एचयूजे अध्यक्ष संजय राठी ‘चौ० छोटूराम स्मृति अवार्ड से सम्मानित

रोहतक, 10 जनवरी। हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रदेशाध्यक्ष संजय राठी को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए ‘चौधरी छोटूराम स्मृति अवार्ड से शहीद राजा नाहर सिंह के पत्रपौत्र व किसान नेता अजीत सिंह तेवतिया ने सम्मानित किया। उक्त कार्यक्रम किसान मसीहा दीनबन्धु चौ० छोटूराम के 77वें निर्वाण दिवस एवं क्रान्तिकारी अमर शहीद राजा नाहर सिंह बलिदान दिवस के उपलक्ष में रोहतक के जाट भवन मेें भारत वर्षीय इतिहास व साहित्य शोध पीठ तथा वैदिक सभा हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ के खाप प्रतिनिधियों व अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

उक्त जानकारी देते हुए हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रवक्ता डॉ. प्रदीप ने बताया कि संजय राठी पिछले तीन दशक से समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। इस दौरान उन्होंने अनेक सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के साथ-साथ युवाओं में जागृति के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। इसके साथ ही मूल्यनिष्ठ पत्रकारिता के लिए भी उन्होंने पूरे देश में सराहनीय योगदान दिया है।

डॉ. प्रदीप ने बताया कि संजय राठी को अतुलनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय व अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर अनेक प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा सौ से अधिक बार सम्मानित किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पत्रकार संजय राठी फिलहाल हिन्दी के राष्ट्रीय ‘ए.पी.एन. न्यूज चैनल में बतौर स्थानीय संपादक कार्यरत हैं।

You May Have Missed