गीता के महत्व के साथ साथ प्रदेश की संस्कृति को दर्शाने का मंच प्रदान करता है गीता जयंती महोत्सव – एडीसी
नगर शोभा यात्रा निकाली गई , मंत्रोच्चारण के बीच किया गया शोभा यात्रा को रवाना
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को 1100-1100 रुपये की राशि तथा स्मृति चिन्ह किए गए भेंट

गुुरुग्राम, 4 दिसंबर। गुुरूग्राम में गीता जयंती महोत्सव का अंतिम दिन हरियाणा की कला, संस्कृति व आध्यात्म को समर्पित रहा। समापन अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।उन्होंने गीता पर आधारित नगर शोभा यात्रा को मंत्रोच्चारण के बीच हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गीता जयंती महोत्सव में प्रतिभागी विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से 1100-1100 रुपए की राशि तथा स्मृति चिन्ह प्रोत्साहन स्वरूप भेंट किए गए।

गीता जयंती महोत्सव में विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने बांधा समां, गीतामयी हुआ स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल परिसर गीता जयंती महोत्सव में आज गीता की शिक्षाओं और हरियाणा के रीति रिवाज व परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिली। गुरु द्रोण की पावन धरा पर लोगों ने आज हरियाणवी अंदाज में गीता में निहित संदेश को सुना। आरबीएसएम स्कूल भोंडसी के विद्यार्थियों ने अपनी धमाकेदार प्रस्तुति देते हुए उपस्थित दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इन विद्यार्थियों ने 'मेरा नो डांडी का बिजना', 'इसा एंडी म्हारा हरियाणा' ओर 'मेरा चुन्दर मंगा दे रे' गीत पर धमाकेदार प्रस्तुति दी। स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवी समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया जिसमें हरियाणवी संस्कृति की झलक दर्शाई गई थी । इसी प्रकार विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवी समूह गान तथा राजस्थानी लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया जिसे उपस्थित दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया। इन विद्यार्थियों ने 'रंगीलो म्हारो ढोलना' और 'कालो कूद पड़ो मेलो में ' पर शानदार प्रस्तुति दी।

जन-जन तक गीता के महत्व तथा प्रदेश की संस्कृति को दर्शाने का सशक्त माध्यम बना गीता जयंती महोत्सव- अतिरिक्त उपायुक्त

अनुशासित जीवन जीना सिखाती है गीता की शिक्षाएं-एडीसी समापन अवसर के मुख्यातिथि अतिरिक्त उपायुक्त ने अपने विचार रखते हुए गीता जयंती महोत्सव के सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि गीता जयंती महोत्सव सभी के लिए एक अच्छा प्लेटफार्म है जिसके माध्यम से विभिन्न वक्ताओं द्वारा गीता के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि गीता जयंती महोत्सव का प्लेटफार्म एक ऐसा मंच बन गया है जहां पर गीता में निहित शिक्षाओं के अलावा हरियाणवी संस्कृति को जन जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जो लोग कुरुक्षेत्र जाकर गीता जयंती महोत्सव में भाग नहीं ले पाते उनके लिए प्रदेश के सभी जिलों में भी गीता जयंती महोत्सव आयोजित किया गया है ताकि लोगों के बीच गीता के महत्व को पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि गीता हमें अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में अनुशासनप्रिय बनते हुए गीता की शिक्षाओं को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में संस्कारों का विकास और समाज में हमारी स्मृद्ध संस्कृति के प्रति चेतना जागृत करना आज के समय की जरूरत है। गीता का मूल मंत्र है कि ‘कर्म करना व्यक्ति के हाथ में है और अच्छे कर्म करेंगे तो उसका फल निश्चित तौर अच्छा ही होगा‘। गीता व्यक्ति को जीवन में अपने लक्ष्य को पहचान कर विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की सीख देती है और हमें भूतकाल, भविष्यकाल तथा वर्तमान काल की अलग-अलग परिस्थितियों में काम करना सिखाती है। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से गीता के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को गीता जैसे ग्रंथ से परिचित करवाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव प्रदेश सरकार की अनूठी पहल है। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा विकास व आध्यात्म के पथ पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि विश्व में भारत की संस्कृति और इतिहास श्रेष्ठ है। उन्होंने गीता जयंती महोत्सव में प्रस्तुत किए गए कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।

  • गीता जयंती महोत्सव की तीन दिवसीय गतिविधियों के बारे में करवाया गया अवगत

सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के संयुक्त निदेशक (एनसीआर) आर एस सांगवान ने मुख्यातिथि के स्वागत संबोधन में इस तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता महोत्सव के दौरान करवाई गई गतिविधियों के बारे में बताया ।

  • योग क्रियाओं के माध्यम से बनाए शरीर को निरोग- डॉक्टर भूदेव

इस मौके पर आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक डॉ भूदेव ने अपने विचार रखते हुए अपने शरीर को निरोग रखने के गुर सिखाए। उन्होंने कार्यक्रम में योग क्रियाओं से होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने इस दौरान दृष्टि व अंतर्मन को स्वस्थ रखने को लेकर अपने विचार सांझा किए।

  • नगर शोभा यात्रा को भी हरी झंडी दिखाकर अतिरिक्त उपायुक्त ने किया रवाना

श्री मीणा ने इस अवसर पर शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह शोभायात्रा स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद् हॉल परिसर से शुरू होकर मोर चौंक , अग्रवाल धर्मशाला, गुरूद्वारा रोड़, सोहना चौंक, रेलवे रोड़, सदर बाजार, शिव मूर्ति, न्यू कॉलोनी मोड़, सैक्टर-4/7 चौंक, माता चिन्तपूर्णीं मंदिर, सैक्टर-5 चौंक ,माता रोड़ से होते हुए श्री माता शीतला देवी मंदिर में जाकर संपन्न हुई। इस शोभा यात्रा में विभिन्न धार्मिक संस्थाओं, मंदिरों व जिला प्रशासन की झांकियां प्रदर्शित की गई थी, जिनमें श्रीमद्भागवतगीता और भगवान श्री कृष्ण के विभिन्न आयामों को दर्शाया गया था। पालकी में बड़ी श्रीमद्भगवद्गीता रखी गई थी। इस शोभा यात्रा के रास्ते में काफी लोगों ने पुष्प वर्षा करते हुए स्वागत किया और लोगों को प्रसाद भी वितरित किया गया।

error: Content is protected !!