भूना में वैल्डिंग करते समय आग लगने से फटा LPG सिलेंडर; 
मैकेनिक की दर्दनाक मौत, दूसरा घायल

भारत सारथी

फतेहाबाद । भूना के उकलाना रोड पर स्थित एक दुकान में गैस वैल्डिंग करते समय सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। काम कर रहा मैकेनिक ब्लास्ट के बाद 10 फूट दूर जा गिरा ओर उसके शरीर के चिथड़े उड़ गए। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ब्लास्ट के समय एक व्यक्ति काम से दुकान पर आया था, वह भी घायल हुआ है। दुकान में काम के लिए LPG सिलेंडर का प्रयोग हो रहा था। इसमें आग लगने के बाद ब्लास्ट हुआ। पुलिस छानबीन कर रही है।

10 मिनट में भड़क गई आग
जानकारी के अनुसार भूना के उकलाना रोड पर अजय जांगड़ा की वैल्डिंग आदि की मैकेनिकल वर्कशॉप है। गुरुवार सुबह 10 बजे के करीब सुभाष नाम का व्यक्ति काम के लिए दुकान पर आया था। उसने कृषि यंत्र पर वैल्डिंग करानी थी। इस दौरान अजय जांगड़ा ने सिलेंडर शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि अजय की दुकान पर घरेलू सिलेंडर पड़ा था और उसका ही उपयोग कर रहा था। करीब 10 मिनट के अंदर सिलेंडर में अचानक आग लग गई।

आग पर कंट्रोल पाते वक्त ब्लास्ट
सिलेंडर में आग लगने के बाद पास खड़ा सुभाष कुछ दूरी पर खड़ा हो गया। इस दौरान अजय ने अपनी दुकान पर पड़े अग्निशमन यंत्र की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग कंट्रोल में आने की बजाय ज्यादा भड़क गई। कुछ देर में ही सिलेंडर में एकाएक ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इतना भयंकर था कि अजय जांगड़ा 10 फुट दूर दुकान से बाहर आकर गिरा। अजय के शरीर के चिथड़े तक उड़ गए।

पुलिस जांच में लगी
वहीं पास खड़ा व्यक्ति सुभाष भी ब्लास्ट की चपेट में आ गया। उसे घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद छत पर लगे हुए पंखे व लाइटें भी टूटकर नीचे गिर गई। गनीमत ये रही कि मकान की छत नहीं गिरी। घटना के बाद थाना प्रभारी कपिल कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!