रोडवेज कर्मचारियों का निजीकरण के खिलाफ एकजुट आन्दोलन का फैसला

हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा बैठक में विभाग की 9 यूनियन शामिल हुई
29 जनवरी को सांझा मोर्चा की हिसार बैठक में होगी आन्दोलन की घोषणा

रोहतक, 20जनवरी ! हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक दिनांक 19 जनवरी 2022 को रोडवेज कर्मचारी यूनियन कार्यालय रोहतक में गत दिवस देर सायं सम्पन्न हुई। विभाग में कार्यरत लगभग 13 यूनियनों में से बैठक में 9 यूनियनों ने भाग लिया। मीटिंग में हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन सम्बन्धित सर्व कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान इन्द्र सिंह बधाना व महासचिव सरबत सिंह पूनिया, रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा रजि०1004 सम्बन्धित हरियाणा कर्मचारी महासंघ के राज्य प्रधान ओमप्रकाश ग्रेवाल व महासचिव जयबीर घणघस, हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन सम्बन्धित इन्टक के राज्य प्रधान विरेन्द्र सिंह सिगरोहा व महासचिव दिनेश हुड्डा, आल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन रजिं 1947 के राज्य प्रधान विनोद शर्मा व महासचिव सुखविंदर सिंह बयाना, हरियाणा रोडवेज मिनीस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन के राज्य प्रधान जयभगवान कादियान, हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान दलबीर किरमारा वह महासचिव आजाद सिंह गिल, हरियाणा रोडवेज जागृति मंच के राज्य महासचिव सुरेंद्र सिंह व राज्य सचिव अजमेर सिंह, रोडवेज SC इम्प्लॉइज संघर्ष समिति के राज्य चेयरमैन बलवंत सिंह व राज्य संयुक्त महासचिव विजय कुमार, हरियाणा रोडवेज चालक संघ के राज्य संगठन सचिव ओमप्रकाश व रोहतक डिपो प्रधान जोगिंदर सिंह ने भाग लिया।

कर्मचारी नेताओं ने संयुक्त ब्यान में बताया सरकार द्वारा ABC श्रेणी में बांट कर प्राइवेट बसों को अंतरराज्यीय रुटों पर 20 प्रतिशत, अंतरजिला 50 प्रतिशत व लोकल रूटों पर 80 प्रतिशत चलाने व विभाग के कर्मचारियों की लम्बे अरसे से लम्बित मांगों पर गम्भीरता व विस्तार से चर्चा की गई। निजीकरण को रुकवाने व मांगों को लागू करवाने के लिए सभी संगठनों में वैचारिक व आपसी मतभेद छोड़ कर लम्बा व निर्णायक आंदोलन करने पर सर्वसम्मति से बैठक में सहमति हुई। मोर्चा नेताओं ने सरकार की फूट डालने की नीति से सजग रहते हुए कर्मचारीयों को एकजुट आंदोलन करने का आह्वान किया। बैठक में विभाग की जो 3-4 यूनियनें शामिल नहीं हुईं उन्हें भी शामिल करने के प्रयास व मोर्चे के विस्तार के लिए “हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा” की आगामी बैठक 29 जनवरी को सुबह 11बजे हिसार में बुलाई है। इस बैठक में निजीकरण के खिलाफ व मांगों को लेकर आंदोलन की घोषणा की जाएगी। बैठक में 23-24 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल की सफलता की रणनीति तय की जाएगी।