वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

कुरुक्षेत्र, 1 नवम्बर :- देश के अन्य हिस्सों की भांति धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में भी दीपावली के त्यौहार के साथ ही पूर्वांचल के लोगों ने छठ पर्व की तैयारियां शुरू कर दी हैं। करीब दो दशक से कुरुक्षेत्र में रह रहे भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के प्रदेश मीडिया एवं जिला करनाल प्रभारी व नगर की पूर्वांचल समाज की संस्था के सुनील राय ने बताया कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में बीते वर्षों में कुरुक्षेत्र में छठ पूजा का महत्व बढ़ा है तथा हजारों की संख्या में पूर्वांचल के लोग पवित्र ब्रह्मसरोवर पर पूजा करने पहुंचते हैं।

उन्होंने बताया कि पूर्वांचल संस्थाओं के साथ जिला प्रशासन का भी छठ पूजा को लेकर सहयोग रहेगा। राय ने बताया कि छठ पर्व पर पूजा अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होता है। उन्होंने बताया कुरुक्षेत्र तथा आसपास के क्षेत्रों में पूर्वांचल के हजारों परिवार रहते हैं। यहां रहने वाला समाज का हर वर्ग के साथ मिलकर छठ पर्व मनाता है। उन्होंने बताया 10 नवम्बर को छठ पर्व की प्रमुख पूजा होगी।