगा।

You May Have Missed

error: Content is protected !!