राज्यपाल ने किया पानीपत का दौरा, बोले…….. केन्द्र और राज्य तैयार कर रहे यहां के विकास की बड़ी योजना

चंडीगढ़, 10 जुलाई – हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि पानीपत स्थित ऐतिहासिक काला आम्ब परिसर को हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार के पुरातत्व विभाग के साथ मिलकर विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। यह एक ऐतिहासिक धरोहर है, जिसे संजोकर रखना हम सब की जिम्मेदारी है।        

राज्यपाल आज काला आम्ब परिसर का दौरा कर रहे थे। उन्होंने काला आम्ब स्थित स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।       

 उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास संघर्षों से भरा हुआ है। काला आम्ब भी एक ऐतिहासिक स्थान है। यहां के लोगों ने हमारे देश की आज़ादी और संस्कृति को बचाने और इसकी रक्षा करने के लिए अपनी कुर्बानियां दी हैं हमें उनको याद रखना चाहिए। इन बातों का पाठ्य पुस्तकों में भी जिक्र होना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी को इनकी जानकारी मिले और ऐसी गुलामी दोबारा न आए।       

 राज्यपाल ने कहा कि हमारे देश की सभ्यता और संस्कृति की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार और पुरातत्व विभाग से मिलकर इस ऐतिहासिक स्थान को विकसित करने की योजना को आगे बढाया जाएगा।       

 पानीपत के प्रसिद्ध इतिहासकार रमेश पुहाल व योद्धा स्मारक समिति के सचिव राजेश गोयल ने राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय को ऐतिहासिक जानकारी उपलब्ध कराई। रमेश पुहाल ने राज्यपाल को पुस्तकें भी भेंट की।       

 इस मौके पर एसपी श्री शशांक कुमार सावन, एडीसी वीना हूड्डा पुरातत्व विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!