निगम के हर विभाग में फैले भ्रष्टाचार से जन सामान्य त्रस्त : गुप्ता
बिना कमीशन के नहीं तैयार होती प्रॉपर्टी आईडी : उमेश अग्रवाल
कंपनियों की अधिकारियों से सांठ-गांठ से सफाई व्यवस्था चौपट : मुकेश कोच

गुरुग्राम, 11 जुलाई – गुरुग्राम नगर निगम के भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार को जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। गुरुग्राम क्लब से इकट्ठे होकर चले प्रदर्शनकारी मोर चौक, अग्रवाल चौक होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। वहां उन्होंने एडीसी विश्राम मीणा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पंकज गुप्ता ने कहा कि निगम के हर विभाग में फैले भ्रष्टाचार की वजह से गुरुग्राम का जन सामान्य पूरी तरह से त्रस्त है। आम आदमी से जुड़ा कोई भी काम बिना रिश्वत नहीं होता है। ज्ञापन में मांग की गई कि निगम के भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच करवा कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

वरिष्ठ आम आदमी पार्टी नेता उमेश अग्रवाल ने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी बनाने में और प्रॉपर्टी टैक्स आकलन की आड़ में व्यापक भ्रष्टाचार फैलाया जा रहा है। बिना कमीशन के कोई भी प्रॉपर्टी आईडी तैयार नहीं की जा रही है। लोगों के अनाप-शनाप प्रॉपर्टी टैक्स के बिल और गलत प्रॉपर्टी आईडी बनाकर इन्हें ठीक करने के नाम पर लोगों से हजारों में पैसा वसूला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हर साल शहर को बरसाती जलभराव मुक्त करने के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जलभराव से कोई राहत नहीं मिली है। बरसाती नालों की सिर्फ कागजों में सफाई कर करोड़ों रुपए का हेरफेर किया जा रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था का भी बुरा हाल है, निजी कंपनी सफाई में कूड़ा उठाने के नाम पर लोगों से मनमाना शुल्क वसूल रही है, लेकिन शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।

आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार डागर कोच ने कहा कि निगम में होने वाले विकास कार्यों में भारी घपला किया जा रहा है। ऐसे बहुत से मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें सड़कों और गलियों को बनाने से पहले ही ठेकेदार को मोटी रकम दे दी जाती है। नगर निगम भ्रष्टाचारियों का अड्डा बन गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों की अनैतिक शैली से आम जनता त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय आम आदमी पार्टी का है।

आने वाले निगम चुनाव में आम जनता इन भ्रष्टाचारियों को उखाड़ फेंकने का काम करेगी। 2024 में प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। दिल्ली सरकार का शिक्षा, विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं का मॉडल प्रदेश में लागू करने का काम किया जाएगा।

इस मौके पर आम आदमी पार्टी के दक्षिणी जोन प्रभारी वीर सिंह सरपंच, जिला पार्षद जिला पार्षद एवं सह संगठन मंत्री धर्मेंद्र खटाना, व्यापार व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल जिंदल, महिला जिला अध्यक्ष मंजू सांखला, संगठन मंत्री समीर मेहला, पटौदी के पूर्व विधायक रामवीर सिंह, आप वरिष्ठ नेता अनुराधा शर्मा, निगम पार्षद नवीन दहिया, पंकज बेनीवाल, पार्षद राजीव यादव सोहना और राजबाला शर्मा सहित कई प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया।

error: Content is protected !!