राहुल गांधी को देश भर में मिल रहे अपार जनसमर्थन से भाजपा पूरी तरह बौखला गई है :

हिसार, 15 सितंबर – कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद श्री राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो यात्रा को देश के हर वर्ग का भरपूर समर्थन मिल रहा है। राहुल गांधी जी को देश भर में मिल रहे अपार जनसमर्थन से भाजपा पूरी तरह से बौखला गई है। भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त देश आज भारत जोड़ो यात्रा के जरिए एकजुट हो रहा है।  यह यात्रा देश के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगी।

हिसार में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि आज हर वर्ग बेरोजगारी, महंगाई से जूझ रहा है, कारोबार चौपट हैं। लोगों की नौकरियां जाए रही हैं। मगर सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। आज अंतरराष्ट्रीय स्तर कच्चे तेल के दाम लगातार कम होते जा रहे हैं, मगर भाजपा सरकार द्वारा देश की जनता को इसका कोई लाभ नहीं दिया जा रहा। लगातार बढ़ रही महंगाई से लोगों की थाली से दाल-रोटी भी गायब होने लगी हैं। केंद्र सरकार की लचर आर्थिक नीतियों की वजह से दूध, अनाज, सब्जियों, मसालों, दाल व फल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। लोगों के रोजगार जा रहे हैं और महंगाई बढ़ रही है। असमानता के हालात पैदा हो रहे हैं, जिससे लोग कम खर्च में अपना गुजारा करने की कोशिश कर रहे हैं। यही हाल रहा तो वे कुछ समय बाद खान-पीने की चीजों के मोहताज होने लगेंगे।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार गिर रहा है। रुपये को इसके न्यूनतम स्तर पर ले जाने का श्रेय केंद्र की मौजूदा सरकार को ही जाता है। खाने-पीने की चीजों को रिकॉर्ड स्तर तक महंगा करने का श्रेय भी भाजपा सरकार को ही जाता है। जिस तरह से जुलाई मे महीने में दूध, दही, लस्सी, अनाज आदि पर जीएसटी थोपा गया था, उसका असर अगस्त महीने को लेकर जारी रिपोर्ट में सामने आ चुका है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि जिस तरह से सपने दिखा कर भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र की सत्ता हासिल की थी, उन्हें पूरा करने के लिए साढ़े आठ साल में अभी तक कोई काम नहीं किया गया। उल्टा इस सरकार ने बेरोजगारी, महंगाई को बेहद उच्च स्तर पर बढ़ा दिया और रुपये को इसके रिकॉर्ड न्यूनतम स्तर पर पहुंचा दिया है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार दोनों की नाकाम और विफल नीतियों के कारण बेरोजगारी के मामले में हरियाणा के हालात सबसे अधिक खराब हैं। यही कारण है कि बीते कई वर्षों से प्रदेश की बेरोजगारी दर देश में सबसे अधिक बनी हुई है। अगस्त माह में हरियाणा की बेरोजगारी दर पूरे देश में सबसे अधिक 37.3 प्रतिशत तक पहुँच गई है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में सरकारी नौकरी की भर्तियों में सरेआम भ्रष्टाचार चल रहा है। भाजपा नेताओं की संपलिप्तता साफ़ साफ़ भर्तियों के घोटालों में सामने आ रही है। सरकार भ्रष्टाचार के आरोपितों को जेल पहुँचाने की बजाय घोटालों को ही दबाने का काम कर रही है। अभी सामने आया है कि रजिस्ट्री घोटालों को दबाने का प्रयास यह सरकार कर रही है। ऐसा कर सरकार घोटालेबाजों के हौंसलों को बढ़ा रही है। इससे सरकार की मंशा भी साफ़ साफ़ उजागर होती है। सरकार की कारगुजारियों का यह एक और प्रमाण है कि प्रदेश में जिंदा बुजुर्गों को कागजों में मृत बताकर उनकी पेंशन काटी जा रही है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि आज हरियाणा प्रदेश में मौजूदा भाजपा-जजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो चुकी है। प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों के लिए लाई गई नई ऑनलाइन ट्रांसफर नीति भी एक ढकोसला है। इस नीति के कारण प्रदेश में कई स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी हो गई है। बच्चे मजबूरीवश धरने पर बैठने को मजबूर हो गए हैं। जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा स्कूलों पर ताले लगाए जा रहे हैं। सरकारी स्कूलों के बच्चों के भविष्य पर इस सरकार के नकारापन के कारण संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लंपी वायरस तेजी से गौवंशों को अपनी चपेट में ले रहा है। मगर सरकार इस बीमारी से निपटने के लिए कोई ठोस प्रबंध नहीं कर रही है।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में अनुसूचित जाति से जुड़ी दो बहनों की रेप के बाद हत्या पर कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के प्रति अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। दो बहनों की हत्या अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश हो या हरियाणा प्रदेश, भाजपा शासित प्रदेशों में महिलाओं के प्रति अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। भाजपा सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और बहन बेटियां डर के साए में जीने को मजबूर हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस के सीनियर प्रवक्ता बजरंग गर्ग, लीगल डिपार्टमेंट के चेयरमैन लाल बहादुर खोवाल, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, एचपीएससी के पूर्व सदस्य जगन्नाथ, डॉक्टर अजय चौधरी, पूर्व सांसद चरण सिंह रोड़ी, पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, बरवाला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी भूपेंद्र गंगवा, हिसार विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रामनिवास राड़ा, उकलाना विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी बाला देवी, अश्वनी शर्मा, हरि भजन प्रभु वाला, शैलेश वर्मा, रणदीप लोचब,पार्षद प्रतिनिधि सुशील शर्मा, गोपीराम, नवनीत गोदारा, कृष्ण सातरोड़, गीता सिहाग, मंगतराम लालवास, लादूराम पुनिया, राजेश अंबरसर आदि नेता भारी संख्या में मौजूद थे।

error: Content is protected !!