भाजपा और उसके नेता तानाशाही पर उतारू हैं

पचकुलां , 6 जुलाई – पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन ने कहा कि सच को दबाना भाजपा की आदत बन गई है। भाजपा लगातार पत्रकारों की आवाज को दबाने के प्रयास कर रही है। भाजपा विधायक द्वारा जींद से पत्रकार अनिल कुमार जी के साथ बदसलूकी और उन्हें मानहानि का नोटिस भिजवाना अत्यंत निंदनीय है। चन्द्रमोहन ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाने की अपील की है।

यहां जारी बयान में भाई चन्द्रमोहन ने कहा कि देश में जो भी व्यक्ति भाजपा सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे एजेंसियों द्वारा प्रताड़ित करवाया जाता है या उसकी आवाज दबाने के लिए अन्य हथकंडे अपनाए जाते हैं। सरकार पूरी तरह से अहंकार में चूर है। भाजपा लगातार लोकतंत्र का घला घोंटने का प्रयास कर रही है। हरियाणा प्रदेश में सरकार की गलत नीतियों के कारण जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। हर तरफ भ्रष्टाचार का आलम है। महंगाई और बेरोजगारी सारे रेकॉर्ड तोड़ चुकी है। सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता कराह रही है। जनता की आवाज उठा रहे पत्रकारों की आवाज को दबाया जा रहा है। यह अत्यंत ही निंदनीय है।

भाई चन्द्रमोहन ने कहा कि भाजपा और उसके नेता तानाशाही पर उतारू हैं। कांग्रेस पार्टी की लड़ाई इसी तानाशाही सोच के खिलाफ है। ऐसी हरकतों से सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार अनिल कुमार को इस मामले में न्याय मिलना चाहिए। इससे पहले भी हरियाणा प्रदेश में पत्रकारों की आवाज को दबाने के कुत्सित प्रयास होते रहे हैं। ऐसी हरकतें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती हैं।