दादरी पहुंचने पर विरोध का भी करना पड़ा सामना

चरखी दादरी जयवीर फोगाट

11 फरवरी – हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला ने शुक्रवार को दादरी लोकनिर्माण विश्रामगृह में 45 करोड़ रूपए की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उनके साथ बाढड़ा की विधायक नैना सिंह चौटाला, उपायुक्त प्रदीप गोदारा, चेयरमैन राजदीप फौगाट, पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत आदि उपस्थित रहे। विश्राम गृह पहुंचने से पहले डिप्टी सीएम को विरोध का भी सामना करना पड़ा।

 उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला का दादरी रेस्ट हाऊस में पहुंचने पर उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने अपने साथी अधिकारियों के साथ स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री ने यहां दादरी से भिवानी की ओर जाने वाले बाईपास रोड़ के पुननिर्माण का शिलान्यास किया। इस पर आठ करोड़ 82 लाख 50 हजार रूपए की राशि खर्च होगी। उन्होंने गांव घसोला से भैरवी तक की सडक़ का शुभारंभ किया। साढ़े छ: किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 6 करोड़ 16 लाख 89 हजार रूपए की लागत आई है। इसके अलावा उन्होंने संतोखपुरा से महराणा, समसपुर से देवी ढाणा, कालियावास रोड़, घसोला से मंदोली, घिकाड़ा-फतेहगढ़ से मध-माधवी तथा दादरी से महेंद्रगढ़ रोड़ का सुधारीकरण आदि सड़कों का शिलान्यास किया। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ये सभी काम समय पर पूरे किए जाए।

जलभराव व पीने के पानी की समस्या को लेकर हुआ विरोध

भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति पार्टी द्वारा पानी की समस्या को लेकर पहले से ही विरोध करने का अल्टीमेटम दे रखा था। उसी के तहत भाकियू पदाधिकारियों ने व्यापार मंडल के लोगों के साथ मिलकर अपनी मांगों को लेकर रोष जताया व उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाकियू लोकशक्ति के प्रदेश अध्यक्ष जगबीर घसौला ने कहा कि उनकी मांगें पूरी नहीं होने के कारण उन्होंने विरोध किया है। उनकी मांगे पूरी नहीं की गई है इसलिए वे विरोध जारी रखेंगे उन्होंने कहा कि इसके लिए वे गांवों के लोगों से मिलकर रणनीति तैयार करेंगे। विरोध कर रहे लोगों को विश्राम गृह तक पहुंचने से रोकने के लिए भारी पुलिसबल मौके पर तैनात रहा।