यदि ये कृषि कानून पूरी तरह से लागू हो गए तो खेती पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगी
तीनों कृषि कानूनों के लिए भाजपा और कांग्रेस बराबर के दोषी

सिरसा, 22 अक्टूबर: इनेलो के प्रधान महासचिव व ऐलनाबाद उपचुनाव में इनेलो प्रत्याशी अभय सिंह चौटाला ने शुक्रवार को अपने जनसंपर्क अभियान के तहत गांव मल्लेकां, कुत्ताबढ़, केसुपुरा, कोटली, ढाणी संता सिंह, रत्ताखेड़ा, हिमांयुखेड़ा, शेखूखेड़ा, कृपालपट्टी, मौजूखेड़ा, नायकों वाली ढाणी व शहर में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर अपने समर्थन में वोटों की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के बिजली मंत्री रणजीत सिंह आज भाजपा जजपा उम्मीदवार गोविंद कांडा के समर्थन में वोटों की अपील कर रहे हैं, मगर वक्त आने पर रानियां विधानसभा क्षेत्र के मतदाता उनसे यह जरूर पूछेंगे कि आज आप उन्हीं लोगों के समर्थन में वोट कैसे मांग रहे हैं जिनके खिलाफ आपने चुनाव लड़ा था? अभय सिंह चौटाला ने स्थानीय प्रशासन पर भेदभाव के आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा जजपा उम्मीदवार गोविंद कांडा को सुरक्षाबलों की भारी भरकम फौज उपलब्ध करवाकर आमजन में खौफ का माहौल पैदा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कागदाना सहित क्षेत्र के तमाम गांवों के मतदाता उनके अपने हैं और मतदान के दिन भाजपा कांग्रेस के उम्मीदवार को सबक सिखाएंगे।

उन्होंने तीनों कृषि कानूनों के लिए भाजपा कांग्रेस को बराबर का दोषी बताते हुए कहा कि कांग्रेस के कारण ही भाजपा ने इन कानूनों को लागू किया और इसलिए आज लाखों किसानों को आंदोलन के लिए सडक़ों पर बैठने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि ये कृषि कानून पूरी तरह से लागू हो गए तो खेती पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगी और स्वयं किसान अपने ही खेतों में मजदूर बनकर रह जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों से देश प्रदेश पूरी तरह से बर्बाद हो गया है और भाजपा विकास के झूठे दावे प्रस्तुत कर लोगों को गुमराह करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि ऐलनाबाद उपचुनाव में इनेलो रिकॉर्ड मतों से विजयी होगी। इस मौके पर उनके साथ इनेलो जिला अध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, पूर्व मंत्री रामपाल माजरा, पंजाब के पूर्व मंत्री हंसराज जोसन, जसवीर सिंह जस्सा, विनोद दड़बी और जरनैल सिंह चांदी उपस्थित थे ।

error: Content is protected !!