– 5.17 लाख जुर्माना तथा 1457 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक किया गया जब्त
– नगर निगम गुरूग्राम एवं हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमें संयुक्त रूप से कर रही हैं कार्रवाई

गुरूग्राम, 22 जुलाई। सरकार द्वारा 1 जुलाई से प्रतिबंधित किए गए सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ गुरूग्राम में चल रही मुहिम के तहत 717 व्यक्तियों का चालान किया गया है। इन पर 5.17 लाख रूपए का जुर्माना करने के साथ ही 1457 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त करने की कार्रवाई की गई है।

नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त मुकेश कुमार आहुजा के अनुसार सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम गुरूग्राम की 7 टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई कर रही हैं। टीमों के साथ हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी भी विभिन्न मार्केट क्षेत्रों में दबिश दे रहे हैं। दोनों विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा अब उल्लंघनकर्ताओं पर कार्रवाई और भी तेज कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम गुरूग्राम द्वारा गठित 7 टीमों में अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें सफाई निरीक्षक दीपक डागर, जितेन्द्र, गौरव, हरीश शर्मा, अमन, बलजीत व भूपेन्द्र अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। इन टीमों द्वारा अब तक जोनवाईज की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए निगमायुक्त ने बताया कि जोन-1 क्षेत्र में 222 चालान, 125 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त करते हुए 1.10 लाख का जुर्माना लगाया गया है। जोन-2 क्षेत्र में 160 चालान, 150 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त तथा 86 हजार 500 रूपए जुर्माना, जोन-3 क्षेत्र में 152 चालान, 547 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त तथा 1.84 लाख रूपए जुर्माना किया गया है। इसके अलावा, जोन-4 क्षेत्र में 183 व्यक्तियों पर 136500 रूपए जुर्माना तथा 635 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक को जब्त करने की कार्रवाई की गई है।

स्कूल व मार्केट क्षेत्रों में चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम : निगमायुक्त ने बताया कि नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले खतरों के बारे में जानकारी देने तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न स्कूलों व मार्केट क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा, जागरूकता वाहन पर ऑडियो संदेश के माध्यम से भी लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा सरकार द्वारा जारी हिदायतो का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जैकमपुरा, सैक्टर-23 मार्केट तथा आर्केडिया मार्केट में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

error: Content is protected !!