कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय व धरोहर हरियाणा संग्रहालय की गतिविधियों का आईना है कैलेंडर : प्रोफेसर सोमनाथ।
राजभवन में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वॉल कैलेंडर को भी रिलीज किया गया।

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

कुरुक्षेत्र, 6 जनवरी : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं हरियाणा के राज्यपाल महामहिम बंडारू दत्तात्रेय ने शुक्रवार को धरोहर हरियाणा संग्रहालय का वार्षिक कैलेंडर जनता को समर्पित किया। राजभवन में कैलेंडर को जनता को समर्पित करते हुए राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, अनुसंधान, विज्ञान, नवाचार एवं खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों में देश के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में शामिल है। यह विश्वविद्यालय धरोहर के माध्यम से हरियाणा की संस्कृति को सहेजने का अनूठा कार्य कर रहा है। इसके लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा व कुलसचिव डा. संजीव शर्मा को बधाई दी।

इस मौके पर राज्यपाल प्रोफेसर बंडारू दत्तात्रेय ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वॉल कैलेंडर को भी रिलीज किया। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, अधिकारियों, एलुमनाई, कर्मचारियों व विद्यार्थियों को भी नववर्ष की बधाई दी। इस मौके पर कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा, धरोहर हरियाणा संग्रहालय के प्रभारी डॉ. विवेक चावला, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक डॉ. महासिंह पूनिया, सहायक कुलसचिव डॉ. जितेन्द्र जांगड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

धरोहर कैलेंडर में जनवरी से लेकर दिसंबर 2022 के 12 महीनों का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया है इसके अतिरिक्त कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की गतिविधियों के चित्र इसमें समाहित है। वॉल कैलेंडर में हरियाणा सरकार तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की सभी छुट्टियों का विवरण जारी किया गया है इसके साथ-साथ कैलेंडर में भारतीय संस्कृति के अनुसार पंचांग तिथियों का ब्यौरा भी दिया गया है। धरोहर कैलेंडर में धरोहर हरियाणा संग्रहालय की संस्कृति की झांकियां तो प्रस्तुत की गई है। इसके साथ-साथ कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की साल भर की गतिविधियों को कैलेंडर में केंद्रित किया गया है।

इस मौके पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि हरियाणा सरकार के यशस्वी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन एवं हरियाणा के राज्यपाल व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय के निर्देशन में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि यह कैलेंडर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय व धरोहर हरियाणा संग्रहालय की गतिविधियों का आईना है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय जैसी संस्थाएं बनने में वर्षाे नहीं दशकों लगते हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की लम्बी सूची है। प्रबुद्धजनों व महान् लोगों की सोच के कारण ही आज विश्वविद्यालय इस मुकाम तक पहुंचा हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षा, संस्कृति व खेल के क्षेत्र में देश में प्रथम 10 विश्वविद्यालयों में से एक है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की कार्य संस्कृति व इससे बनकर निकले विद्यार्थियों के कारण यह विश्वविद्यालय देश में ही नहीं विश्वभर में भी जाना जाता है। हरियाणा प्रदेश को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पर गर्व है। समृद्ध खुशहाल व सम्पन्न हरियाणा की पहचान कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय है।

गौरतलब है कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय स्थित संग्रहालय हर वर्ष विश्वविद्यालय का सांस्कृतिक कैलेंडर जारी करता है इस वर्ष जारी किए गए इस कैलेंडर में खेल, सांस्कृतिक गतिविधियां शैक्षणिक गतिविधियां शोध आदि विषयों को उजागर किया गया है। हरियाणा राजभवन में महामहिम राज्यपाल ने कुवि कैलेंडर को जारी किया।