हरियाणा महिला कांग्रेस ने खेल मंत्री के खिलाफ खोला मोर्चा
सोमवार को महिला आयोग की अध्यक्ष को देंगे ज्ञापन

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस ने खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिला कांग्रेस अध्यक्षा सुधा भारद्वाज ने शनिवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा समूची भारतीय जनता पार्टी की चुप्पी ने यह साबित कर दिया है कि सरकार का पूरा तंत्र महिला उत्पीडऩ के आरोपी संदीप सिंह को बचाने में जुट गया है। ऐसे में महिला कांग्रेस ने संदीप सिंह को बर्खास्त करके पूरे मामले की जांच अवकाश प्राप्त न्यायाधीश से करवाने की मांग की है।

सुधा भारद्वाज, पार्टी महासचिव पवन कुमारी, इंदु बाला,जिला पंचकूला की अध्यक्ष कमलेश शर्मा, कमल हांडा तथा गीता देवी ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि संदीप सिंह पर पहले भी अपने विभाग के अधिकारियों के साथ मारपीट तथा पुलिस अधिकारियों के साथ अभद्रता के आरोप लगते रहे हैं। हरियाणा में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक पीडि़त महिला की शिकायत दर्ज करने की बजाए आरोपी की शिकायत पर एसआईटी का गठन किया गया है। आरोपी जब एक मंत्री हो तो महिला को कैसे न्याय मिल सकता है।

सुधा भारद्वाज ने कहा कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बोलने वाले गृहमंत्री इस मामले में चुप क्यों है। महिला कांग्रेस अध्यक्षा ने कहा कि अभी तक न तो गृहमंत्री ने इस मामले में कोई कार्रवाई की है और न ही महिला आयोग ने स्वत संज्ञान लिया है। वर्तमान हालातों में पीडि़त महिला को इंसाफ मिलना बहुत दूर की बात है।

सुधा भारद्वाजा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल को इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए मंत्री को पद से हटाकर निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस का एक शिष्टमंडल सोमवार को हरियाणा महिला आयोग में जाकर आयोग की अध्यक्ष को ज्ञापन देते हुए स्वत संज्ञान के आधार पर कार्रवाई करने की मांग करेगा। इस पर भी अगर सरकार नहीं जागी तो महिला कांग्रेस पीडि़ता के समर्थन में संघर्ष करेगी।

error: Content is protected !!