मुख्य सचिव संजीव कौशल ने 10वीं ड्रैगन बोट राष्ट्रीय प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

सुखना झील, चंडीगढ़ में 9 से 11 दिसंबर तक होगी प्रतियोगिता

खेल में भाग लेना और खेल भावना रखना महत्वपूर्ण – संजीव कौशल

चंडीगढ़ , 9 दिसंबर – हरियाणा के मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल ने आज सुखना झील, चंडीगढ़ पर आयोजित 10वीं ड्रैगन बोट राष्ट्रीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद शर्मा प्रधान भारतीय ड्रैगन बोट महासंघ ने की। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि खेल में हार जीत से अधिक मायने खेल में भाग लेना और खेल भावना से खेलना है।

यह प्रतियोगिता 9 से 11 दिसंबर तक चलेगी। इसमें 18 राज्यों से आई 34 टीमें भाग ले रही हैं और लगभग 500 खिलाड़ी इस खेल में अपना जौहर दिखाएंगे। श्री संजीव कौशल ने राज्यों से आई टीमों के खिलाड़ियों से उनका परिचय प्राप्त किया और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने हरियाणा और पंजाब टीम से मिलते हुए अपने बचपन की यादें भी ताज़ा की।

श्री कौशल ने कहा कि खेल हमारी जीवन का एक अभिन्न अंग है, जिसके बिना जीवन पूर्ण नहीं होता है। युवाओं को खेलों के साथ जुड़ कर कुशल प्रदर्शन करते हुए अपने परिवार, राज्य व देश का नाम रौशल करना चाहिए। खेलों से केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने 10वीं ड्रैगन बोट राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए भारतीय ड्रैगन बोट महासंघ के प्रयासों की भी सराहना की।

इस मौके पर भारतीय ड्रैगन बोट महासंघ के प्रधान विनोद शर्मा ने मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल का पुष्पगुच्छ दे कर स्वागत किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष महेंद्र कंभोज, उपाध्यक्ष राजकमल ढांडा और पंजाब ड्रेगन बोट संघ की महासचिव श्रीमती कृष्णा कंबोज ने सभी आए हुए अतिथियों का धन्यवाद किया।

You May Have Missed

error: Content is protected !!