कैंसर की एडवांस तकनीक के संबंध में जल्द ही एक एमओयू किया जाएगा- अनिल विज
पीजीआई व अन्य स्टाफ वर्चुअल माध्यम से हरियाणा के लोगों को अपनी स्वास्थ्य से संबंधित सेवाएं देंगें, एमओयू हो चुका, आगामी बुधवार से शुरू होंगी सेवाएं- विज
श्री विज ने अंबाला में पोलीक्लीनिक में किया पीएसए प्लांट का उदघाटन, यूएसए इंडिया फाउंडेशन चैम्बर के चेयरमैन पदमश्री अशोक मागो ने पीएसए प्लांट किया डोनेट

चण्डीगढ, 19 दिसम्बर- हरियाणा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि राज्य में कैंसर बीमारी से सम्बन्धित जानकारी के लिए अमेरिका की यूनिवर्सिटी के डॉक्टरों का मार्गदर्षन लिया जाएगा और इसके लिए कैंसर की एडवांस तकनीक के संबंध में जल्द ही एक एमओयू किया जाएगा ताकि हमारे डाक्टरों को नवीनतम जानकारी मिल सकें। इसके अलावा, पीजीआई व अन्य स्टाफ वर्चुअल माध्यम से हरियाणा के लोगों को अपनी स्वास्थ्य से संबंधित सेवाएं भी देंगें, इसके लिए एमओयू हो चुका है और आने वाले बुधवार से इस बारे में सेवाएं शुरू कर दी जाएगी।

यह जानकारी श्री विज ने आज अंबाला में सैक्टर-10 स्थित पोलीक्लीनिक में करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित किये गये ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट के उद्घाटन अवसर पर दी। गौरतलब है कि यह प्लांट यूएसए इंडिया फाउंडेशन चैम्बर के चेयरमैन पदमश्री अशोक मागो द्वारा डोनेट किया गया है। इस मौके पर पदमश्री अशोक मागो के साथ-साथ स्थानीय विधायक असीम गोयल नन्योला व उपायुक्त डा0 प्रियंका सोनी भी मौजूद रही।

श्री विज ने कहा कि यदि कोई भी नॉलेज बेस की आवश्यकता है तो उसके लिये अमेरिका की यूनिवर्सिटी से सम्बन्धित डॉक्टरों से मार्गदर्शन लिया जा सके, इस हेतू श्री अषोक मागो ने खुले मन से यह बात सबके सामने रखी है क्योंकि वहां पर कैंसर की एडवांस तकनीक है। हम जल्द ही इस कार्य के दृष्टिगत सम्बन्धित यूनिवर्सिटी के साथ एमओयू करेंगे ताकि लेटेस्ट जानकारी हमें मिल सके। इसके अलावा, साइक्लोजिस्ट और पीजीआई से एमओयू साईन हो गया है तथा इस बुधवार से इस पर कार्य शुरू हो जाएगा। पीजीआई के डॉक्टर व अन्य स्टाफ वर्चुअल सिस्टम से पूरे हरियाणा में यह सेवाएं देंगे।

अंबाला छावनी में जल्द ही शुरू होगी ओपन हार्ट सर्जरी-विज

उन्होंने कहा कि अम्बाला छावनी नागरिक अस्पताल में पिछले तीन साल में 11 हजार स्टंट डालने का काम किया है यानि 11 हजार जिंदगियों को बचाने का काम किया है। ओपन हर्ट सर्जरी भी अम्बाला में जल्द शुरू हो, इसके लिये कार्य किये जाएंगे। किसी भी मरीज को रैफर न करना पड़े, इसके लिये ओपन हर्ट सर्जरी यहीं पर होगी।

प्रत्येक हरियाणवी का स्वास्थ्य रिकॉर्ड रखा जाएगा- विज

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अंत्योदय परिवारों के तहत प्रथम चरण में सर्वे करते हुए उनका स्वास्थ्य सम्बन्धी रिकॉर्ड बनाया जा रहा है कि उसे क्या बीमारी है, उसे किस इलाज की आवश्यकता है, यह कार्य किया जा रहा है। इसी दिशा में प्रत्येक हरियाणवी का स्वास्थ्य रिकॉर्ड रखा जाएगा ताकि उसे जो भी बीमारी है, उसके अनुसार उसका इलाज किया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग के कर्मी जान हथेली पर रखकर कोविड से लडे-विज

स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पदमश्री अशोक मग्गो द्वारा डोनेट किये गये इस प्लांट के लिये उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्लांट जहां ऑक्सीजन देने का काम करेगा, वहीं यहां से सिलेंडर भरकर जहां भी जरूरत होगी, वहंा भेजे जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि मैं उस दिन को एतिहासिक दिन मानता हूं, जब मेरी पदमश्री अशोक मग्गो से मुलाकात हुई थी। मेरी उनसे मुलाकात जब हरियाणा में प्रवासी भारतीय सम्मेलन हुआ था, तब हुई थी और जब उन्होंने बताया कि मैं अम्बाला छावनी से हूं और मेरा बचपन अम्बाला छावनी में बीता है, मैने बी.डी. स्कूल व एस.डी. कॉलेज से शिक्षा ग्रहण की है। गृहमंत्री ने कहा कि मैने भी वहीं से पढ़ाई की है और उसके बाद उनसे ज्यादा निकटता हो गई। उसके थोड़े समय बाद ही कोविड महामारी आ गई। पूरे हिन्दुस्तान में लॉकडाउन लग गया। उस समय हमें मालूम नही था कि यह बीमारी क्या है, इसके लिये क्या उपचार चाहिए। सभी तरफ दहशत का माहौल था। सब तरफ बंद ही बंद था। मुझे याद आता है, जब कोविड के चलते पहली मृत्यु हुई तो उस समय सडक़ के दोनो की तरफ की गलियों के लोग वहां से निकलने से कतराते थे। हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग के मैडिकल स्टाफ, पैरा मैडिकल स्टाफ तथा अन्य ने अपनी जान को हथेली पर रखकर इस बीमारी से लडऩे का कार्य शुरू किया।

अम्बाला छावनी नागरिक अस्पताल उत्तर भारत का सबसे बेहतरीन अस्पताल-विज

उन्होंने कहा कि उस समय हमारे पास बहुत चीजों का अभाव था। हमें मालूम नही था कि हमें यह चीजें कहां से मिलेंगी। एक दिन पदमश्री अशोक मग्गो का फोन आया और उन्होंने कहा कि उन्हें यदि कोई सहायता की आवश्यकता है तो बताएं, उस समय तो एक-एक चीज की आवश्यकता थी। पदमश्री अशोक मग्गो ने उस वक्त 10 लाख डॉलर के चिकित्सा उपकरण यहां भेजने का काम किया, जिसमें वेंटिलेटर, ऑक्सीजन कंसल्टेटर, पीपी किटें व अन्य उपकरण शामिल है। जो भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया, वह उन्होंने यहां भेजने का काम किया। उन्होंने यह भी कहा कि मैने यह सारा सामान निशुल्क ट्रांसपोर्ट हो, उस बारे सम्बन्धित मंत्री से बातचीत की और सारा सामान वहां से यहां भेजा भी गया। उन्होंने कहा कि पदमश्री अशोक मग्गो अमेरिका की उस यूनिवर्सिटी के एडवाइजर भी हैं, जिसने चार नोबेल पुरस्कार जीते हैं। मैने आज अशोक मग्गो को अम्बाला में विकास की दृष्टि से जो कार्य किये गये हैं, उन्हें दिखाने का काम भी किया है कि अम्बाला आज बदल गया है। अम्बाला पहले वाला अम्बाला नही है। गृहमंत्री ने यह भी कहा कि अम्बाला छावनी नागरिक अस्पताल उत्तर भारत का सबसे बेहतरीन अस्पताल है। यहंा पर सभी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं।

मैं दवाओं से नही बल्कि दुआओं से बचा हूं- विज

स्वास्थ्य मंत्री ने इस मौके पर यह भी कहा कि कोविड के समय टैस्टिंग के लिये एकमात्र जगह पुणे थी और वहीं पर सैम्पल भेजे जाते थे। सैम्पल की रिपोर्ट भी एक सप्ताह के भीतर आती थी लेकिन इसके चलते कोविड संक्रमण फैल जाता था। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी जिलों में आरटीपीसीआर मशीन लगाई गई ताकि बीमारी का पता चल सके। कोविड की चपेट में वह स्वंय भी आ गये थे और आखिरी दहलीज तक पंहुचे गये थे। मैं दवाओं से नही बल्कि दुआओं से बचा हूं। आप लोगों के प्यार और आशीर्वाद से मुझे जीवनदान मिला है। हमने स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार के लिये बीड़ा उठाया है। आज अस्पतालों में सीटी स्कैन, कैथ लैब की सुविधा के साथ-साथ अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई हैं।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती भी की जा रही है- विज

उन्हांेने कहा कि आज सभी अस्पतालों में एमआरआई, एक्सरे के साथ-साथ अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि हरियाणा में जितनी भी पीएचसी या सीएचसी जर्जर हालत में है, उनकी जगह नई बिल्डिंग बनाने का काम किया जाए और सभी का डिजाइन एक जैसा हो। इस कार्य के लिये हमने 162 सीएचसी/पीएचसी चिन्हित भी कर ली हैं। डॉक्टरों को बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाना हमारा दायित्व है। उन्होंने यह भी कहा कि जब मैं स्वास्थ्य बना था तो उन्होंने निर्णय लिया था कि अब जो भी दवाई खरीदनी होगी, वह डब्ल्यूएचओ/जीएमटी से प्रमाणित होगी और उसी प्रकार जो चिकित्सा सम्बन्धी उपकरण होंगे, वह भी एफडीआई प्रमाणित होंगे। आज हरियाणा में लगभग 400 एनएबीएच मापदंडों के अनुसार अस्पताल रजिस्ट्रड हैं। सरकारी अस्पताल भी एनक्वास स्टैंडर्ड के हों, इसके लिये कार्य किये जा रहे हैं। हम चाहते हैं कि स्वास्थ्य सिस्टम बेहतरीन हो। मेरे हरियाणा का कोई भी व्यक्ति इलाज के लिये बाहर न जाए, उसे इलाज सम्बन्धी सभी बेहतरीन सुविधाएं यहीं पर मिलें, इसके लिये कार्य किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में डॉक्टरों की भी समय-समय पर भर्ती की जा रही है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती भी की जा रही है। पहले जो चिकित्सा सुविधाएं मिलती थी, वह डिमांड बेस होती थी लेकिन मैने इस प्रथा को बदलकर नीड बेस की ओर जोर दिया। आज हरियाणा में 55 अस्पताल ई-उपचार से जुड़े हैं। मैडिकल कॉलेज भी इससे जुड़े, इस बारे भी निर्देश दिये गये हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि मैने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि सारे डॉक्टरों व मैडिकल स्टाफ का रेगूलर प्रशिक्षण हो, उन्हें भी नई-नई तकनीक के बारे में पता चल सके।

कोविड काल के बाद 100 से अधिक प्लांट लगाने का काम किया गया-विज

उन्होंने कहा कि आज जिस प्लांट का उद्घाटन किया गया है, वह ऑक्सीजन देने का काम भी करेगा। कोविड काल के बाद 100 से अधिक प्लांट लगाने का काम किया गया है ताकि कहीं पर भी ऑक्सीजन की कमी न हो। उन्होंने एक बार फिर अशोक मागो की तारीफ करते हुए कहा कि अशोक मागो ने देश की माटी की खुशबू का बरकरार रखा है। इतने हजार किलोमीटर दूर रहने के बावजूद भी उनमें देशभक्ति की भावना भरी हुई है। मेरा भारत देश आगे बढ़े, इसके लिये ऐसे दानवीरों द्वारा जो कार्य किये जा रहे हैं, इसके लिये मैं उन्हें बार-बार नमस्कार करता हूं।

पदमश्री अशोक मागो ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा

इस मौके पर पदमश्री अशोक मागो ने गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र के साथ-साथ विकास की दृष्टि से जो कार्य किये जा रहे हैं, उसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के विशेष प्रयासों से आज अम्बाला छावनी बदल गया है। विकास की दृष्टि से यहां पर अनगिनत विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्लांट को डोनेट करने का काम किया गया है, वह यूएसए इंडिया फाउंडेशन चौम्बर के सौजन्य से स्थापित किया गया है।

अम्बाला शहर में स्वास्थ्य सेवाओं के दृष्टिगत अभूतपूर्व कार्य किये जा रहे- असीम गोयल

इस अवसर पर स्थानीय विधायक असीम गोयल नन्योला ने पदमश्री अशोक मग्गो का सैल्यूट करते हुए कहा कि भारत के नाम को आगे बढ़ाने की दिशा में उन द्वारा जो कार्य किया जा रहा है, वह काफी सराहनीय है। अपनी कर्मभूमि व जन्मभूमि को ध्यान में रखते हुए जो यह कार्य किया गया है, वह सभी को प्रेरणा देने का काम करेगा। इस प्लांट को लगाने के लिये उन्होंने अम्बाला के लोगों की तरफ से उनका धन्यवाद किया। उन्होंने यह भी कहा कि गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के विशेष प्रयासों से अम्बाला शहर में स्वास्थ्य सेवाओं के दृष्टिगत अभूतपूर्व कार्य किये जा रहे हैं, जिसमें अम्बाला शहर का नागरिक अस्पताल 100 बैड से 200 बैड का होना, टी.बी. अस्पताल के साथ-साथ अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के विशेष प्रयासों से यहां पर 100 बैड का ईएसआई अस्पताल भी मंजूर हो गया है। अम्बाला मैडिकल हब बनता जा रहा है। इस मौके पर उपायुक्त डा0 प्रियंका सोनी, एएसपी पूजा डाबला, एसडीएम सतिन्द्र सिवाच, सिविल सर्जन डा0 कुलदीप सिंह, डा0 सुखप्रीत, पीएमओ डा0 पवनीश अग्रवाल, मंडल प्रधान राजीव डिम्पल, बीएस बिन्द्रा, सुरेन्द्र तिवारी, संजीव गोयल टोनी, संजय लाकड़ा, गुरविन्द्र सिंह माणकपुर, सुधीर शर्मा, आशीष गुलाटी, आशीष तायल, दीपक भसीन के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!