हिसार: 10 मई – चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय की छात्रा रिया मलिक ने बैंगलुरू में आयोजित हुई खेलों इंडिया विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में कराटे में सिल्वर मेडल प्राप्त किया है। हाल ही में यह उनकी दूसरी उपलब्धि है। इससे पहले उन्होंने कुरूक्षेत्र में आयोजित हुई अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में कॉस्य पदक जीता था। उसी आधार पर उन्हे खेलों इंडिया प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिला जहां उन्होंने 61 कि.ग्रा. भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने रिया की इस उपलब्धि की प्रशंसा करते हुए उसे बधाई दी और उसके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

बता दें रिया ने बैंगलुरू में लखनऊ विश्वविद्यालय को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था जहां उन्होंने लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला गुरूनानक देव विश्वविद्यालय के साथ खेला गया था।

ग्रामीण पृष्ठभूमि से रखती है संबंध
छात्रा रिया हिसार के मुजादपुर गांव से संबंध रखती हैं। उनके पिता राजपाल मलिक अपना निजी व्यवसाय करते है जबकि माता कांता देवी एक गृहणी है। रिया की बहन अदिति मलिक भी कराटे की नेशनल खिलाड़ी है। रिया का लक्ष्य इस खेल में नित नए कीर्तिमान बनाने का है। वह पढ़ाई के साथ खेल को भी पूरा समय देती है।

error: Content is protected !!