—उपचुनाव में गठबंधन प्रत्याशी की जीत का अंतर बढ़ाने में जुटे पार्टी कार्यकर्ता
—परम्परागत सीट को देखते हुए कांग्रेस व अन्य दलों का चुनाव लड़ना औचित्यहीन

हिसार। भारतीय जनता पार्टी के सांसद धर्मबीर सिंह ने कांग्रेस व अन्य पार्टियों द्वारा आदमपुर उपचुनाव लड़ने को औचित्यहीन बताया है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर परम्परागत सीट पर उपचुनाव को विपक्षी दल छोड़ देते हैं और तोशाम व किलोई इसके उदाहरण है। साथ ही इन विपक्षी दलों को यह भी समझना चाहिए था कि जब उन्हें कुछ मिलना ही नहीं है तो चुनाव लड़ने का क्या फायदा है।

सांसद धर्मबीर सिंह शनिवार को ​भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के उम्मीदवार हमारे पुराने साथी रहे हैं, उन्हें 67 साल से अधिक की उम्र में यह सोचना चाहिए कि जब वे एक बच्चे से चुनाव हारेंगे तो कैसा लगेगा। अच्छा होता कि वे यहां से अपने बेटे को चुनाव लड़वा लेते। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस जमानत बचाने के लिए संघर्ष कर रही जबकि इनेलो व आम आदमी पार्टी को कोई भविष्य नहीं है। उन्होंने कहा कि आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के अब तक चुनावों पर नजर डाली जाए तो यह हलका कभी परम्परागत रूप से कांग्रेस का नहीं रहा। चौ. भजनलाल परिवार का यहां पर पारिवारिक प्रभाव है और इसी वजह से यह सीट या तो उनके परिवार के हिसाब से या फिर गैर कांग्रेसी रही है। ऐसे में कांग्रेस का तो यह दावा भी नहीं बनता कि यह सीट कांग्रेस की है। उन्होंने कहा कि आदमपुर उपचुनाव में भविष्य बिश्नोई बहुत अच्छे मतों से चुनाव जीत रहे हैं क्योंकि भाजपा का एक—एक कार्यकर्ता भव्य की जीत का अंतम बढ़ाने में जुटा है।

सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि देश व प्रदेश में इस समय भाजपा का डंका बज रहा है और कांग्रेस लगातार टूटती जा रही है। कांग्रेस इस समय भारत जोड़ों यात्रा चला रही है लेकिन सबसे पहली जरूरत कांग्रेस जोड़ों की है। उन्होंने कटाक्ष किया कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मजबूत विपक्ष का होना जरूरी है लेकिन दो योजनाओं से वे देख रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी लोकसभा में मुख्य विपक्षी दल का दर्जा भी हासिल नहीं कर पा रही है। ऐसे में अब कौन कांग्रेस की तरफ जाएगा, कांग्रेस क्या कर पाएगी कोई कुछ नहीं कह सकता। सांसद ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व नीतियों की बदौलत आज पूरा देश भाजपा की तरफ आशाभरी नजरों से देख रहा है और आदमपुर उपचुनाव में भाजपा—जजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई की जीत आगामी आम चुनाव के बाद फिर से भाजपा सरकार बनने की नींव रखेगी।

पत्रकार सम्मेलन में जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र सिंह, महामंत्री प्रवीण पोपली व एडवोकेट धर्मबीर रतेरिया, प्रदेश सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी, जिला मीडिया प्रमुख राजेन्द्र सपड़ा, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण बिश्नोई, पूर्व विधायक वेद नारंग सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।